सुशासन शिविर स्थल को श्रमदान करके किया जा रहा है साफ सफाई
शिविर शुरू होने से पहले अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामवासी मिलकर कर रहे योगाभ्यास
जशपुर, 12 मई 2025/ जिले में जल संरक्षण संवर्धन के लिए बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। सरकारी भवनों में रैन हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जा रहा है।
जल एवं भूमि संरक्षण संवर्धन के लिए कलेक्टर श्री रोहित व्यास और जिला पंचायत के सीईओ श्री अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा चलाई जा रही जल जागृति जशपुर अभियान के तहत जशपुर जिले में सुशासन शिविर से पहले श्रमदान योग अभ्यास किया जा रहा है।इसके साथ ही ग्राम पंचायत में जल संरक्षण संवर्धन के लिए विशेष अभियान चलाकर जल को संग्रहित करने का भी सार्थक प्रयास किया जा रहा है।
उक्त कार्यक्रम मे सरपंच पंच, उपसरपंच, आँगनबड़ी कार्यकर्ता सहायिका, समूह की दीदियों एवं ग्रामवासियों की सहायता से श्रमदान से जल स्रोत के अंदर, झाड़ियों एवं मेड़ों की साफ सफाई की जा रही है।
थाना रामानुजनगर में अपराध क्रमांक 64/2025 धारा 305, 331(3) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध.
सूरजपुर. 12 मई 2025 : सूरजपुर जिले के थाना रामानुजनगर क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब लखनऊ गए एक परिवार के घर पीछे के दरवाज़े से घुसकर चोरों ने सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। शिकायत मिलते ही DIG व SSP प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
मिली जानकारी के अनुसदार दिनांक 11 मई 2025 को रामानुजनगर निवासी वैभव माहेश्वरी ने थाना रामानुजनगर में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि यह अपने परिवार के साथ निजी कार्य हेतु घर में ताला लगाकर दिनांक 06 मई 2025 के शाम को लखनऊ गया था। दिनांक 11 मई 2025 के सुबह लखनऊ से वापस आया और घर के अंदर गया तो देखे कि पीछे के दरवाजा का ताला टुटा है, घर के सामान को चेक करने पर सोने चांदी के जेवर को कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 64/2025 धारा 305, 331(3) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया।
डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पतासाजी कर जल्द पकड़ने थाना रामानुजनगर की पुलिस टीम गठित कर लगाया। मामले की विवेचना के दौरान प्रार्थी के घर की आलमारी के लॉकर का जायजा लेने पर सोने का चैन घर में ही होना तथा अन्य सोने चांदी के जेवर चोरी होना पाया गया। विवेचना की कड़ी में चोरी के मामले में पूर्व में चालान हो चुके आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई, इसी बीच संदेही शिवप्रसाद साहू उर्फ तन्नू व मिथलेश पाण्डेय उर्फ रवि निवासी रामानुजनगर की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर दबिश देकर दोनों को पकड़ा गया।
सूक्ष्मता से पूछताछ में दोनों ने बताया कि दिनांक 09 मई 2025 के रात्रि में प्रार्थी के घर के पीछे का दरवाजा को तोड़ कर प्रवेश कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर को चोरी कर आपस में बांट लिए थे। आरोपियों के निशानदेही पर चोरी का शत्-प्रतिशत माल बरामद किया गया, जिसमें 1 नग चांदी जैसे धातु का मंदिर, सोने जैसे धातु का 2 नग बाली, 3 नग सोने का नाक का फुल्ली, 2 नग टूटा हुआ सोने कान का चैन, 2 नग चांदी जैसे धातु का तुलसी पौधा, 5 नग चांदी धातु का पायल, 6 नग चांदी का कड़ा, 1 नग चांदी का छल्ला, 3 नग चांदी का सिक्का, 7 नग चांदी बिछिया, 1 नग चांदी का मूकुटनूमा मूर्ति का हिस्सा, घटना में प्रयुक्त पेचकश और चाभी जप्त की गई। कार्यवाही कर आरोपी शिवप्रसाद साहू उर्फ तन्नू साहू पिता स्व. मानिकचंद साहू उम्र 20 वर्ष एवं मिथलेश पाण्डेय उर्फ रवि पिता नर्मदा प्रसाद पाण्डेय उम्र 20 वर्ष दोनों निवासी रामानुजनगर को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए दोनों आरोपीगण पूर्व में चोरी के 2 मामले में चालान हो चुके है।
इस प्रकरण की कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व एसडीओपी प्रेमनगर नरेन्द्र सिंह पुजारी के मार्गदर्शन में थाना रामानुजनगर राजेन्द्र साहू, एएसआई मनोज पोर्ते, आरक्षक दीपक यादव, सैनिक देवचंद पाण्डेय, पंकज पटेल व रजनीश पटेल सक्रिय रहे।
जशपुर, 12 मई 2025/ गाँव की पगडंडियों पर नंगे पाँव चलने वाली श्रीमती सरिता बाई नगेशिया का जीवन कभी आसान नहीं था। कभी मजदूरी कर दो वक्त की रोटी जुटाने वाली यह महिला आज न सिर्फ़ आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि अपने पूरे परिवार की तक़दीर बदलने में सफल हुई हैं।
मनोरा विकासखंड के ग्राम पंचायत चेड़िया की रहने वाली सरिता बाई की जिंदगी भी आम ग्रामीण महिलाओं की तरह कठिनाइयों से भरी थी। रोज़ सुबह मजदूरी पर जाना, मुश्किल से घर का गुज़ारा चलाना और बच्चों की पढ़ाई का सपना अधूरा रह जाना, यह उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा था। उनके पास न कोई स्थायी आमदनी थी, न संसाधन और न ही कोई ठोस योजना, जिससे वे अपने परिवार को बेहतर भविष्य दे पातीं। लेकिन उनकी यह परिस्थिति हमेशा ऐसी नहीं रही। सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर उन्होंने अपने जीवन की दिशा ही बदल दी।
बदलाव तब आया जब उन्होंने सीताराम महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ने का फैसला किया। यह निर्णय उनकी ज़िंदगी का सबसे अहम मोड़ साबित हुआ। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें न सिर्फ़ आर्थिक सहायता मिली, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ा। उन्होंने अपने भीतर छिपी काबिलियत को पहचाना और कुछ नया करने की ठानी। उन्होंने सीआईएफ से लोन लेकर ईंट बनाने का काम शुरू किया। शुरुआती दिनों में कठिनाइयाँ आईं, लेकिन उन्हों उन्होंने हार नहीं मानी। धीरे-धीरे मेहनत कर उन्होंने अपने व्यवसाय को बढ़ाया और फिर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 1 लाख रुपये का लोन लिया, जिससे उनके ईंट निर्माण कार्य को और मजबूती मिली। आज, तीन सालों से वे लगातार इस काम को कर रही हैं और सालाना दो लाख रुपये से अधिक की कमाई कर रही हैं।
सरिता बाई पहले जहां उनके पास साइकिल तक नहीं थी, आज उनकी मेहनत और आत्मनिर्भरता ने उन्हें इतना सक्षम बना दिया कि उन्होंने अपने लिए स्कूटी और अपने पति के लिए बाइक खरीद ली। सरिता बाई अब अपने खेत में भी खेती कर रही हैं, जिससे उनकी अतिरिक्त आमदनी हो रही है।
सरिता बाई कहती हैं—
“पहले मैं दिन-भर मजदूरी करती थी, लेकिन अब मैं अपनी मेहनत से खुद का व्यवसाय चला रही हूँ। महिला समूह से जुड़ने के बाद मेरी ज़िंदगी पूरी तरह बदल गई। आज मैं आत्मनिर्भर हूँ, अपने फैसले खुद ले सकती हूँ। यह बदलाव मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।”
पत्रिका के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की दी जा रही है जानकारी
जशपुर, 12 मई 2025/ मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय बगिया में विगत दिवस जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित जनमन पत्रिका का निः शुल्क वितरण किया गया। जनमन पत्रिका पाकर नागरिकों ने बताया कि जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित छत्तीसगढ़ जनमन पत्रिका में दी गई सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, उपलब्धियों और आंकड़ों की जानकारी मिलती है जो की उनके लिए काफी लाभकारी है।
जनमन पत्रिका के माध्यम से योजनाओं के अलावा करेंट अफेयर की भी जानकारी मिलती है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए इस पुस्तक में योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में काफी विस्तार से जानकारी दी गई है।
मामला थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत ग्राम कटंगजोर, पटेलपारा का
आरोपी- पटेलनाग, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम कटंगजोर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर(छ. ग) के विरुद्ध थाना पत्थलगांव में हत्या के लिए बी एन एस की धारा की 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध
जशपुर, 12 मई 2025 : दिनांक 11-05-2025 को थाना पत्थलगांव के मर्ग क्रमांक 50/2025 धारा 194 बीएनएसएस की मृतिका प्यारी बाई नाग पति पटेल नाग उम्र 50 वर्ष , निवासी कटंगजौर थाना पत्थलगांव जिला जशपुर छत्तीसगढ, की मर्ग डायरी प्राप्त हुआ। मर्ग डायरी के अवलोकन पर मृतिका प्यारी नाग को उसके पति पटेल नाग द्वारा टंगिया से चेहरे पर आंख के पास मार दिया, जिसका ईलाज पत्थलगांव एवं मेडिकल कालेज अस्पताल अम्बिकापुर में कराया गया ।ईलाज के दौरान मृतिका प्यारी नाग की दिनांक 10-05-2025 को मृत्यु हो जाने से पुलिस सहायता केन्द्र मेडिकल कालेज सह जिला अस्पताल अम्बिकापुर जिला सरगुजा में बिना नंबरी मर्ग 00/2025 धारा 194 बीएनएसएस का कायम कर मृतिका के शव का पीएम कराया गया है।
अंबिकापुर से बिना नंबरी मर्ग डायरी प्राप्त होने पर थाना पत्थलगांव में असल नंबरी मार्ग कायम कर जांच किया गया। मर्ग जांच पर मृतिका प्यारी नाग की मृत्यु उसके पति आरोपी पटेल नाग द्वारा टंगिया से सिर में प्राण घातक वार करने से आई चोट के कारण, उपचार के दौरान मृत्यु होना पाये जाने एवं मृतिका की मृत्यु हत्या करने से होना पाए जाने पर बीएनएस की धारा 103 (1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस के द्वारा विवेचना दौरान वैधानिक कार्यवाही करते हुए, वैज्ञानिक अधिकारी की उपस्थिति में घटना स्थल का निरीक्षण कर घटना स्थल से खून से सनी मिट्टी व टंगिया को जप्त किया गया है।
पुलिस की पूछताछ में प्रकरण के आरोपी पटेल नाग पिता शनिराम नाग जाति नागवंशी उम 55 वर्ष ग्राम कटंगजोर पटेलपारा थाना पत्थलगांव जिला जशपुर (छ.ग.) के द्वारा अपराध घटित करना स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
अन्तर्राज्यस्तरीय रात्रिकालीन वॉलीबॉल प्रतियोगिता में 18 टीमों का शानदार प्रदर्शन, अम्बिकापुर ने जीता खिताब.
झारखंड, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ की टीमें आमने-सामने, जशपुर वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2025 में रोमांच रहा चरम पर.
जशपुर. 12 मई 2025 : जशपुर नगर में 09 से 11 मई 2025 तक आयोजितओपन चैलेंज रात्रिकालीन वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2025में छत्तीसगढ़, झारखंड और उड़ीसा की कुल 18 टीमों ने भाग लिया। शानदार खेल भावना और प्रतिस्पर्धी वातावरण में खेले गए मैचों में अम्बिकापुर ने पोतरा (लैलूंगा) को रोमांचक फाइनल में 3-2 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का समापन विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष युवराज श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, एवं नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। प्रतियोगिता में गुमला ने तीसरा स्थान प्राप्त किया और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में अंकित (लड्डू), अम्बिकापुर को सम्मानित किया गया।
दिनांक 09 मई 2025 से 11 मई 2025 तक आयोजित प्रतियोगिता में कुल 18 टीमों ने भाग लिया जिसमें छत्तीसगढ़ के अलावा उड़ीसा, झारखण्ड की टीमें शामिल हुयी, सभी टीमों ने बेहतर खेल प्रदर्शन करते हुए खिलाड़ी भावना का परिचय दिया और प्रतियोगिता में भाग लिया। जिसमें चार टीम कुरडेग & पोतरा, अम्बिकापुर & गुमला के मध्य सेमी फाइनल खेला गया, जिसमें अम्बिकापुर व पोतरा (लैलूंगा) ने अपने दोनों प्रतिद्वंदी टीम को लगातार सेटों में 3-0 से हरा कर फायनल में प्रवेश किया. सेमी फायनल में हारी कुरडेग व गुमला के मध्य तृतीय पुरस्कार के मैच में गुमला ने 3-1 से सेट जीत कर अपना कब्ज़ा जमा लिया।
फायनल मैच समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष युवराज श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत की उपस्थिति में अम्बिकापुर & पोतरा( लैलूंगा) के मध्य प्रारम्भ हुआ, दोनों टीम के बीच संघर्ष पूर्ण मैच चला, दोनों टीम को एक-एक पॉइंट के लिये संघर्ष करना पड़ा, लेकिन अम्बिकापुर टीम में पुराने अनुभवी व युवा चेहरों से सजी हुई टीम होने से अनुभव का फायदा मिलने से मैच के अंतिम व निर्णायक समय में पोतरा (लैलूंगा) को 3-2 सेट से मात देते हुए प्रतियोगिता का सिरमौर बनी। जिसे मुख्य अतिथियों द्वारा 21 हजार नगद एवं ट्राफी, द्वितीय पुरस्कार 15 हजार नगद व ट्राफी पोतरा टीम को तृतीय पुरस्कार 07 हजार नगद व ट्राफी – गुमला (झारखण्ड) को दिया गया। प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाडी अंकित (लडडू) अम्बिकापुर, बेस्ट सेटर-सच्चिदानंद (लल्ला अम्बिकापुर) बेस्ट स्मैशर – जे पी (सोनू) पोतरा, बेस्ट डिफरेंसर – मानी, पोतरा, फायनल मैच का मैन आफ द मैच रवि खुंटिया, अम्बिकापुर. को घोषित किया गया।
पुरी प्रतियोगिता में जिला प्रशासन से आये श्री ओंकार यादव एसडीएम जशपुर, श्री हरिओम द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर एवं श्री विश्वास राव मस्के, डिप्टी कलेक्टर का पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा है. इसके अतरिक्त कमेटी के सभी सदस्य हर क्षेत्र में अपने दिये गए दायित्वों का निर्वहन किया, विशेष रूप से कार्य करने के लिए दशरथ (टार्जन) को सम्मानित किया गया, साथ ही बाहर से आए हुए नेशनल रेफरी – दिनेश साहू, स्टेट रेफरी – मुन्ना राजवाड़े, जशपुर वासियों, मिडिया साथियों व अतिथि गणों के सहयोग से सफलतापूर्वक प्रतियोगिता को सम्पन्न कराया गया।
आरोपी के विरुद्ध चौकी दोकड़ा में भा .द.वि. की धारा 363,366,376(2)(N व 4,6 पॉस्को एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध
आरोपी का पूर्व में भी रहा है, आपराधिक रिकॉर्ड , जिले के थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में जा चुका है जेल
जशपुर, 12 मई 2025 : जशपुर पुलिस, ऑपरेशन मुस्कान के तहत लगातार, गुम बच्चों को ढूंढने का प्रयास कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व व दिशानिर्देश में जशपुर पुलिस राज्य व राज्य के बाहर जाकर भी गुम बच्चों को ढूंढ सकुशल वापस ला रही है, ऑपरेशन मुस्कान जारी होने की तिथि से अब तक जशपुर पुलिस के द्वारा 155 से अधिक गुम बच्चों को ढूंढ, सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर, उनके चेहरे पर मुस्कान लाने में सफल हुई है। विगत एक सप्ताह में जशपुर पुलिस के द्वारा पांच बच्चियों को ढूंढ सकुशल परिजनों को वापर लौटाया गया था।
इसी क्रम में जशपुर पुलिस के द्वारा चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत मामले में एक नाबालिक बच्ची को केरल राज्य से ढूंढ कर सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया है। व नाबालिक लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने व शादी का झांसा देते हुए नाबालिक से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 01.08.2025 को चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम के प्रार्थी ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिक बेटी दिनांक 20.06.24 को अपनी सहेली के यहां जा रही हूं, कहकरघर से निकली थी, परंतु वापस नहीं लौटी।आस पास रिश्तेदारों, पड़ोसियों में पता साजी किए, कहीं पता नहीं चला,। उसे संदेह है कि उसकी नाबालिक बेटी को किसी व्यक्ति के द्वारा बहला फुसलाकर भगा कर ले जाया गया है
रिपोर्ट पर चौकी दोकड़ा में भा.द. वि. की धारा 363 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था।
पुलिस के द्वारा लगातार गुम नाबालिक बालिका की पतासाजी की जा रही थी, कि इसी दौरान पुलिस को परिजनों के सहयोग, मुखबिर की सूचना व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि उक्त नाबालिक बालिका, ग्राम कोंडापल्ली, जिला कालीकट (केरल) में एक लड़के दीपेश कुजूर, उम्र 22 वर्ष के साथ है, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश में पुलिस टीम गठित कर, केरल रवाना हुई, जहां ग्राम कोंडापल्ली जिला कालीकट से पुलिस के द्वारा आरोपी दीपेश कुजूर के कब्जे से नाबालिक बालिका को दस्तयाब कर व आरोपी दीपेश कुजूर को हिरासत में लेकर वापस लाया गया। नाबालिक बच्ची को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस की पूछताछ पर नाबालिक बालिका ने बताया कि आरोपी दीपेश कुजूर के द्वारा उसे प्यार व शादी का झांसा देकर, भगा कर केरल ले गया था, इस दौरान आरोपी दीपेश कुजूर के द्वारा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया गया।
मामले में आरोपी दीपेश कुजूर के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले के आरोपी दीपेश कुजूर का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड है, व थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत एक मामले में जेल भी जा चुका है।
मामले की विवेचना एवं गुम नाबालिक बालिका की दस्तयाबी तथा आरोपी की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी दोकड़ा उप निरीक्षक श्री अशोक यादव, सहायक उप निरीक्षक रामजीत साय, नीता कुर्रे, आरक्षक शशि तिर्की, शांति लकड़ा, मनोज मिश्रा व साइबर सेल से आरक्षक अनील सिंह की सराहनीय भूमिका रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर के सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन : विवेचकों को ई साक्ष्य ऐप्प व छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा निर्मित समाधान ऐप्प के इंस्टालेशन व उपयोग करने के संबंध में किया गया प्रशिक्षित
जशपुर, 12 मई 2025 : पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर के सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर अनिल कुमार सोनी ( नोडल अधिकारी सी.सी. टी.एन. एस जशपुर) के मार्गदर्शन पर जिले के विभिन्न थाना/चौकी के विवेचकों को ई साक्ष्य ऐप्प व आम नागरिकों के सहयोग हेतु छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा निर्मित समाधान ऐप्प के इंस्टालेशन व उपयोग के संबंध में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में, प्रभारी सी.सी. टी.एन. एस शाखा जशपुर श्री नंद लाल भगत के द्वारा विवेचना की वर्तमान परिस्थिति को मद्देनजर रखते हुए, विवेचकों को ई साक्ष्य ऐप्प की इंस्टालेशन की प्रक्रिया को बताते हुए,ई साक्ष्य ऐप्प से, साक्ष्यों की वीडियोग्राफी के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।
साथ ही छत्तीसगढ़ पुलिस के द्वारा आम नागरिकों हेतु निर्मित समाधान ऐप्प के संबंध में भी जानकारी देते हुए उसके इंस्टालेशन की प्रक्रिया व उपयोग के संबंध में भी बताया गया तथा विवेचकों को अपने थाना/चौकी क्षेत्रों में आम नागरिकों को इस ऐप्प के महत्व को बताते हुए, इंस्टालेशन हेतु प्रेरित करने हेतु भी कहा गया है।
क्या है समाधान ऐप्प:- यह छत्तीसगढ़ पुलिस के द्वारा आम नागरिकों के सहयोग हेतु निर्मित किया गया है। इस ऐप्प के जरिए, आपको घर बैठे ही अपने किए गए, एफ.आई. आर. में पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्य की प्रगति की जानकारी मिल सकती है, गुम इंसान व अज्ञात शव के संबंध में जानकारी मिली सकती है, ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं, किरायदारों के सत्यापन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, चोरी, गुम व जप्त वाहन की स्थिति जांच सकते है, साथ ही निकटतम थानों का लोकेशन भी ऐप्प के जरिए आसानी से मिल सकता है व छत्तीसगढ़ पुलिस व अन्य आवश्यक विभागों की टेलीफ़ोन डायरेक्टरी भी समाधान ऐप्प में उपलब्ध है। उक्त प्रशिक्षण कार्यशाला में जिले के विभिन्न थाना/ चौकियों से 29 विवेचक उपस्थित रहे।
उक्त प्रशिक्षण कार्यशाला के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यशाला, विवेचकों को वर्तमान परिस्थिति में ई साक्ष्य ऐप्प व समाधान ऐप्प के संबंध में अपडेट करने हेतु आयोजित किया गया है, जो निरन्तर जारी रहेगा।
जिले के किसानों को मिल रहा योजनाओं का लाभ,किसान अरूण कर रहा गर्मी के मौसम में धान के बदले दलहन, तिलहन और मक्का की खेती.
जशपुर. 12 मई 2025 : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड में स्थित ग्राम के किसान श्री अरुण कुमार भगत ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल और कृषि विभाग की योजनाओं से प्रेरित होकर ग्रीष्मकालीन धान की जगह दलहन-तिलहन एवं मक्का की खेती प्रारंभ की है। सरकारी सहायता से मिले उन्नत बीज और मार्गदर्शन से अरुण ने 1 हेक्टेयर भूमि में मक्का (किस्म: कॉर्न 9544) लगाया है, जिससे उन्हें प्रति हेक्टेयर ₹35,000 तक लाभ मिलने की संभावना है। यह पहल जिले के अन्य किसानों के लिए एक प्रेरणास्रोत बन रही है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार किसानों को ग्रीष्म काल में धान के बदले अन्य फसल लगाने के लिए उद्यान विभाग की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
किसानों को उचित मार्गदर्शन और अच्छी किस्म के बीज एवं आदान सामग्री भी प्रदान किया जा रहा है। जिसे कृषक उत्साह के साथ दलहन-तिलहन लगा कर कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
पत्थलगांव विकासखण्ड के ग्राम कृषक श्री अरूण कुमार भगत ने ग्रीष्मकालीन धान के बदले दलहन-तिलहन मक्का योजना के अंतर्गत अपने रकबा-1.500 हे. में से रकबा-1.00 हे. में मक्का लगाया हैं। कृषक अरूण मक्का किस्म-कॉर्न 9544 बीज एवं आदान सामग्री वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पत्थलगांव से प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि मक्का के उत्पादन से प्रति हेक्टेयर 35 हजार रूपए लाभ प्राप्त होने की संभावना है। कृषक अरूण ने विभागीय योजनाओं से लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
सूर्या मॉल के पास लिस्टोमेनिया बार व्दारा लायसेंस की शर्तों का किया गया उल्लंघन.
रात्रि लगभग 01:20 बजे ग्राहकों को उपलब्ध कराई जा रही थी शराब.
बार का लायसेंस निरस्त किए जाने हेतु की जा रही है अग्रिम कार्यवाही.
दुर्ग. 12 मई 2025 : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने बीती रात सूर्या मॉल के पास संचालित लिस्टोमिनिया बार में आकस्मिक जांच के दौरान नियमों का गंभीर उल्लंघन पकड़ा। रात करीब 1:20 बजे तक बार में शराब परोसी जा रही थी, जो शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन है। इस कार्रवाई के तहत बार के विरुद्ध पंचनामा तैयार कर, लाइसेंस निलंबन की दिशा में कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। यह घटना क्लब और बार संचालकों को एक सख्त चेतावनी है कि वे शासन द्वारा तय नियमों का पूर्णतः पालन करें।
दिनांक 11 मई 2025 को होटल एवं बार की चेकिंग के दौरान सूर्या मॉल के पास लिस्टोमिनिया बार के संचालक व्दारा रात्रि लगभग 01:20 बजे लोगों को अवैध रूप से शराब पीने के लिए उपलब्ध कराया जाना पाया गया। बार संचालक व्दारा शासन के होटल एवं बार हेतु जारी नियमों का उल्लंघन करने पर मौके पर पंचनामा तैयार किया गया। लिस्टोमिनिया क्लब एवं बार का लायसेंस निलंबन करने हेतु अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
क्लब एवं बार संचालकों को हिदायत दिया जाता है कि वे शासन व्दारा जारी नियमों के अनुरूप निर्धारित समयावधि में अपने क्लब एवं बार को बंद करें। निर्धारित समयावधि के उपरांत भी क्लब एवं बार खुले पाए जाने, लायसेंस के नियमों का उल्लंघन करना पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्यवाही कर उनका लायसेंस निरस्त कराया जाएगा.