Author: Sagar Joshi [SAMDARSHI NEWS]

  • राजिमवासियों का वर्षों का इंतजार खत्म! राज्य शासन ने नगर पंचायत को बनाया नगर पालिका, जारी हुई अधिसूचना

    राजिमवासियों का वर्षों का इंतजार खत्म! राज्य शासन ने नगर पंचायत को बनाया नगर पालिका, जारी हुई अधिसूचना

    राजिम की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी, बना नगर पालिका, राज्य शासन ने जारी की अधिसूचना

    रायपुर : राज्य शासन ने राजिमवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी करते हुए राजिम नगर पंचायत का नगर पालिका के रूप में उन्नयन कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। राजिम नगर पंचायत की सीमाएं ही राजिम नगर पालिका की सीमाएं होंगी। राज्य शासन के इस निर्णय से पूरे शहर में खुशी एवं उत्साह का वातावरण है।

    उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने राजिम नगर पंचायत के नगर पालिका के रूप में उन्नयन पर कहा कि राज्य शासन के इस निर्णय से राजिम के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी तथा शहरी सुविधाओं के विस्तार के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे। इससे राजिम में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के विकास को और ज्यादा गति मिलेगी। साथ ही राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से नगरवासियों तक पहुंचेगा।

  • जनदर्शन में कलेक्टर रोहित व्यास ने सुनी जनता की समस्याएं, 34 आवेदनों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश

    जनदर्शन में कलेक्टर रोहित व्यास ने सुनी जनता की समस्याएं, 34 आवेदनों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश

    कलेक्टर रोहित व्यास ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

    आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

    जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने आज कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। कलेक्टर श्री व्यास ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनदर्शन में आमजन ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। आज आयोजित जनदर्शन में कुल 34 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मुख्य रूप से राजस्व संबंधी प्रकरण, पेयजल, सड़क, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, अधोसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़ी मांगें एवं समस्याएं शामिल थीं।

     कलेक्टर श्री व्यास ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर उनका समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, इसलिए प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि आवेदनों पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित आवेदकों को समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अपने प्रकरण की स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिल सके। कलेक्टर ने विशेष रूप से जनसुविधाओं से जुड़े मामलों जैसे पेयजल, सड़क, स्वच्छता तथा शासकीय योजनाओं के लाभ से संबंधित प्रकरणों पर गंभीरता से कार्रवाई करने पर जोर दिया।

  • 12वीं पास दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी, रायपुर में बीएफए और बीपीए पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रारंभ

    12वीं पास दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी, रायपुर में बीएफए और बीपीए पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रारंभ

    जशपुर : शासकीय दिव्यांग महाविद्यालय, माना कैम्प रायपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दिव्यांग विद्यार्थियों के प्रवेश प्रारंभ हो गए हैं। यह प्रवेश श्रवण बाधित न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता वाले विद्यार्थियों के लिए है।

    समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर 2 पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। बी०पी०ए० बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स में गायन और तबला वादन संगीत की पढ़ाई होगी जिसके लिए दृष्टि बाधित और अस्थि बाधित विद्यार्थी पात्र हैं। वहीं बी०एफ०ए० बैचलर ऑफ फाईन आर्ट्स में चित्रकला विषय है जिसके लिए श्रवण बाधित और अस्थि बाधित विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। 12 वीं उत्तीर्ण इच्छुक दिव्यांग विद्यार्थी आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ प्रवेश ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 9993566693 और 7770977479 पर संपर्क किया जा सकता है।

  • वनाश्रित परिवारों को आर्थिक मजबूती, जशपुर में करोड़ों की तेन्दूपत्ता पारिश्रमिक एवं प्रोत्साहन राशि का ऑनलाइन भुगतान

    वनाश्रित परिवारों को आर्थिक मजबूती, जशपुर में करोड़ों की तेन्दूपत्ता पारिश्रमिक एवं प्रोत्साहन राशि का ऑनलाइन भुगतान

    तेन्दूपत्ता संग्राहकों को मिली करोड़ों रुपये की संग्रहण एवं प्रोत्साहन राशि

    हजारों वनाश्रित परिवारों को मिला सीधा आर्थिक लाभ, ऑनलाइन भुगतान से बढ़ी पारदर्शिता

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दूरदर्शी एवं जनकल्याणकारी नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा वनवासियों और तेन्दूपत्ता संग्राहकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इन्हीं जनहितकारी पहलों के तहत तेन्दूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक को बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। साथ ही जंगलों में कार्य करने वाले वनवासियों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए चरण पादुका वितरण योजना का भी प्रभावी संचालन किया जा रहा है। इन निर्णयों से प्रदेश सहित जशपुर जिले के वनाश्रित परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित, जशपुरनगर के माध्यम से तेन्दूपत्ता संग्राहकों के हित में संचालित योजनाओं के अंतर्गत संग्रहण पारिश्रमिक एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में ऑनलाइन किया गया है। इस व्यवस्था से भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और जवाबदेह बनी है तथा संग्राहकों को बिना किसी बिचौलिये के उनकी मेहनत का उचित पारिश्रमिक प्राप्त हो रहा है।

    वर्ष 2023 के संग्रहण पर मिला प्रोत्साहन पारिश्रमिक

    तेन्दूपत्ता संग्रहण वर्ष 2023 के अंतर्गत जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित, जशपुरनगर की 24 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों में से 4 समितियां लाभ की स्थिति में रहीं। इन समितियों से जुड़े 7,210 तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 27 लाख 76 हजार 686 रुपये की प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि सीधे उनके बैंक खातों में ऑनलाइन हस्तांतरित की गई। इससे संग्राहकों को उनके श्रम का अतिरिक्त आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ और उनकी आय में वृद्धि हुई।

    33,968 संग्राहकों को मिला 16.37 करोड़ रुपये से अधिक का पारिश्रमिक

    तेन्दूपत्ता संग्रहण वर्ष 2026 में जिले की 24 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के माध्यम से 33,968 संग्राहकों ने तेन्दूपत्ता संग्रहण किया। इन सभी संग्राहकों को संग्रहण कार्य के एवज में 16 करोड़ 37 लाख 17 हजार 680 रुपये 50 पैसे की पारिश्रमिक राशि ऑनलाइन माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था लागू होने से भुगतान प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचने से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है तथा संग्राहकों को समय पर उनकी मेहनत का पूरा प्रतिफल मिल रहा है।

    वनाश्रित परिवारों की आजीविका को मिला संबल

    तेन्दूपत्ता संग्रहण छत्तीसगढ़ के वनाश्रित परिवारों के लिए आजीविका का प्रमुख स्रोत है। राज्य शासन द्वारा संग्रहण पारिश्रमिक एवं प्रोत्साहन राशि का नियमित भुगतान कर संग्राहकों की आय बढ़ाने के साथ-साथ उनके आर्थिक हितों की भी सुरक्षा की जा रही है। इससे ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है और वनोपज आधारित आजीविका को नया प्रोत्साहन प्राप्त हो रहा है। जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित, जशपुरनगर ने संग्राहकों से आगामी तेन्दूपत्ता संग्रहण सत्र में भी गुणवत्तापूर्ण संग्रहण करने तथा शासन की विभिन्न वनोपज हितग्राही योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की है।

  • कलेक्टर रोहित व्यास का संवेदनशील फैसला, प्राकृतिक आपदा से प्रभावित 3 परिवारों को मिला ₹12 लाख का अनुदान

    कलेक्टर रोहित व्यास का संवेदनशील फैसला, प्राकृतिक आपदा से प्रभावित 3 परिवारों को मिला ₹12 लाख का अनुदान

    जशपुर : प्राकृतिक आपदा के 3 प्रकरणों में मृतकों के परिजनों को कुल 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत

    जशपुर : छत्तीसगढ़ शासन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के प्रावधानों के अंतर्गत प्राकृतिक आपदा एवं नैसर्गिक विपत्तियों से होने वाली जनहानि पर प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसी के तहत प्राकृतिक आपदाओं में हुई मृत्यु के 3 प्रकरणों में कलेक्टर श्री रोहित व्यास द्वारा कुल 12 लाख रूपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

     अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू से प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील कांसाबेल के ग्राम नकबार निवासी सुखयारो बाई की कुआं के पानी में डूबने से मृत्यु हो जाने के कारण उनकी माता श्रीबाई को कुल 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत किया गया है। तहसील मनोरा अंतर्गत ग्राम खोखसो बेंजोरा निवासी जयपाल राम की नाला के पानी में डूबने से मृत्यु हो जाने पर उनकी पत्नी मनकुमारी बाई को कुल 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार तहसील मनोरा अंतर्गत ग्राम बेंजोरा निवासी दिलसार अंसारी की कुआं के पानी में डूबने से मृत्यु हो जाने पर उनके पिता जमील अंसारी को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा प्राकृतिक आपदा के प्रकरणों में प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत प्रदान करने हेतु सभी आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के साथ पूर्ण की जा रही है।

  • जशपुर में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा शुरू, परिवार नियोजन के लिए जागरूकता रथ रवाना, गांव-गांव पहुंचेगा स्वास्थ्य का संदेश

    जशपुर में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा शुरू, परिवार नियोजन के लिए जागरूकता रथ रवाना, गांव-गांव पहुंचेगा स्वास्थ्य का संदेश

    जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा: परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करने जिलेभर में चलाया जा रहा विशेष अभियान

    सास-बहू सम्मेलन सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का होगा आयोजन

    जशपुर : जिले में परिवार नियोजन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार की अवधारणा को मजबूत करने के उद्देश्य से 11 से 18 जुलाई 2026 तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आमजन को परिवार नियोजन के महत्व से अवगत कराएं तथा इस संबंध में समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर कर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के तहत जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व, स्वस्थ परिवार और जनसंख्या स्थिरीकरण का संदेश देगा तथा लोगों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और परिवार नियोजन के साधनों की जानकारी प्रदान करेगा।

    जब बच्चे में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल

    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि “जब बच्चे में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” थीम पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य दंपतियों को गर्भधारण के उचित समय, दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का सुरक्षित अंतराल रखने तथा परिवार नियोजन के विभिन्न उपायों के प्रति जागरूक करना है। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में गुणात्मक सुधार लाने के साथ-साथ परिवार के समग्र स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ बनाया जा सकता है। अभियान के दौरान जिले के सभी विकासखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सास-बहू सम्मेलन एवं अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से परिवार नियोजन से जुड़ी भ्रांतियों का निराकरण किया जाएगा तथा योग्य दंपतियों को उपलब्ध सेवाओं और उनके लाभों की जानकारी दी जाएगी।स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधन पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं। इनमें कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, गर्भनिरोधक गोलियां (छाया एवं माला-एन) तथा निरोध शामिल हैं। इच्छुक दंपतियों को प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा परामर्श एवं आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

    पुरुष नसबंदी पर 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि

    सरकार द्वारा परिवार नियोजन अपनाने वाले हितग्राहियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरुष नसबंदी कराने पर 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े के दौरान 11 से 18 जुलाई तक जिला चिकित्सालय जशपुर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव में प्रतिदिन पुरुष नसबंदी ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी योग्य दंपतियों से अपील की है कि वे परिवार नियोजन अपनाकर स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल परिवार के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

  • ‘सड़क पर चलना मुश्किल’ की खबर पर प्रशासन का जवाब! पंडरापानी–परहाटोली मार्ग को लेकर विभाग ने बताई पूरी सच्चाई, निर्माण कार्य युद्धस्तर पर

    ‘सड़क पर चलना मुश्किल’ की खबर पर प्रशासन का जवाब! पंडरापानी–परहाटोली मार्ग को लेकर विभाग ने बताई पूरी सच्चाई, निर्माण कार्य युद्धस्तर पर

    पंडरापानी-पीलल चौक से परहाटोली तक सड़क निर्माण प्रगति पर, यातायात सुचारू

    जशपुर : समाचार पत्र में प्रकाशित समाचार ‘6 बारिश से कीचड़ में तब्दील हुई सड़क, पैदल चलने तक की जगह नहीं‘‘ के संबंध में लोक निर्माण विभाग, संभाग पथलगांव द्वारा स्पष्टीकरण जारी किया गया है।

    कार्यपालन अभियंता, लोकनि.वि.संभाग पथलगांव ने बताया कि जिला-जशपुर के लुडेग-तपकरा-लवाकेरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य हेतु रूपए 11033.00 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति शासन द्वारा प्रदान की गई है। उक्त मार्ग के निर्माण हेतु 15 अक्टूबर 2025 को ठेकेदार मैसर्स सिद्धि विनायक इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रा.लि. को कार्यादेश प्रदान किया गया है। कार्य पूर्ण करने हेतु मई 2027 तक का समय दिया गया है।

    उन्होंने बताया कि कार्य प्रगति पर है। उक्त मार्ग के आधे भाग पर जी.एस.बी. मटेरियल डाल कर आवागमन हेतु सुधार कर दिया गया है। मार्ग पर यातायात प्रभावित नहीं है। कार्य गुणवत्ता पूर्वक कराया जा रहा है। यातायात को सुगम बनाये रखने के लिए विद्यमान मार्ग के गड्ढों को अस्थायी रूप से भरा जाता है। विभाग द्वारा समयावधि में गुणवत्ता पूर्वक कार्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।

  • जशपुर में कलेक्टर का बड़ा एक्शन! 31 सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों की होगी घर-घर तलाश, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई तय

    जशपुर में कलेक्टर का बड़ा एक्शन! 31 सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों की होगी घर-घर तलाश, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई तय

    कलेक्टर ने जशपुर में सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान का बेहतर क्रियान्वयन करने के दिए निर्देश

    पात्र हितग्राहियों को 31 प्रकार की शासन की योजनाओं से किया जाएगा लाभान्वित

    प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ करने के दिए सख्त निर्देश

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप संचालित सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के क्रियान्वयन संबंध में सोमवार को कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि इस योजना का जिले में बेहतर क्रियान्वयन किया जाना है। योजना के तहत हितग्राहियों को 31 योजनाओं से लाभान्वित किया जाना है। इसके लिए सर्वेक्षण कार्य के माध्यम से छुटे हुए हितग्राहियों का चिन्हांकन करके योजना का लाभ दिया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सभी एसडीएम , जनपद पंचायत सीईओ और जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

    कलेक्टर ने अधिकारियों को बताया कि सुघ्घर अभियान के तहत हितग्राहियों को जॉब कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना,राशन कार्ड,जल जीवन मिशन, आयुष्मान कार्ड, आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों का शत-प्रतिशत पंजीयन,जननी सुरक्षा योजना,आय जाति निवास प्रमाण पत्र,विवाह प्रमाणपत्र, गर्भवती महिलाओं और बच्चों का सम्पूर्ण टीकाकरण, प्रधानमंत्री जन-धन योजना , आधार कार्ड, कौशल विकास योजना से युवाओं का प्रशिक्षण,श्रम कार्ड, आदि अन्य योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।

    कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री की घोषणा के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मंगल भवन, सामुदायिक भवन,सीसी रोड, सांस्कृतिक भवन,खेल मैदान,मिनी स्टेडियम,आदि प्रगतिरत निर्माण कार्यों की जानकारी ली। कलेक्टर ने समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ करने के निर्देश दिए हैं।

    उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्प लाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन के लंबित आवेदनों का भी गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

  • खूंटाघाट बांध हत्याकांड का पर्दाफाश: मछली चोरी पकड़ने की रंजिश में चौकीदार की बेरहमी से हत्या, 24 घंटे के भीतर तीन आरोपी गिरफ्तार

    खूंटाघाट बांध हत्याकांड का पर्दाफाश: मछली चोरी पकड़ने की रंजिश में चौकीदार की बेरहमी से हत्या, 24 घंटे के भीतर तीन आरोपी गिरफ्तार

    पुलिस द्वारा मछली चोरी करने के दौरान पकड़े जाने पर रंजिश रखते हुये बाँध की रखवाली करने वाले चौकीदार की, की हत्या।

    आरोपियों को त्वरित कार्यवाही करते हुये 24 घंटे के अंदर रतनपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार।।

    घटना को योजनाबद्ध तरीके से दिया अंजाम।

    गिरफ्तार आरोपी :-

    1.     कान्हा धीवर ऊर्फ गोलू पिता निरंजन धीवर उम्र 34 वर्ष,

    2.     अनिश धीवर ऊर्फ छोटू पिता सुखदेव धीवर उम्र 22 वर्ष,

    3.     शुभम प्रधान ऊर्फ शोभू पिता रवि प्रधान उम्र 21 वर्ष सभी निवासी नवागाँव (गिरजाबंद) थाना रतनपुर जिला बिलासपुर छ.ग.।

    बिलासपुर : दिनाँक 12/07/2026 को प्रार्थी श्याम सिंह पोर्ते निवासी मेलनाडीह थाना रतनपुर का रिपोर्ट दर्ज कराया कि प्रार्थी व तिरिथ राम यादव खॅुटाघाट बाँध में चौकीदार का काम करते हैं, जो कि कुछ दिन पहले बॉध की रखवाली दौरान नवागाँव निवासी गोलू धीवर और अनिश धीवर को बाँध में मछली चोरी करते हुये पकड़ने पर तिरिथ राम यादव द्वारा चोरी का विडियो बनाया गया था, चोरी करते पकड़े जाने पर गोलू और अनिश चौकीदार तिरिथ राम के मोबाईल को तोड़ दिये थे, जिसकी शिकायत तिरिथ राम द्वारा थाने में करने पर गोलू धीवर द्वारा मोबाईल को बनवाने के की बात बोलने पर दोनों पक्ष में आसी समझौता हुआ था। मोबाईल नहीं बनवाने पर तिरीथ राम यादव, श्याम सिंह पोर्ते व विक्की ठाकुर के द्वारा गोलू धीवर के घर जाकर मोबाईल बनवाने की बात बोले थे, इसी बात से चिढ़कर गोलू धीवर और अनिश धीवर, तिरिथ राम यादव और प्रार्थी श्याम सिंह से रंजिश रखते थे, गोलू और अनिश के द्वारा तिरिथ राम और श्याम सिंह को मारने की योजना बनाया गया, और दिनाँक 11/07/2026 को रात्रि में श्याम सिंह पोर्ते और तिरीथ राम यादव जब खॅुटाघाट बाँध रखवाली करने अपने मोटर सायकल से जा रहे थे तब कान्हा ऊर्फ गोलू धीवर, अनिश धीवर ऊर्फ छोटू व उसके साथी शुभम प्रधान अपने स्कार्पियो वाहन को मोटर सायकल के सामने अड़ा दिये जिससे तिरिथ राम व श्याम सिंह के मोटर सायकल से गिरने से दोनों के साथ डण्डा से मारपीट करने लगे, वहाँ से श्याम सिंह पोर्ते अपनी जान बचाकर भाग गया, और तिरिथ राम यादव को गोलू धीवर, अनिश धीवर व शुभम प्रधान तीनों मिलकर जान से मारकर हत्या कर दिये। प्रार्थी के रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर थाना प्रभारी महोदय द्वारा उक्त घटना के संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर, उच्च अधिकारियों से प्राप्त दिशा निर्देश पर त्वरित कार्यवाही करते हुये आरोपी कान्हा धीवर ऊर्फ गोलू, अनिश धीवर, शुभम धीवर को उनके सकुनत पर घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।

     उक्त कार्यवाही में थाना निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उनि विष्णु यादव, आर. आकाश डोंगरे, पवन सिंह, धीरज कश्यप का विशेष योगदान रहा।

  • हाईवे पर डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश: दूसरे राज्य से आकर ट्रेलरों को बनाते थे निशाना, 200 लीटर चोरी का डीजल, 2 स्कॉर्पियो समेत दो आरोपी गिरफ्तार; तीन फरार की तलाश तेज

    हाईवे पर डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश: दूसरे राज्य से आकर ट्रेलरों को बनाते थे निशाना, 200 लीटर चोरी का डीजल, 2 स्कॉर्पियो समेत दो आरोपी गिरफ्तार; तीन फरार की तलाश तेज

    दिगर राज्य से आकर ट्रेलर वाहनों से डीजल चोरी करने एवं चोरी का डीजल खरीद-बिक्री करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 03 अन्य आरोपी फरार, तलाश जारी

    02 स्कॉर्पियो वाहन, 200 लीटर चोरी का डीजल एवं चोरी में प्रयुक्त पाइप-छड़ जप्त

    बिलासपुर : थाना कोनी पुलिस द्वारा ट्रेलर वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

    प्रकरण में दिनांक 11.07.2026 को प्रार्थी द्वारा थाना कोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसने अपने ट्रेलर वाहन में लगभग 200 लीटर डीजल भरवाकर रायपुर से सिंगरौली (मध्यप्रदेश) के लिए रवाना किया था। वाहन चालक नेशनल हाईवे स्थित बाबी ढाबा, गतौरी के पास भोजन करने हेतु वाहन खड़ा कर गया, तभी अज्ञात चोरों द्वारा ट्रेलर की टंकी से लगभग 150 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया।

    प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोनी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

    पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई।

    तलाश के दौरान दिनांक 12.07.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो स्कॉर्पियो वाहनों में सवार कुछ व्यक्ति नेशनल हाईवे, गतौरी के पास चोरी का डीजल बेचने हेतु ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर दबिश दी गई।

    पुलिस को देखकर 03 आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि 02 आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक MP-18 ZG-2645 एवं CG-10 BK-0938 से कुल 200 लीटर चोरी का डीजल तथा डीजल चोरी में प्रयुक्त पाइप एवं छड़ बरामद कर विधिवत जप्त किया गया।

    पूछताछ एवं पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

    गिरफ्तार आरोपी

    1. शिवप्रसाद उर्फ छोटू लोनिया, पिता – अयोध्या प्रसाद, उम्र – 32 वर्ष, निवासी – सीलपुर, थाना कोतमा, जिला अनूपपुर (म.प्र.)

    2. भानु प्रसाद लोनिया, पिता – बैसाखू राम लोनिया, उम्र – 37 वर्ष, निवासी – ग्राम बरपाली भदोरिया खार, थाना कोनी, जिला बिलासपुर (छ.ग.)

    जप्त मशरूका

    * चोरी का 200 लीटर डीजल

    * 02 स्कॉर्पियो वाहन

    * डीजल चोरी में प्रयुक्त पाइप एवं लोहे की छड़

    सराहनीय योगदान

    उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोनी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय, सउनि उमेश उपाध्याय, प्रधान आरक्षक रमेश पटनायक, आरक्षक भोपसिंह साहू, राकेश खांडेल एवं दुर्गेश यादव का सराहनीय योगदान रहा।