Category: जशपुर

  • जशपुर में घायल हाथी का वन विभाग ने कराया त्वरित उपचार: पैर की कमजोरी से अटका हाथी अब सुरक्षित, धरमजयगढ़ वनमण्डल की ओर लौटा

    जशपुर में घायल हाथी का वन विभाग ने कराया त्वरित उपचार: पैर की कमजोरी से अटका हाथी अब सुरक्षित, धरमजयगढ़ वनमण्डल की ओर लौटा

    जशपुर : वनमण्डल जशपुर के द्वारा घायल हाथी का त्वरित उपचार कराया गया है। हाथी अब सुरक्षित है और वह धरमजायगढ़ वनमण्डल की ओर चला गया है।

    वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत दिवस 11 मार्च को प्रातः लगभग 07. 00 बजे दूरभाष के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के बीट झक्कड़पुर अंतर्गत ग्राम बुढ़ाडांड के आश्रित ग्राम गयापारा में कृषक श्री मोहर साय राठिया के निजी भूमि पर एक नग  हाथी गिरा हुआ है। सूपना प्राप्त होते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी पत्थलगांव वन अमले के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया गया।

    मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि श्री मोहर साय राठिया के निजी भूमि पर एक नग हाथी गिरा हुआ है। प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हुआ कि हाथी का एक पैर कमजोरी के कारण उठने में असमर्थ था। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए वन परिक्षेत्राधिकारी द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

    इस संबंध में वनमण्डलाधिकारी जशपुर श्री शशि कुमार द्वारा तत्काल उच्चाधिकारियों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी दी गई तथा हाथी के उपचार हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसके पश्चात् सरगुजा जिले के रमकोला से वन्यपाणी विशेषज्ञ पशु चिकित्सक डॉ. अजित पाण्डेय अपनी टीम के साथ पत्थलगांव पहुंचे और हाथी का चिकित्सकीय परीक्षण किया। चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत डॉ. अजित पाण्डेय द्वारा हाथी का आवश्यक उपचार किया गया। उपचार के पक्षात हाथी की स्थिति में धीरे धीरे सुधार हुआ और कुछ समय बाद हाथी स्वयं अपने स्थान से उठकर सुरक्षित रूप से धरमजयगढ़ वनमण्डल चला गया।

    घटनाक्रम के दौरान वन विभाग की टीम द्वारा पूरे क्षेत्र में सतत निगरानी रखी गई तथा आसपास के ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी गई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या अवांछित स्थिति उत्पन्न न हो। वर्तमान में हाथी सुरक्षित रूप से क्षेत्र से निकलकर जंगल की ओर चला गया है और स्थिति पूर्णतः सामान्य है।

    वन विभाग द्वारा क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों की उपस्थिति के दौरान सतर्कता बनाए रखें, भीड़ एकत्रित व करें तथा किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके।

  • जशपुर में आम की बागवानी पर मैंगो हॉपर का गंभीर हमला: फूल और मंजरियों का रस चूसकर घटा रहा उत्पादन, किसान जागरूक होकर तुरंत अपनाएं जैविक और रासायनिक नियंत्रण उपाय

    जशपुर में आम की बागवानी पर मैंगो हॉपर का गंभीर हमला: फूल और मंजरियों का रस चूसकर घटा रहा उत्पादन, किसान जागरूक होकर तुरंत अपनाएं जैविक और रासायनिक नियंत्रण उपाय

    जशपुर : मैंगो हॉपर आम के पेड़ों में लगने वाला एक प्रमुख कीट है। यह खासकर फूल आने के समय-मंजर आने पर ज्यादा नुकसान करता है। यह कीट पत्तियों और मंजरियों का रस चूसता है जिससे फल बनने की क्षमता कम हो जाती है।

    उद्यान विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंजरियों और नई पत्तियों पर छोटे-छोटे हरे व भूरे कीट दिखाई देते हैं यही इसकी पहचान होती है। पत्तियां और मंजरियां चिपचिपी हो जाती हैं। उस पर काली फफूंदी जम जाती है। फूल झड़ जाते हैं और फल कम बनते हैं।

    इसके प्रभावी समाधान के लिये कृषकों सुबह या शाम के समय एजाडिरेक्टिन 10000 पीपीएम में 01 एमएल प्रति लीटर पानी में मिलाकर स्प्रे करना चाहिए। नीम तेल का 0.5 से 1 प्रतिशत 05 से 10 एमएल लीटर पानी के साथ छिड़काव करना चाहिए।

    यदि प्रकोप ज्यादा हो तो इनमें से किसी एक दवा का छिड़काव करें कीटनाशक का नाम मात्रा छिड़काव किया जा सकता है। इनमें प्रति लीटर पानी के साथ इमिडाक्लोप्रिड 0.3 मिली प्रति लीटर पानी थियामेथोक्सम 0.4 ग्राम प्रति लीटर पानी लैम्ब्डा-साइहेलोथिन 1.0 मिली प्रति लीटर पानी 10-15 दिन के अन्तराल में 2-3 बार छिड़काव करने से अच्छा नियंत्रण मिलता है।

    इसके साथ ही पेडों की घनी टहनियों को काटें ताकि धूप और हवा अंदर तक जा सके, जिससे हॉपर का पनपना कम हो, बाग की नियमित सफाई करें। जब फल मटर के दाने के बराबर हो जाएं, तब हल्की सिंचाई शुरू करें और नमी बनाए रखें।

  • JASHPUR : शादी में शामिल होने जा रहे दो दोस्तों की बाइक को NH-43 पर कार ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौके पर दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर घायल

    JASHPUR : शादी में शामिल होने जा रहे दो दोस्तों की बाइक को NH-43 पर कार ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौके पर दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर घायल

    कुनकुरी : जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे दो दोस्तों की बाइक को तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

    पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, ग्राम बुँदियाचट्टान निवासी प्रीतम अपने दोस्त के साथ हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (CG 14 MN 9820) से बांसपतरा में एक बारात में शामिल होने जा रहा था। जब दोनों वहां पहुंचे तो पता चला कि बारात शाम को पहुंचेगी, इसलिए वे वापस घर लौटने के लिए निकल पड़े।

    दोपहर करीब 2 बजे जब उनकी बाइक ग्राम खण्डसा के अटल चौक के पास NH-43 मेन रोड पर पहुंची, तभी जशपुर की ओर से कुनकुरी जा रही सफेद-ग्रे रंग की तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

    टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क से उछलकर नीचे खेत में जा गिरे। हादसे में प्रीतम के सिर, सीने और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा युवक भी बुरी तरह घायल हो गया, जिसके दोनों हाथ-पैर, टखने और कंधों में चोट आई है।

    घटना की सूचना तुरंत प्रीतम के भाई सूरज को फोन कर दी गई। हादसे के बाद आरोपी अज्ञात कार चालक मौके से फरार हो गया।

    कुनकुरी पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

  • भीषण गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: जशपुर में लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी, नागरिकों से दोपहर में घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की अपील

    भीषण गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: जशपुर में लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी, नागरिकों से दोपहर में घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की अपील

    भीषण गर्मी में सतर्क रहें, लू से बचें

    स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

    लोगों से सावधानी बरतने की अपील

    जशपुर : जिले में बढ़ते तापमान और गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने आम नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि लू लगने से स्वास्थ्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

    लू के लक्षण –

    स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गर्मी बढ़ने के साथ लू लगने की घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। सीएमएचओ ने बताया कि लू लगने पर सिर में भारीपन और दर्द, तेज बुखार, मुंह सूखना, चक्कर आना, उल्टी होना, कमजोरी और शरीर दर्द, शरीर का तापमान बढ़ने के बावजूद पसीना न आना, अत्यधिक प्यास लगना, पेशाब कम होना, भूख न लगना तथा बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।

    लू से बचाव के उपाय-

    सीएमएचओ ने बताया कि बहुत आवश्यक न हो तो लोग दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें। धूप में जाने से पहले सिर और कान को कपड़े से अच्छी तरह ढंक लें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, लंबे समय तक धूप में न रहें और मुलायम, हल्के व सूती कपड़े पहनें, ताकि शरीर को ठंडक मिलती रहे। अधिक पसीना आने पर ओआरएस घोल पीना लाभकारी है। चक्कर या उल्टी आने की स्थिति में छायादार स्थान पर आराम करें और शीतल पेयजल, लस्सी, मठा अथवा फलों का रस लें। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक सलाह के लिए 104 आरोग्य सेवा केंद्र से निःशुल्क परामर्श लिया जा सकता है। यदि तेज बुखार, उल्टी या सिरदर्द जैसी स्थिति बने तो तुरंत नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए।

    लू लगने पर किया जाने वाला प्रारंभिक उपचार –

    लू लगने की स्थिति में प्रारंभिक उपचार के तौर पर पीड़ित व्यक्ति को ठंडी और छायादार जगह पर लिटाना चाहिए। उसके सिर पर ठंडे पानी की पट्टी रखनी चाहिए तथा शरीर पर ठंडे पानी का छिड़काव करते रहना चाहिए। कच्चे आम का पना, जलजीरा अथवा तरल पदार्थ देने चाहिए। साथ ही पीड़ित को शीघ्र ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाना चाहिए। ओआरएस के पैकेट के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन या एएनएम से संपर्क किया जा सकता है।

    क्या करे –

    सीएमएचओ ने बताया कि गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीना जरूरी है, भले ही प्यास न लगे। हालांकि जिन लोगों को मिर्गी, हृदय, गुर्दे या लीवर संबंधी बीमारी हो तथा जिन्हें तरल सेवन सीमित रखने की सलाह दी गई हो, वे तरल मात्रा बढ़ाने से पहले डॉक्टर से परामर्श लें। ओआरएस, छाछ, लस्सी, नींबू पानी जैसे घरेलू पेय पदार्थों का सेवन शरीर को हाइड्रेटेड रखने में सहायक है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे खुद भी सावधानी बरतें और बच्चों, बुजुर्गों तथा बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें, ताकि लू से बचाव संभव हो सके।

    क्या न करे –

    स्वास्थ्य विभाग ने यह भी सलाह दी है कि धूप में नंगे पांव बाहर न निकलें, दोपहर के समय भोजन पकाने से बचें तथा शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड शीतल पेयों का सेवन कम करें, क्योंकि ये शरीर को निर्जलित करते हैं। अधिक प्रोटीन युक्त भोजन से भी परहेज करने की सलाह दी गई है।

  • कुनकुरी में किराए के मकान का सनसनीखेज चोरी कांड: सोने-चांदी के आभूषण और 1.5 हजार रुपये चोरी, जशपुर पुलिस ने आरोपी और समान खरीदने वाले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा

    कुनकुरी में किराए के मकान का सनसनीखेज चोरी कांड: सोने-चांदी के आभूषण और 1.5 हजार रुपये चोरी, जशपुर पुलिस ने आरोपी और समान खरीदने वाले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा

    कुनकुरी में हुई एक सुने मकान में हुई चोरी का जशपुर पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी चोर व चोरी का समान खरीदने वाला खरीददार गिरफ्तार,भेजा जेल

    पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोना चांदी के आभूषण,व ताला तथा आलमारी तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड को भी जप्त किया है।

    जशपुर : दिनांक 09.03.26 को प्रार्थी राकेश कुमार साव उम्र 38 वर्ष, निवासी रेंमते रोड कुनकुरी के एक किराए के मकान में ने थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि, उसके किराए के मकान के बगल में उसके बड़े पिताजी राम बिलास प्रसाद का मकान है, जिसके दोनों बेटे बाहर रहते हैं, घर में केवल प्रार्थी के बड़े पिताजी व बड़ी मां ही रहती हैं, करीबन 06 माह पूर्व से उसके बड़े पिताजी, अपनी पत्नी के ईलाज हेतु, अपने बेटे के पास रांची में रह रहे थे, व घर की देखरेख की जिम्मेदारी प्रार्थी को दिए थे, इसी दौरान दिनांक 19.01.26 को प्रार्थी की बड़ी मां का निधन हो जाने पर, प्रार्थी भी क्रियाकर्म हेतु रांची गया हुआ था, प्रार्थी दिनांक 09.03.26 को जब रांची से वापस लौटा तो देखा कि उसके बड़े पिताजी रामबिलास प्रसाद के मकान का ताला टूटा हुआ है, व अंदर आलमारी भी खुला हुआ था, समान बिखरा पड़ा था, जिस प्रार्थी के द्वारा फोन के माध्यम से अपने बड़े पिताजी रामविलास प्रसाद को सूचित करने पर, उन्होंने बताया कि, आलमारी में बड़ी मां के सोने के कान के टॉप्स, एक जोड़ी चांदी का पायल,05 नग चांदी की पैर में पहनने वाली साठी, व करीबन डेढ़ हजार रुपए चिल्हर रुपया था, उक्त सभी समान को किसी के द्वारा चोरी कर ले जाया गया है।

    प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कुनकुरी में बी एन एस की धारा 331(4),305(क) व 317(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।

    विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना स्थल का निरीक्षण कर, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही थी, साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया था, इसी दौरान पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि संदिग्ध साहिल चौहान उर्फ मंटू, निवासी तुरी बस्ती कुनकुरी, के द्वारा अचानक से अत्यधिक रकम खर्च किया जा रहा है, जिस पर पुलिस को संदेह होने पर, उसे हिरासत में लिया गया, पूछताछ पर शुरुवात में संदिग्ध साहिल उर्फ मंटू के द्वारा पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया, परंतु बाद में उसके द्वारा अपराध स्वीकार कर लिया गया, उसने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि, उसी के द्वारा ही राम विलास प्रसाद के घर में चोरी किया गया है, व चोरी के सोने चांदी के आभूषण को, बजरंग नगर कुनकुरी निवासी दिवाकर ताम्रकार को, बीस हजार रुपए में बेच दिया गया है, जिस पर पुलिस के द्वारा खरीदार दिवाकर ताम्रकार को भी हिरासत में लिया गया, तथा उसके कब्जे से चोरी की सोने के कान के टॉप्स, एक जोड़ी चांदी का पायल,05 नग चांदी की पैर में पहनने वाली साठी, को जप्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी चोर साहिल उर्फ मंटू की निशान देही पर, घर व आलमीरा के ताले को तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड को भी जप्त कर लिया गया है।

    आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर आरोपी 1. साहिल चौहान उर्फ मंटू उम्र 22 वर्ष, निवासी तुरी बस्ती, कुनकुरी, थाना कुनकुरी जिला जशपुर छ ग, 2. आरोपी खरीददार दिवाकर ताम्रकार, उम्र 28 वर्ष, निवासी बजरंग नगर, कुनकुरी, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर छ ग को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

    मामले की कार्यवाही व आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर वारले, प्रधान आरक्षक ढलेश्वर यादव, नंदलाल यादव व लियोन कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

  • जशपुर में होगा आध्यात्मिक महाकुंभ : 20 जून को जगद्गुरु नरेंद्राचार्य जी महाराज होंगे आगमन पर, भव्य आयोजन की तैयारी के लिए 13 मार्च को वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने लेंगे बैठक.

    जशपुर में होगा आध्यात्मिक महाकुंभ : 20 जून को जगद्गुरु नरेंद्राचार्य जी महाराज होंगे आगमन पर, भव्य आयोजन की तैयारी के लिए 13 मार्च को वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने लेंगे बैठक.

    जगद्गुरु श्रीमद रामानंदाचार्य नरेंद्राचार्य जी महाराज (पीठाधीश्वर – रामानंदाचार्य दक्षिण पीठ, नाणीजधाम, महाराष्ट्र) का जशपुर की पावन धरा पर आगामी 20 जून 2026 को आगमन होने जा रहा है। इस एक दिवसीय भव्य कार्यक्रम में महाराज श्री के सान्निध्य में प्रवचन, दर्शन, समस्या मार्गदर्शन एवं दीक्षा समारोह संपन्न होगा।

    इस ऐतिहासिक आध्यात्मिक समागम की तैयारी और जन-सहयोग सुनिश्चित करने हेतु आगामी 13 मार्च 2026 को सायं 5:00 बजे अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम’ के सभा-भवन (जशपुर) में एक आवश्यक बैठक आहूत की गई है।

    इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन हेतु माननीय श्री सच्चिदानंद उपासने जी (वरिष्ठ नेता – भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष – लोकतंत्र सेनानी संघ एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष – लोकतंत्र प्रहरी) विशेष रूप से जशपुर पहुंचेंगे और बैठक लेंगे। बैठक में आयोजन की सफलता हेतु विभिन्न समितियों के गठन एवं कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।

    जगद्गुरु श्री के मार्गदर्शन में ‘जनमान संस्थान’ द्वारा संचालित मानवीय प्रकल्पों ने कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं –

    रक्तदान महाकुंभ : जनवरी 2026 में मात्र 15 दिनों के भीतर 1,71,150 यूनिट रक्तदान का विश्व रिकॉर्ड।

    सामाजिक सेवा : 1.54 लाख से अधिक परिवारों की घर-वापसी एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर निरंतर निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा।

    शिक्षा एवं सहायता : निर्धन बच्चों को स्नातक तक निःशुल्क शिक्षा एवं प्राकृतिक आपदाओं में त्वरित सहायता कार्य।

    महाराज श्री का दिव्य मंत्र “ॐ नरेन्द्रनाथाय नमः” और उनके द्वारा प्रतिपादित ‘प्रपंच और परमार्थ’ के संतुलन का सूत्र आज लाखों लोगों के जीवन का आधार बना हुआ है। उनके सान्निध्य से भक्तों में सात्विकता और आत्मबल का संचार होता है।

    पीठ प्रमुख श्री घनश्याम माहेश्वरी एवं पीठ सदस्य श्री सच्चिदानंद उपासने ने जशपुर क्षेत्र के समस्त प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों एवं धर्मप्रेमी जनता से निवेदन किया है कि आगामी 13 मार्च की इस बैठक में अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान कर आयोजन को भव्य बनाने में सहयोग करें।

    घनश्याम माहेश्वरी (पीठ प्रमुख, छत्तीसगढ़ उपपीठ)

    सच्चिदानंद उपासने (वरिष्ठ नेता – भाजपा छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष – लोकतंत्र सेनानी संघ एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष – लोकतंत्र प्रहरी)

  • जशपुर: एनएचएम और एएनएम कर्मचारियों का फरवरी 2026 तक का वेतन कोषालय में प्रस्तुत, 5% वेतन वृद्धि सहित जल्द होने वाला भुगतान

    जशपुर: एनएचएम और एएनएम कर्मचारियों का फरवरी 2026 तक का वेतन कोषालय में प्रस्तुत, 5% वेतन वृद्धि सहित जल्द होने वाला भुगतान

    जशपुर : मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जशपुर द्वारा समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर ‘‘एनएचएम और एएनएम कर्मचारियों को 02 मार्च से नहीं दिया गया मानदेय‘‘ के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि सॉप्टवेयर में परिवर्तन होने के कारण वित्तीय वर्ष 2025-26 की राशि राज्य स्तर से ही नियमित रूप से उपलब्ध नहीं होने के कारण नवम्बर 2025 से वेतन भुगतान में विलम्ब हुआ है किन्तु माह फरवरी 2026 का तक का वेतन कोषालय में प्रस्तुत किया जा चुका है, जिसमें 5 प्रतिशत इन्क्रीमेन्ट भी सामिल है, एक-दो दिवस में ही भुगतान हो जाने की संभावना है।

  • सरकारी जांच में सामने आया राहत भरा तथ्य: बेलपहाड़ पर अब नहीं हो रहा अवैध मुरूम खनन, पिछले मकान निर्माण से पहले की स्थिति

    सरकारी जांच में सामने आया राहत भरा तथ्य: बेलपहाड़ पर अब नहीं हो रहा अवैध मुरूम खनन, पिछले मकान निर्माण से पहले की स्थिति

    जशपुर : समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर ‘‘बेलपहाड़ पर पेड़ कटाई और बेखौफ खनन जारी सरकारी जमीन पर मकान बनाकर बस रहे बाहरी” के संबंध में सहायक खनि अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि खनिज मिट्टी व मुरूम के उत्खनन की जांच ग्राम तेतरटोली, ग्राम पंचायत जुरगुम में किया गया। जांच में सरपंच एवं ग्रामवासियों द्वारा बताया गया कि तेतरटोली में पहाड़ी के कुछ हिस्से को काटकर 03 वर्ष पहले कुछ लोगों द्वारा मकान बनाया गया है। पहाड़ी से मुरूम खनन वर्तमान में नही हो रहा है। जांच के समय पहाड़ी से मिट्टी व मुरूम का उत्खनन होना नहीं पाया गया।

  • सेम्हर कछार की महिलाएं बिहान योजना से बनी आत्मनिर्भर: पारंपरिक हस्तशिल्प से कमा रहीं अपनी पहचान और सम्मान

    सेम्हर कछार की महिलाएं बिहान योजना से बनी आत्मनिर्भर: पारंपरिक हस्तशिल्प से कमा रहीं अपनी पहचान और सम्मान

    स्व सहायता समूह से जुड़कर कांसाबेल की महिलाओं ने स्वरोजगार की राह अपनाई

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन – बिहान योजना के तहत जशपुर जिले की ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की मिसाल गढ़ रही हैं। कांसाबेल विकासखंड के ग्राम सेम्हर कछार की हरियाली स्वसहायता समूह की 11 महिलाओं ने छिंद कासा से आकर्षक टोकरी और अन्य पारंपरिक हस्तशिल्प उत्पाद तैयार कर अपनी आजीविका को मजबूत किया है।

    समूह की सदस्य श्रीमती बालमुनि भगत ने बताया कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्हें स्वरोजगार का अवसर मिला। पहले महिलाएं केवल घरेलू कामकाज तक सीमित थीं, लेकिन अब वे अच्छी कमाई कर रही हैं। यह कार्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ आत्मविश्वास भी दे रहा है।

    महिलाओं ने बताया कि बिहान योजना ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। समूह के माध्यम से प्रशिक्षण, सहयोग और विपणन सुविधा मिलने से उनका उत्पाद अब स्थानीय हाट-बाजार और मेलों में लोकप्रिय हो चुका है। महिलाएं कहती हैं कि अब वे सिर्फ घर तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि अपनी पहचान खुद बना रही हैं।

    समूह की दीदियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं से हम सशक्त और आत्मनिर्भर हो रहे हैं।

  • आईजी दीपक झा का जशपुर में वार्षिक निरीक्षण: रक्षित केंद्र में परेड की सलामी, पुलिस दरबार में सुनी अधिकारियों-कर्मचारियों की समस्याएं, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए सख्त निर्देश

    आईजी दीपक झा का जशपुर में वार्षिक निरीक्षण: रक्षित केंद्र में परेड की सलामी, पुलिस दरबार में सुनी अधिकारियों-कर्मचारियों की समस्याएं, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए सख्त निर्देश

    पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा, रेंज सरगुजा श्री दीपक झा ने किया जशपुर जिले का वार्षिक निरीक्षण, रक्षित केंद्र जशपुर में ली परेड की सलामी

    रक्षित केंद्र में आयोजित दरबार में हुए, पुलिस के अधिकारियों/कर्मचारियों से रूबरू, सुनी समस्याएं किया निराकरण

    रक्षित केंद्र जशपुर व पुलिस अधीक्षक कार्यालय के विभिन्न शाखाओं व सिटी कोतवाली जशपुर का भी किया निरीक्षण, लंबित प्रकरणों की ली जानकारी, त्वरित निराकरण हेतु दिए निर्देश

    जशपुर : पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज सरगुजा दीपक झा द्वारा मंगलवार को जशपुर जिले का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर पहुंचकर भव्य परेड की सलामी ली तथा पुलिस बल के अनुशासन, वेश-भूषा और कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। परेड निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट वेश-भूषा एवं अनुशासन का परिचय देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

    निरीक्षण के दौरान आईजी श्री दीपक झा ने रक्षित केंद्र में उपलब्ध शासकीय वाहनों का भी निरीक्षण किया तथा वाहनों के उचित रख-रखाव और नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रक्षित केंद्र की विभिन्न शाखाओं जैसे वाहन शाखा, कैश शाखा, स्टोर शाखा तथा पुलिस कैंटीन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

    इसके पश्चात आयोजित पुलिस दरबार में आईजी श्री दीपक झा ने जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं और कई समस्याओं के निराकरण के लिए मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को हमेशा अनुशासन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

    पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मियों को उत्तम गणवेश में रहकर सख्त अनुशासन का पालन करना चाहिए। वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कंप्यूटर की अनिवार्य जानकारी रखने की सलाह दी, ताकि आधुनिक पुलिसिंग और कार्यालयीन कार्यों को बेहतर ढंग से संपादित किया जा सके।

    आईजी दीपक झा ने पुलिस बल को नशे से दूर रहने और भ्रष्टाचार से बचने की सख्त समझाइश दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच एक ईमानदार और जिम्मेदार संस्था के रूप में बनी रहनी चाहिए। यदि किसी भी आपराधिक गतिविधि में पुलिस के किसी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस महानिरीक्षक ने सिटी कोतवाली जशपुर व पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर का भी जायजा लिया और कार्यालयीन कार्यों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि पुलिस व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

    वार्षिक निरीक्षण के दौरान डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पटनवार, एसडीओपी जषपुर श्री चंद्रषेखर परमा, एसडीओपी कुनकुरी श्री विनोद मण्डावी, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल, उप पुलिस अधीक्षक कुंजराम चौहान. उप पुलिस अधीक्षक अ.जा.क. भावेश समरथ, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती आशा तिर्की , रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख सहित समस्त थाना/चौकी के प्रभारी एवं आईजी स्टेनो मो. रियाज खान, रीडर रेमशलाल साहू उपस्थित रहे।