Author: Vishnu Joshi (SAMDARSHI NEWS)

  • परशुराम जयंती पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन : रायगढ़ में ऐतिहासिक शोभायात्रा की तैयारी, पुलिस ने संभाली कमान, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम.

    परशुराम जयंती पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन : रायगढ़ में ऐतिहासिक शोभायात्रा की तैयारी, पुलिस ने संभाली कमान, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम.

    रायगढ़. 28 अप्रैल 2025 : रायगढ़ में 30 अप्रैल 2025 को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर भगवान परशुराम जी की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश मरकाम की अध्यक्षता में ब्राह्मण समाज के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित हुई, जिसमें शोभायात्रा मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया। अक्षय तृतीया के अवसर पर 30 अप्रैल 2025 को ब्राह्मण सेवा समिति द्वारा भगवान परशुराम जी की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने को लेकर आज पुलिस कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश मरकाम की अध्यक्षता में ब्राह्मण समाज के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

    बैठक में श्री रामचंद्र शर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा तथा शोभायात्रा के रूट की जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा परशुराम मंदिर से प्रारंभ होकर हंडी चौक, हटरी चौक, गद्दी चौक, कोस्टा पारा, मंदिर चौक, सिल्वर पैलेस, रामनिवास टाकीज, गांधी चौक, स्टेशन चौक, नटवर स्कूल, सतीगुड़ी चौक से होते हुए पुनः परशुराम मंदिर में समापन होगी। शोभायात्रा के पश्चात भक्तजनों के लिए महाप्रसाद का वितरण भी किया जाएगा।

  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की नक्सल उन्मूलन अभियान की समीक्षा : कहा – नक्सल उन्मूलन केवल एक अभियान नहीं, बल्कि बस्तर और छत्तीसगढ़ के भविष्य को सुरक्षित करने का मिशन

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की नक्सल उन्मूलन अभियान की समीक्षा : कहा – नक्सल उन्मूलन केवल एक अभियान नहीं, बल्कि बस्तर और छत्तीसगढ़ के भविष्य को सुरक्षित करने का मिशन

    रायपुर 28 अप्रैल 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय स्थित अपने कार्यालय में छत्तीसगढ में  नक्सल उन्मूलन अभियान  की समीक्षा की। बैठक में गृह मंत्री श्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव गृह श्री मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री अरुण देव गौतम, विशेष डीजी नक्सल ऑपरेशंस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक का मुख्य फोकस प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा स्थिति और नक्सल उन्मूलन अभियानों की प्रगति रहा।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने बैठक में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में प्रदेश को नक्सलमुक्त बनाने के संकल्प के साथ दृढ़ता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मार्च 2026 तक नक्सलवाद का समूल उन्मूलन करना हमारा लक्ष्य है और इस दिशा में हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

    मुख्यमंत्री ने सुरक्षा बलों के अधिकारियों और जवानों के अदम्य साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उनकी बहादुरी के कारण आज प्रदेश के कई क्षेत्र नक्सल प्रभाव से मुक्त हो चुके हैं। उन्होंने सुरक्षा बलों के मनोबल को और ऊंचा बनाए रखने के लिए उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अंतिम सफलता अब बहुत निकट है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने विशेष रूप से यह निर्देश दिया कि नक्सल विरोधी अभियानों में आपसी समन्वय और सूचना संकलन तंत्र को मजबूत किया करते हुए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नक्सल उन्मूलन केवल एक अभियान नहीं, बल्कि बस्तर और छत्तीसगढ़ के भविष्य को सुरक्षित करने का मिशन है, जिसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जैसे जिलों में सुरक्षा और विकास दोनों को साथ लेकर चलना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय समुदायों का विश्वास जीतने के लिए संवाद बढ़ाया जाए और क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज गति से पूरा किया जाए।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जनता को यह महसूस होना चाहिए कि सरकार उनके लिए समर्पित है और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना चाहती है।

    बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब निर्णायक मोड़ पर है। उन्होंने सभी अधिकारियों से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा, सजगता और प्रतिबद्धता के साथ इस ऐतिहासिक लक्ष्य को प्राप्त करने में अपनी भूमिका निभाएँ। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त और विकासोन्मुख प्रदेश के रूप में पूरे देश में एक नई पहचान मिलेगी।

    मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी सुरक्षा बल, प्रशासनिक अमला और प्रदेशवासी एकजुट होकर इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना करेंगे और  ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के सपने को साकार करेंगे।

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की : कहा-पंचायतों को सशक्त बनाकर अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाना सर्वोच्च प्राथमिकता

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की : कहा-पंचायतों को सशक्त बनाकर अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाना सर्वोच्च प्राथमिकता

    रायपुर 28 अप्रैल 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाकर राज्य के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पंचायतें हमारी विकास यात्रा की पहली कड़ी हैं, और ग्रामीण विकास के लिए संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रत्येक गरीब परिवार को पक्का आवास देने का जो संकल्प लिया गया है, उससे जुड़े सभी कार्य समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत “मोर दुआर-साय सरकार” अभियान के अंतर्गत चल रहे सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा करते हुए 20 लाख से अधिक परिवारों के सर्वेक्षण पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

    श्री साय ने पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के लिए स्वीकृत आवासों के समय पर निर्माण और सतत समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, पीएम आवास से संबंधित कार्यों की रियल टाइम ट्रैकिंग पर विशेष जोर देते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने मनरेगा के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक रोजगार सृजन और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर बल दिया।

    उन्होंने पंचायती राज दिवस पर आरंभ “मोर गांव मोर पानी” महाअभियान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने और उसमें भू-जल पुनर्भरण एवं जलग्रहण विकास के लिए GIS तकनीक के समावेश के निर्देश दिए।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने 15वें वित्त आयोग, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज योजना, महतारी सदन, जिला एवं जनपद पंचायत विकास निधि, मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना तथा स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की।

    उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायती राज प्रतिनिधियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को पंचायती राज दिवस पर सम्मानित करने की योजना पर भी चर्चा की।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने विभाग की आगामी कार्ययोजना में प्रौद्योगिकी निगरानी प्रणाली, संसाधन प्रबंधन, योजना समन्वय, तेज निर्माण और त्वरित लक्ष्य पूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर अधिकारियों से विचार-विमर्श किया

    नियद नेल्लानार योजना से ग्रामीणों को मिला नया संबल

    पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक ने जानकारी दी कि नियद नेल्लानार योजना के तहत ग्राम पंचायतों में मनरेगा के अंतर्गत 6,324 नए जॉब कार्ड बनाए गए हैं। बस्तर संभाग की 4 ग्राम पंचायतों के 8 गांवों में पहली बार योजना के अंतर्गत कार्य प्रारंभ हुए हैं।

    साथ ही 913 जॉब कार्डधारी परिवारों के 3,134 सदस्यों को पहली बार मनरेगा में रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री श्री साय ने  स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के माध्यम से नियद नेल्लानार योजना में शामिल गांवों के युवाओं के लिए प्राथमिकता से भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने पर अपनी खुशी जाहिर की और इसे निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।

    प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों की समीक्षा

    मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत राज्य में बन रही और प्रस्तावित सड़कों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों को मुख्य सड़कों से जोड़ने में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की महत्वपूर्ण भूमिका है।

    मुख्यमंत्री ने इन सड़कों के निर्माण, मरम्मत और रखरखाव कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत सड़कों के कार्यों को भी तय समय में पूर्ण करने पर बल दिया। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 42 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत आती हैं।

    महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही ‘लखपति दीदी’ की पहल

    पंचायत विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यों की भी समीक्षा की।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के संकल्प के अनुरूप ‘लखपति दीदी’ पहल के तहत ग्रामीण परिवारों की महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। मिशन के अंतर्गत प्रत्येक परिवार की एक महिला सदस्य को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर लाभकारी आजीविका गतिविधियों से जोड़ा गया है।

    कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी एवं विभिन्न नवाचारों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को राज्य स्तरीय मेलों और ऑनलाइन प्लेटफार्मों पर विपणन हेतु उपलब्धता प्रदान कर उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित की जा रही है।

    स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के कार्यों की समीक्षा

    मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की।उन्होंने ठोस तरल अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के निपटान, और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता पर चल रहे अभियानों की जानकारी ली।

    उन्होंने ओडीएफ प्लस के तहत खुले में शौच से मुक्त हुए गांवों की प्रगति की समीक्षा की और इज ऑफ लिविंग एंड रिफॉर्म्स के मुद्दों पर भी अधिकारियों से विमर्श किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्वच्छता से जुड़ी नवाचार गतिविधियों की जानकारी ली और अन्य राज्यों में लागू बेस्ट प्रैक्टिसेस का अध्ययन कर छत्तीसगढ़ में भी उसे लागू करने की बात कही।

    बैठक में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी. दयानंद, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत, सचिव पंचायत श्री भीम सिंह, विशेष सचिव पंचायत श्री धर्मेश साहू, आयुक्त मनरेगा श्री तारन प्रकाश सिन्हा तथा सुश्री जयश्री जैन सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

  • जशपुर : शासकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर अनुपस्थित कर्मचारियों पर की जा रही है कार्यवाही

    जशपुर : शासकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर अनुपस्थित कर्मचारियों पर की जा रही है कार्यवाही

    निरीक्षण के दौरान आज अनुपस्थित 44 कर्मचारियों को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस

    सभी विकासखण्डों के विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का किया गया निरीक्षण

    जशपुर, 28 अप्रैल 2025/ कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर शासकीय कार्यालयों को सुव्यस्थित और समयबद्ध कार्यप्रणाली विकसित कर लोगों के बेहतर सुविधाएं प्रदान करने कार्यालयों में औचक निरीक्षण किया जा रहा है।  जिसके तहत सोमवार को बीईओ कार्यालय  दुलदुला, कुनकुरी, बगीचा, जशपुर, मनोरा, पत्थलगांव का औचक निरीक्षण किया गया। जिसमें 44 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इन सभी कर्मचारियों को कलेक्टर के निर्देशानुसार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। असंतोषजनक जवाब पाए जाने पर कर्मचारियों पर एक दिन का अवैतनिक करने की कार्रवाई की जाएगी।

    आज विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बगीचा में एसडीएम ऋतुराज सिंह बिसेन द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। जहां 06 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय जशपुर में एसडीएम ओंकार यादव द्वारा निरीक्षण किया गया। जहां कुल 22 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।

    तहसीलदार प्रमोद कुमार पटेल ने कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुनकुरी में औचक निरीक्षण किया। जिसमें से 06 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। नायब तहसीलदार दुलदुला राहुल कौशिक द्वारा विकासखंड शिक्षा अधिकारी दुलदुला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में 10 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।

  • 41 बाहरी व्यक्तियों पर एक साथ बड़ी कार्रवाई : बिना थाने में जानकारी दिए रहना पड़ा महंगा, अवैध प्रवास का पर्दाफाश, रायगढ़ पुलिस ने 41 लोगों पर कसा शिकंजा.

    41 बाहरी व्यक्तियों पर एक साथ बड़ी कार्रवाई : बिना थाने में जानकारी दिए रहना पड़ा महंगा, अवैध प्रवास का पर्दाफाश, रायगढ़ पुलिस ने 41 लोगों पर कसा शिकंजा.

    रायगढ़. 28 अप्रैल 2025 : रायगढ़ पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के नेतृत्व में जिले भर में बाहरी व्यक्तियों पर निगरानी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आज 41 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। बिना थाने में सूचना दिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में रहने वाले इन बाहरी व्यक्तियों को चिन्हित कर धारा 128 बीएनएसएस के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देशन में जिले भर में बाहरी राज्यों से आकर बिना सूचना दिये रह रहे व्यक्तियों की सघन जांच अभियान जारी है। इसी क्रम में आज भी विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया, जिसमें बिना थाने में सूचना दिए रह रहे कुल 41 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

    थाना कोतरारोड क्षेत्र में निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पावर ग्रिड कोतरा क्षेत्र में कार्यरत बाहरी मजदूरों की जांच की गई। जांच के दौरान प्राइवेट ठेकेदार के अधीन कार्यरत 31 व्यक्ति, जो पश्चिम बंगाल के निवासी हैं, बिना थाने में सूचना दिए पाए गए। सभी पर धारा 128 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई और कड़ी समझाईश दी गई। इसी तरह चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में निरीक्षक अमित शुक्ला के नेतृत्व में ग्राम लामीदरहा, रेगड़ा और पहाड़ मंदिर में अभियान चलाया गया, जहां उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के रहने वाले 6 व्यक्ति बिना सूचना दिए फेरी का कार्य करते पाए गए। उन पर भी धारा 128 बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

    उधर, थाना पुसौर प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव ने अपनी टीम के साथ ग्राम ठेंगापाली में जांच की, जहां पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के दो व्यक्ति बिना सूचना दिए कबाड़ का काम करते पाए गए। दोनों के विरूद्ध भी कार्रवाई की गई। तमनार पुलिस ने ग्राम बिजना में जांच के दौरान दो ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया जो बिना सूचना के रह रहे थे, उन पर भी धारा 128 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

    इसी अभियान के अंतर्गत थाना पूंजीपथरा क्षेत्र अंतर्गत प्लांट एरिया में कार्यरत दीगर प्रांत के कर्मचारियों की जांच निरीक्षक राकेश मिश्रा व उनके स्टॉफ द्वारा की गई।  धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरमार और मस्जिदपारा में भी जांच की गई, जहां हाल ही में आए बाहरी व्यक्तियों ने थाना में सूचना दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ने भी बाहरी व्यक्तियों को अवैधानिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त समझाइश देते हुए चेतावनी दी कि यदि कोई शिकायत पाई गई तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • जशपुर कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की समस्याएं : प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के दिए निर्देश

    जशपुर कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की समस्याएं : प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के दिए निर्देश

    जशपुर, 28 अप्रैल 2025/ कलेक्टर रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याएं सुनी। जिले के नागरिकों ने अपनी समस्याओं और मांगों को सीधे कलेक्टर के समक्ष रखा। जनदर्शन में कुल 76 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।

    जनदर्शन में आवेदकों के राजस्व संबंधी मामले, प्रधानमंत्री आवास योजना, आजीविका, कुआं निर्माण, उज्ज्वला कनेक्शन, कृषि संबंधित, दैनिक मानदेय प्रदाय कराने सहित विभिन्न मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। ज्ञात हो कि अब जनदर्शन के सभी आवेदनों को समय सीमा बैठक में भी रखा जाएगा। जहां से इसकी निगरानी की जाएगी एवं एक सप्ताह के भीतर प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

  • आदर्श विद्यालय जशपुर में प्रवेश हेतु चयन सूची जारी, विद्यार्थी 08 मई तक ले सकते हैं प्रवेश

    आदर्श विद्यालय जशपुर में प्रवेश हेतु चयन सूची जारी, विद्यार्थी 08 मई तक ले सकते हैं प्रवेश

    जशपुर, 28 अप्रैल 2025/ शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जशपुर में प्रवेश के हेतु 16 अप्रैल को प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। उक्त परीक्षा में सम्मिलित छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन पश्चात् 17 से 24 अप्रैल तक दावा आपत्ति का अवसर प्रदान किया गया था। दावा आपत्ति के आवेदन का परीक्षण कर उनका निराकरण करने के बाद आज 28 अप्रैल को शाला में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए कक्षावार, वर्गवार, चयन सूची और प्रतीक्षा सूची जारी कर दी गयी है।

    विद्यालय के प्राचार्य ने इस सम्बंध में जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए विद्यालय के कक्षा 6वीं में 35, कक्षा 7वीं में 6, कक्षा 8वीं में 3, कक्षा 9वीं में 3 और कक्षा 11वीं में 15 वर्गवार रिक्त सीटों पर छात्रों के प्रवेश के लिए चयन सूची और प्रतीक्षा सूची जारी किया गया है। शाला में प्रवेश हेतु चयन और प्रतीक्षा सूची शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जशपुरनगर के साथ-साथ जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में अवलोकन किया जा सकता है।

    चयनित छात्र या उनके अभिभावक इस सूची का अवलोकन कर 29 अप्रैल से 8 मई तक कार्यालयीन समय में आवश्यक अभिलेख के साथ विद्यालय में स्वयं उपस्थित होकर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। 8 मई के बाद रिक्त रहने वाली सीटों पर प्रवेश का अवसर प्रतीक्षा सूची के छात्रों को उनके वरीयता क्रम के अनुसार प्रदान किया जाएगा।

  • जल जागृति जशपुर अभियान : सभी जनपदों में भू-जल संरक्षण और संवर्धन हेतु लगवाया गया रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम

    जल जागृति जशपुर अभियान : सभी जनपदों में भू-जल संरक्षण और संवर्धन हेतु लगवाया गया रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम

    जशपुर 28 अप्रैल 2025/ कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशानुसार और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखण्डों के जनपद पंचायत भवन में जल जागृति जशपुर अभियान के तहत् भू-जल संरक्षण और सर्वधन के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का निर्माण कराया गया है। साथ ही श्रमदान करके कार्यालय परिसर और छत की साफ-सफाई भी किया गया है।

    कलेक्टर रोहित व्यास ने जल स्त्रोत को बढ़ाने के उददेश्य से सभी अधिकारियों को ‘‘जल जागृति जशपुर अभियान‘‘ के तहत् जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से श्रमदान से जल स्तर में वृद्धि करने हेतु जल के संरक्षण और संर्वधन के दिशा में सार्थक पहल करते हुए आवश्यक कार्य करने के निर्देश दिए हैं। इसी परिपालन में जिले के सभी विकासखण्डों में जल संरक्षण हेतु निरंतर सार्थक पहल किया जा रहा है।

  • जशपुर में बच्चों के लिए आगामी 1 मई से समर कैंप की होगी शुरुआत : जिले के सभी विकास खंड में बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी

    जशपुर में बच्चों के लिए आगामी 1 मई से समर कैंप की होगी शुरुआत : जिले के सभी विकास खंड में बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी

    कला संस्कृति, खेल प्रतिस्पर्धा, शिक्षा सीखना समझना, एक्सपोजर विजिट कौशल उन्नयन, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन के सिखाए जाएंगे बच्चों को गुण

    जशपुर 28 अप्रैल 2025 / कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में ग्रीष्म कालीन समर कैंप का आयोजन शिक्षा विभाग के अंतर्गत जिले के सभी विकास खंडों में किया जा रहा है। आगामी 1 मई  2025 से जशपुर जशपुर समर कैंप की शुरुआत की जा रही है। जहां बच्चों को कला एवं संस्कृति, खेल प्रतिस्पर्धा, शिक्षा सीखना समझना और संवारना, एक्सपोजर विजिट अभ्यास से अनुभव, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन आदि अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएगी।

    शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इच्छुक विद्यार्थी आवेदन करने हेतु अपने विकास खंड के विकास खंड शिक्षा अधिकारी अपने स्कूल के प्राचार्य और प्रधान पाठक से सम्पर्क करके आवेदन प्राप्त किया जा सकता है।

    समर कैंप में बच्चों को बैडमिंटन, स्विमिंग, टेबल टेनिस, तीरंदाजी, क्रिकेट, हांकी ,वाटर स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग पर्वतारोहण, नृत्य, संगीत, चित्रकला, हस्तशिल्प, और नाटक में रूचि रखने वाले छात्रों की पहचान आदि शामिल हैं।

    इसी प्रकार  कम्प्यूटर प्रोग्रामिंग, स्पोकन इंग्लिश, कम्युनिकेशन स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, करियर काउंसलिंग, एस्ट्रोनॉमी एक्टिविटी बच्चों को एक्सपोजर विजिट कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला न्यायालय, संग्रहालय, पुस्तकालय, एस्ट्रोनॉमी लैब का भी भ्रमण कराया जाएगा।

    इसी तरह अन्य गतिविधियां में कौशल उन्नयन, सेंटर्स का भ्रमण, स्वच्छता अभियान, सर्च एंड रेस्क्यू प्रशिक्षण को भी समर कैंप में शामिल किया गया है।

    समर कैंप हेतु आवेदन पत्र

  • स्वच्छता श्रमदान : जशपुर के मनोरा में बाजार परिसर से चौक तक किया गया श्रमदान से साफ-सफाई, दिया गया स्वच्छता का संदेश

    स्वच्छता श्रमदान : जशपुर के मनोरा में बाजार परिसर से चौक तक किया गया श्रमदान से साफ-सफाई, दिया गया स्वच्छता का संदेश

    जशपुर 28 अप्रैल 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार स्वच्छता श्रमदान के तहत जिले के विभिन्न विकासखण्डों में स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों, शासकीय कार्यालय परिसरों सहित हाट-बाजार स्थलों का साफ-सफाई किया जा रहा और और लोगों को परिसर की नियमित साफ-सफाई रखने की अपील जा रही है।

    इसी कड़ी में आज मनोरा में बाजार परिसर से चौक तक श्रमदान के माध्यम से साफ-सफाई किया गया और लोगों को स्वच्छता का संदेश किया गया। इस दौरान श्रमदान करने वालों में जनपद सदस्य श्रीमती शोशन टोप्पो, जनपद पंचायत सीईओ रघुनाथ राम, प्रधानमंत्री आवास के विकासखण्ड समन्वयक, सरपंच, सचिव, समूह की दिदियॉ और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।