0 हवा में उड़ने वाले हवा में उड़ जाएंगे

0 भाजपा का आवासीय अभ्यास वर्ग सम्पन्न

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के तीन दिवसीय आवासीय अभ्यास वर्ग के समापन सत्र में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि हम भाजपा कार्यकर्ताओं को गर्व है कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया और विकसित तरीके से बसाया। हमें दुख है कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को उजाड़ने का काम किया। पौने चार साल में छत्तीसगढ़ उसी स्थिति में पहुंच गया, जहां से हमने विकास यात्रा शुरू की थी। हवा हवाई वादे करके जनता को भ्रमित कर सरकार में आने वालों के पाप का घड़ा भर गया है। यह अगले चुनाव में फूट जायेगा। हवा में उड़ने वाले हवा में उड़ जाएंगे। यह  कर दिखाने की जिम्मेदारी हम कार्यकर्ताओं की है कि हम जनता को छलने वालों को सत्ता के बाहर फेंक दें। जनता हमारे साथ है। वह भ्रष्ट और निकम्मी सरकार से छत्तीसगढ़ को मुक्त करने तैयार है। जनता के आशीर्वाद से हम सब भाजपा कार्यकर्ता आगे बढ़ेंगे और जनविरोधी, विकास विरोधी घपले घोटाले की कमीशन सरकार को फूंक मारकर उड़ा देंगे।

नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि अटलजी  यह जानते थे कि छत्तीसगढ़ बनने पर तत्कालीन संख्याबल के आधार पर कांग्रेस को सत्ता मिलेगी, इसके बावजूद उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। तीन साल में कांग्रेस की सरकार ने भ्रष्टाचार और उत्पीड़न के अलावा कुछ नहीं किया। राज्य के पहले चुनाव में जनता ने भाजपा को आशीर्वाद दिया और 15 साल में भाजपा ने उस छत्तीसगढ़ की रचना की, जिसका सपना हमारे पुरखों ने देखा था। 2000 से 2003 के बीच कांग्रेस की सरकार ने 8000 करोड़ का कर्ज लेकर एक भी काम नहीं किया। भाजपा की सरकार ने 15 साल में 33 हजार करोड़ का कर्ज लेकर राज्य का विकास किया। 124  प्रतिशत की दर से परिसंपत्तियां बनाई लेकिन मौजूदा सरकार ने 3 साल में 51 हजार करोड़ का कर्ज छत्तीसगढ़ की जनता पर लाद दिया और परिसंपत्ति पर सिर्फ 44 फीसदी खर्च किया। कर्ज लेने का प्रयोजन परिसंपत्ति निर्माण होता है लेकिन यह सरकार छत्तीसगढ़ को कर्ज के दलदल में फंसाने के बावजूद केवल घपले घोटाले और भ्रम फैलाने में लगी हुई है। इस सरकार को केंद्र की मोदी सरकार ने 51 हजार करोड़ रुपए राज्य में धान खरीदी के लिए दिया है जबकि राज्य सरकार ने सिर्फ 11000 करोड़ खर्च किया है इसके बावजूद ऐसा प्रचारित करते हैं कि सारा धान यही खरीद रहे हैं। गोमूत्र खरीदी योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गौठान का पता नहीं है और गोमूत्र खरीदी के नाम पर ढिंढोरा पीट रहे हैं।  दो रुपये में गोबर खरीद कर 10  रुपये में उन्हीं किसानों को बेचा जा रहा है। बर्मी कंपोस्ट खाद के नाम पर किसानों को लूटा जा रहा है। जिस गोबर खरीदी का गाना गाया जाता है उसमें गोबर संग्रह करने वालों को रोजाना औसतन 5 रुपये मिल रहा है। रासायनिक खाद की गारंटी होती है जबकि यह जो खाद किसानों को जबरिया पकड़ा रहे हैं, उसकी जांच का कोई पैमाना ही नहीं है। इसी तरह गोमूत्र खरीदी का जो हल्ला मचाया जा रहा है, उसकी जांच के लिए किसी लैब की कोई व्यवस्था नहीं है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जनता को केवल बरगलाने का काम कर रहे हैं और झूठा यश पाने के लिए वे योजना से ज्यादा पैसा तो विज्ञापनों में उड़ा रहे हैं।

बृजमोहन ने दी हर घर तिरंगा अभियान की जानकारी

प्रदेश भाजपा द्वारा आयोजित आवासीय अभ्यास वर्ग के समापन सत्र के दौरान वरिष्ठ नेता तथा पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने हर घर तिरंगा अभियान के बारे में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विस्तार से जानकारी दी। अभियान के संयोजक बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब राष्ट्रीय ध्वज फहराए आने के नियम बदल गए हैं। सभी नए नियमों के तहत झंडा फहराएं, तिरंगा यात्रा निकालें तथा इसके लिए लोगों को प्रेरित करें।

प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र में पूर्व मंत्री तथा वरिष्ठ नेता अजय चंद्राकर ने भी संबोधित किया। समापन सत्र में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सांसद सुनील सोनी, संतोष पांडे,चुनीलाल साहू, महामंत्री नारायण चंदेल ,भूपेंद्र सवन्नी, किरण देव, नंदकुमार साय,  विक्रम उसेंडी , गौरीशंकर अग्रवाल, सुभाष राव, भाजपा प्रवकता राजेश मुनत,केदार कश्यप, संजय श्रीवास्तव, अनुराग सिंहदेव, नीलू शर्मा,ननकी राम कवर,  शिवरतन शर्मा,  राष्ट्रीय सह प्रभारी प्रशिक्षण अवधेश जैन प्रदेश पदाधिकारी, छगन मुंद्रा व राज्य के वरिष्ठ कार्यसमिति नेतागण भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सत्र के अंत मे रायपुर जिला कार्यकर्ताओ व पधिकारियों का  सभा ने ताली बजाकर अभिवादन किया।

You missed

error: Content is protected !!