समदर्शी न्यूज़ – रायगढ़ : जिले में लोकसभा चुनाव ड्यूटी के लिए आये 11 केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की कंपनियों के अफसरों के साथ आज पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री दिव्यांग कुमार पटेल द्वारा सेंट्रल फोर्स के अफ़सरों को जिले की भौगोलिक स्थिति, मतदान केन्द्रों, ऑब्जर्वर, निर्वाचन अधिकारियों की विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने पैरामिलिट्री फोर्स के रूकने के स्थान, रूट प्लान, पोलिंग डे ड्यूटी और अन्य महत्वपूर्ण ड्यूटी को लेकर अफसरों से चर्चा की और प्रशासन व पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सामान्य और संवेदनशील श्रेणी के मतदान केंद्र पर अर्धसैनिक बल और स्थानीय पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है। अधिकतर बूथों को सीसीटीवी लैस किया गया है। प्रशासन और पुलिस सभी विभागों के साथ कार्डिनेशन बनाकर कार्य कर रही है। पुलिस अधीक्षक द्वारा चुनाव ड्यूटी में अर्धसैनिक बलों को किसी भी प्रकार की समस्या ना हो इसके लिए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के मोबाईल नंबर साझा किये गये।

पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री दिव्यांग कुमार पटेल

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में संपन्न हुए पूर्ववर्ती चुनावों में कोई बड़ी चुनावी घटना या कानून व्यवस्था की स्थिति नहीं देखी गई है। जिले के मतदाता प्रशासन और सुरक्षा बलों का सहयोग करते हैं। उन्होंने सुरक्षा बलों को चुनाव में निष्पक्ष होकर अपने कर्तव्यों को संपादित करने कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने धरमजयगढ़ और लैलूंगा विधानसभा के कुछ क्षेत्रों में हाथियों का विचरण होने की जानकारी दी और बताया कि जब तक हाथियों को ना छेड़ें वे नुकसान नहीं पहुंचाते हैं। हाथियों को ना छेड़ें वन विभाग के कर्मचारी, हाथी रक्षा दल, पुलिस के जवान उन्हें नियंत्रित कर दूर करेंगे। उन्होंने फोर्स के अधिकारियों को उनके जवानों के ठहरने और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस नोडल अधिकारी डीएसपी अखिलेश कौशिक से सीधे संपर्क करने कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाये रखने में चुनाव के दौरान सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, सभी अपनी जिम्मेदारियों को समझें और चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों का पूर्णत: पालन करें। जिले में भय-मुक्त वातावरण में पूरी पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने जिला प्रशासन व जिला पुलिस बल प्रतिबद्ध है। बैठक में हेड क्वार्टर डीएसपी अखिलेश कौशिक, डीएसपी ट्राफिक रमेश चन्द्रा, आरआई अमित सिंह, निरीक्षक सीताराम ध्रुव, निरीक्षक प्रशांत राव आहेर एवं 11 केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के अधिकारी व जवान उपस्थित रहे ।

You missed

error: Content is protected !!