अपने प्रिय नेता को अन्तिम विदाई देने पहुंच रहे जशपुर विजय विहार पैलेस

सागर जोशी
समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो

जशपुर .स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के सबसे छोटे पुत्र एवं भाजपा के पूर्व विधायक दिवंगत युद्धवीर सिंह को नम आंखों से विदाई देने की दुःखद बेला में पूरा जशपुर अंचल शोक मग्न है। अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने जिले के समस्त नगरों, कस्बों एवं ग्रामों में समस्त व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे गए हैं। जिले के जशपुर मुख्यालय सहित कुनकुरी, चराईडांड, पतराटोली, कांसाबेल, आदि नगर व कस्बे पूरी तरह बंद हैं।

जशपुर बाजार बंद

उनकी लोकप्रियता एवं स्वीकार्यता का प्रमाण है कि उनके असामयिक निधन से शोकाकुल समाज के सभी वर्गों एवं समुदाय के लोग अपनी सम्वेदनाएँ प्रगट करने के साथ श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच एवं उनके अधिकारों के लिए दबंगता से लड़ने की कार्य शैली ने युद्धवीर को प्रसिद्धि के शिखर तक पहुंचाया।

कुनकुरी बाजार बंद

भाजपा के पूर्व विधायक स्वर्गीय युद्धवीर सिंह जूदेव का आज अंतिम संस्कार बांकी नदी स्थित मुक्ति धाम में होगा। सुबह 11 बजे विजय बिहार पैलेस से उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। कलेक्टर महादेव कावरे ने बताया कि दिवंगत युद्धवीर सिंह जूदेव का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शासन से ऐसे ही निर्देश जारी हुए है और जशपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में इसकी पूरी व्यवस्था की जा रही है।

अपनी दबंग राजनेता की छवि के कारण अपनी पार्टी के साथ अन्य राजनैतिक दलों में भी युद्धवीर काफी लोकप्रिय रहे हैं। स्वर्गीय युद्धवीर सिंह जूदेव छग शासन में संसदीय सचिव रहे है। चंद्रपुर से 2 बार विधायक होने के साथ साथ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष भी रहे हैं। विजय विहार पैलेस से उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।

error: Content is protected !!