बस स्टैंड परिसर को सुव्यवस्थित करने हेतु अधीनस्थों को दिए निर्देश

मनीष केसरी,समदर्शी न्यूज-गुमला

गुमला : शुक्रवार देर शाम उपायुक्त श्री सुशांत गौरव शहर के औचक भ्रमण पर निकले। सर्वप्रथम उन्होंने जशपुर रोड स्थित वेंडिंग जोन के पास जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किए। कंबल वितरण के समय नगर परिषद के अध्यक्ष श्री दीप नारायण उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, भूमि सुधार उप समाहर्ता, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, वार्ड पार्षद आदि भी उपस्थित थे।

तदुपरांत उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी संजय कुमार से शहर के आश्रय गृहों के बारे में जानकारी प्राप्त कर अविलंब एक आश्रय गृह सह रैन-बसेरा शहर के बीचों बीच आरंभ करने को कहा। उन्होंने पूर्व से बंद पड़े एक भवन का निरीक्षण कर वहीं पर रेन-बसेरा आरंभ करने का निर्देश दिया।

पहुंचे बस स्टैंड

रैन-बसेरा के लिए भवन देखने के उपरांत उपायुक्त अपने अधीनस्थों के दल-बल के साथ बस स्टैंड पहुंचे। बस स्टैंड में अतिक्रमण एवं अस्त व्यस्तता को देखकर उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी को संयुक्त रूप से वृहत रूप से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने का निर्देश दिया। बस स्टैंड परिसर में निर्माणाधीन यात्री निवास की गुणवत्ता का भी उन्होंने प्रथम दृष्टया अवलोकन किया। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि गुणवत्ता जांच के उपरांत ही एजेंसी को भुगतान किया जाए।

शुरू करवाए अलाव

बढ़ती ठंड को देखते नगर परिषद द्वारा शहर के मुख्य चौक चौराहों पर अलाव शुरू किये गये। इसकी शुरुआत पटेल चौक पर उपायुक्त एवं नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा संयुक्त रूप से अलाव जलाकर की गई। इस दौरान जिले के पदाधिकारीगण एवं नगर परिषद के कर्मचारीगण उपस्थित थे।

You missed

error: Content is protected !!