खूंटी के विधायक नीलकंठ मुंडा के मार्गदर्शन में जशपुर जिले की तीनोविधानसभा सीटों पर भाजपा की वापसी तय है – गणेश राम भगत

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, जशपुर

जशपुरनगर : विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की चुनावी तैयारी और प्रचार की कमान झारखंड के खूंटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीलकंठ मुंडा सम्हालेंगे। पार्टी के उच्च नेतृत्व ने विधायक मुंडा को विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। शनिवार को नीलकंठ मुंडा जशपुर पहुंचे और जिला भाजपा कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस बैठक में पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, पूर्व मंत्री गणेश राम भगत, जिला पंचायत जशपुर की अध्यक्ष रायमुनि भगत, भाजपा जशपुर जिलाध्यक्ष, महामंत्री द्वय भरत सिंह एवं मुकेश शर्मा सम्मिलित थे।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री गणेश राम भगत ने कहा कि खूंटी के विधायक नीलकंठ मुंडा के मार्गदर्शन में जशपुर जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा की वापसी तय है। उन्होनें बताया कि विधायक मुंडा ने खूंटी विधानसभा क्षेत्र से पांच बार चुनाव जीता है। चुनावी रणनीति बनाने में कुशलता और अनुभव चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएगी। उन्होनें कहा कि जशपुर जिले के भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता, एकजुट हो कर कांग्रेस की अत्याचारी और भ्रष्ट सरकार को छत्तीसगढ़ से बाहर करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

जिला भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के उच्च पदाधिकारियों ने बूथ सशक्तीकरण के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया। इसके लिए प्रभारियों की नियुक्ती कर दी गई है। उन्होनें बताया कि 2 अक्टूबर तक बूथ और मंडलों का सत्यापन करना है। इसमें इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखना है कि बूथ, मंडल और शक्ति केन्द्र के प्रभारी और अध्यक्ष सक्रियता से काम कर रहें हैं या नहीं ?

खूंटी के विधायक नीलकंठ मुंडा ने कहा कि जशपुर जिला भाजपा का सबसे मजबूत गढ़ रहा है। जशपुर की चर्चा भाजपा के राष्ट्रीय संगठन की बैठकों में होती है तो इसका श्रेय यहां के कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होनें कहा कि इससे पहले वर्ष 2003 के विधानसभा चुनाव में भी उन्हें जशपुर आने का अवसर मिला था। उस समय दिलीप सिंह जूदेव की अगुवाई में जिस तरह अजित जोगी के नेतृत्व वाली कांग्रेसी सरकार को हम सबने उखाड़ कर फेंक दिया था, उस करिश्मा को इस चुनाव में फिर से दोहराना है। उन्होनें कहा कि खूंटी भगवान बिरसा मुंडा की भूमि है। खूंटी को आंदोलन की भूमि कहा जाता है। भ्रष्ट और आततायी तंत्र के खिलाफ खूंटी से आवाज उठती है, तो उसका नाश होना अवश्य संभावी हो जाता है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जो बूथ जीतो, चुनाव जीतो का जो मंत्र दिया है, उसे हम सबने साध लिया तो विधानसभा और लोकसभा का चुनाव जीतना सरल हो जाएगा, आवश्यक है कार्यकर्ताओं का एकजुट रहना।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, पूर्व मंत्री गणेश राम भगत, पूर्व विधायक राजशरण भगत, पूर्व विधायक रोहित साय, जिलाध्यक्ष भाजपा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेश नंदे,  जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनि भगत, जिला महामंत्री द्वय भरत सिंह, मुकेश शर्मा, विधानसभा प्रभारी रमन अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष शंकर गुप्ता, ठाकुर पुरषोत्तम सिंह, केशव यादव, आनंद शर्मा, रूपेश सोनी, शरद चौरसिया, सुनीति भोई, डीडीसी सालिक साय, शांति भगत, रीना बरला, गेंदबिहारी सिंह, अनिता सिंह, रजनी प्रधान, शारदा प्रधान, संतोष सिंह, संजीव ओझा, असलम आजाद, मुनेश्वर सिंह केसर, श्याम लाल भगत, मनोज भगत, हकरीशंकर यादव, सतीश मिंज, कृपा शंकर भगत, विनोद निकुंज, सरस्वती भगत, मनीजर राम सहित सभी मंडल के अध्यक्ष, भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

You missed

error: Content is protected !!