Category: जशपुर

  • दुख की घड़ी में प्रशासन बना सहारा: जशपुर में डूबने की घटनाओं में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता मंजूर, रोहित व्यास के निर्देश पर त्वरित राहत प्रदान

    दुख की घड़ी में प्रशासन बना सहारा: जशपुर में डूबने की घटनाओं में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता मंजूर, रोहित व्यास के निर्देश पर त्वरित राहत प्रदान

    जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने प्राकृतिक आपदा में जनहानि के दो मामलों में प्रभावित परिजनों को आर.बी.सी. 6-4 के तहत कुल 08 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है।

     सन्ना तहसील अंतर्गत ग्राम चलनी निवासी स्व. लसु राम का डबरी ताबला में डूबने से 09 अगस्त 2025 को मृत्यु हो गई थी। मृतक के निकटतम वारिस उनके पत्नी जरमन के लिए 04 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।

     इसी प्रकार कांसाबेल तहसील अंतर्गत ग्राम बटईकेला निवासी स्व. सलोन मिंज का कुआं के पानी में डूबने से 01 मार्च 2025 को मृत्यु हो गई थी। मृतिका के निकटतम वारिस उनके माता दौलेन मिंज हेतु 04 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।

     जिला प्रशासन द्वारा प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए आर.बी.सी. 6-4 के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

  • “सरकार आपके द्वार”: फरसाकानी शिविर में 17 गांवों की भागीदारी, आवेदन से समाधान तक की प्रक्रिया होगी ऑन-द-स्पॉट, कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में सुशासन तिहार बनेगा राहत का बड़ा मंच

    “सरकार आपके द्वार”: फरसाकानी शिविर में 17 गांवों की भागीदारी, आवेदन से समाधान तक की प्रक्रिया होगी ऑन-द-स्पॉट, कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में सुशासन तिहार बनेगा राहत का बड़ा मंच

    सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत 06 मई को फरसाकानी में लगेगी शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान, शिविर में 17 गांवों के ग्रामीण होंगे शामिल

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में “सुशासन तिहार 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों के 31 एवं नगरीय निकायों के 5 कुल 36 क्लस्टरों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 06 मई 2026 को कुनकुरी जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत फरसाकानी में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत

    फरसाकानी, बंदरचुआं, ढोढीबहार, डोडापानी, लोढाअम्बा, बरांगजोर, ठेठेटांगर, खारीझरिया, कुंजारा, रेमते, गड़ाकटा, हर्राडांड, बासनताला, भेलवांटोली, चटकपुर, जोरातराई एवं ग्राम रेंगारघाट के ग्रामीणजन अपनी समस्याओं एवं मागों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।

    सुशासन तिहार के अंतर्गत नागरिक अपने आवेदन लिखित रूप में शिविरों में प्रस्तुत करेंगे, जिनका निराकरण किया जाएगा। यह पहल प्रशासन को आमजन के और अधिक निकट लाने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनेगी। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निवास क्षेत्र के संबंधित शिविर में उपस्थित होकर आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि उनकी समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सुशासन तिहार के सुचारू संचालन के लिए नोडल एवं विभागीय अधिकारियों को विभिन्न दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए है।

  • पारंपरिक खेती से आगे बढ़ने की पहल: जशपुर के किसान रायपुर में ट्रेनिंग लेकर बने स्मार्ट एग्री-उद्यमी, मोरिंगा से लेमनग्रास तक हाई-वैल्यू फसलों और बायबैक मॉडल से आय बढ़ाने की नई रणनीति तैयार

    पारंपरिक खेती से आगे बढ़ने की पहल: जशपुर के किसान रायपुर में ट्रेनिंग लेकर बने स्मार्ट एग्री-उद्यमी, मोरिंगा से लेमनग्रास तक हाई-वैल्यू फसलों और बायबैक मॉडल से आय बढ़ाने की नई रणनीति तैयार

    कृषि क्रांति की ओर जशपुर: किसानों ने रायपुर में किया अध्ययन भ्रमण

    कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग से आय बढ़ाने के नए विकल्प को जाना

    औषधीय-सुगंधित फसलों की वैज्ञानिक खेती और सुनिश्चित बाजार से जुड़ाव पर फोकस

    जशपुर : जिला प्रशासन द्वारा “आत्मा योजना” एवं “कृषि क्रांति अभियान” के अंतर्गत जिले के चयनित किसानों को रायपुर स्थित सेमीना एग्रो कंपनी में अध्ययन भ्रमण हेतु भेजा गया। इस पहल का उद्देश्य किसानों को उच्च मूल्य वाली औषधीय एवं सुगंधित फसलों की वैज्ञानिक खेती से परिचित कराना और उन्हें कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग के माध्यम से सुनिश्चित बाजार से जोड़ना है। अध्ययन भ्रमण के दौरान कंपनी के विशेषज्ञों ने किसानों को मोरिंगा, पपीता, लेमनग्रास, पिपरमिंट, पचौली, अश्वगंधा, तुलसी और रोसेला जैसी फसलों की उन्नत खेती, लागत-लाभ विश्लेषण तथा बाजार की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। किसानों को यह भी समझाया गया कि इन फसलों की मांग राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी से बढ़ रही है, जिससे आय के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकते हैं।

     उप संचालक कृषि जशपुर ने बताया कि अध्ययन भ्रमण दौरान किसानों को विशेष रूप से कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग मॉडल की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि इस प्रणाली में कंपनियां फसल को पूर्व निर्धारित दर (बायबैक) पर खरीदती हैं। इससे किसानों को बाजार की अनिश्चितता से राहत मिलती है और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित रूप से प्राप्त होता है। इस पहल को आगामी खरीफ/मानसून सत्र 2026-27 की कार्ययोजना से भी जोड़ा गया है, जिसके अंतर्गत जिले में क्लस्टर आधारित खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके तहत लेमनग्रास, पाल्मारोसा, पचौली, यूकेलिप्टस सिट्रियोडोरा, हल्दी, अदरक, तुलसी, सतावर एवं सर्पगंधा जैसी फसलों के उत्पादन को प्राथमिकता दी जाएगी।

     उप संचालक कृषि ने बताया कि विकासखंड स्तर पर इच्छुक किसानों का चयन कर उनकी सहमति के साथ जानकारी संकलित की जा रही है, ताकि उन्हें फील्ड विजिट, तकनीकी प्रशिक्षण और कंपनियों के साथ अनुबंधित खेती से जोड़ा जा सके। इसके साथ ही एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन) के माध्यम से अनुबंध एवं मूल्य संवर्धन गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। कृषि क्रांति अभियान के अंतर्गत यह अध्ययन भ्रमण किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर व्यावसायिक और निर्यातोन्मुख कृषि की दिशा में प्रेरित कर रहा है। इससे जिले में कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित होने की संभावना है। उप संचालक ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि किसान नई तकनीकों, आधुनिक कृषि पद्धतियों और बाजार के अवसरों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें।

  • “छोटे प्रयास, बड़ा बदलाव”: खूंटीटोली में स्वच्छता और जल संरक्षण बना जनआंदोलन, श्रमदान के साथ 5% जल संचय मॉडल से भूजल बढ़ाने की पहल, प्रशासन और ग्रामीणों ने मिलकर रचा विकास का नया अध्याय

    “छोटे प्रयास, बड़ा बदलाव”: खूंटीटोली में स्वच्छता और जल संरक्षण बना जनआंदोलन, श्रमदान के साथ 5% जल संचय मॉडल से भूजल बढ़ाने की पहल, प्रशासन और ग्रामीणों ने मिलकर रचा विकास का नया अध्याय

    सुशासन तिहार का शुभारंभ: खूंटीटोली में जनभागीदारी से किया गया स्वच्छता श्रमदान

    जल संचय के 5 प्रतिशत मॉडल का किया गया निर्माण

    गांव में सामूहिक प्रयास से स्वच्छता एवं जल संरक्षण की पहल

    जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में सुशासन तिहार के अंतर्गत आज ग्राम पंचायत खूंटीटोली में सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता एवं जल संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया। इस दौरान गांव के विभिन्न स्थानों में साफ सफाई कर स्वच्छता अभियान चलाया गया। जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से श्रमदान कर गांव को स्वच्छ रखने निश्चय किया गया। साथ ही “जल संचय जनभागीदारी 2.0” के तहत 5 प्रतिशत मॉडल का निर्माण किया गया, जो ग्रामीण क्षेत्रों में जल संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मिलकर श्रमदान किया तथा स्वच्छता और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्थानीय जनपद सदस्य श्री खगेश्वर साय, सरपंच, पंचगण एवं विकासखंड के अधिकारी उपस्थित रहे और सक्रिय भागीदारी निभाई।

    इस मौके पर भूमि में 5 प्रतिशत मॉडल निर्माण कर उसकी उपयोगिता पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि इस मॉडल के तहत किसान अपने खेत या भूमि के कुल क्षेत्रफल के लगभग 5 प्रतिशत हिस्से में, खेत के किसी कोने में सीढ़ीनुमा गड्ढे का निर्माण करते हैं। इस संरचना में वर्षा या अतिरिक्त पानी एकत्रित होकर सुरक्षित रहता है, जिससे जल का संचयन होता है। इससे न केवल जल संरक्षण होता है, बल्कि भूजल स्तर में वृद्धि और खेती की उत्पादकता बढ़ाने में भी सहायता मिलती है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि छोटे-छोटे प्रयासों से जल संकट जैसी बड़ी समस्या का समाधान संभव है। सामुदायिक सहभागिता से ऐसे मॉडल को अपनाकर गांव को जल समृद्ध बनाया जा सकता है।

  • जशपुर के युवाओं के लिए सुनहरा मौका: नवसंकल्प शिक्षण संस्थान शुरू करेगा अग्निवीर भर्ती हेतु निःशुल्क ऑनलाइन प्रशिक्षण, 11 मई से अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में होगी परीक्षा उन्मुख तैयारी

    जशपुर के युवाओं के लिए सुनहरा मौका: नवसंकल्प शिक्षण संस्थान शुरू करेगा अग्निवीर भर्ती हेतु निःशुल्क ऑनलाइन प्रशिक्षण, 11 मई से अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में होगी परीक्षा उन्मुख तैयारी

    जशपुर : जशपुर जिले के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हुए नवसंकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर द्वारा अग्निवीर भर्ती की तैयारी हेतु निःशुल्क ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 11 मई 2026, सोमवार से प्रारम्भ होगा।

    इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जशपुर जिले के अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को अग्निवीर भर्ती परीक्षा में सफल बनाना है। संस्थान के अनुभवी शिक्षकों द्वारा विषयवार मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास तथा परीक्षा उन्मुख तैयारी कराई जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी पंजीयन हेतु संस्था के शिक्षक मनीष गुप्ता के मोबाइल नंबर 7587148510 पर व्हाट्सएप के माध्यम से अपना नाम भेजकर पंजीकरण करा सकते हैं। संस्थान द्वारा यह पहल पूर्णतः निःशुल्क है तथा सभी कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएंगी।

  • भीषण गर्मी में राहत की बड़ी खबर: सुखबासुपारा में नलकूप खनन से खत्म हुआ सालों पुराना जल संकट, ग्रामीणों को घर के पास मिला स्वच्छ पेयजल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के त्वरित निर्देश से प्रशासन ने दिखाई संवेदनशीलता

    भीषण गर्मी में राहत की बड़ी खबर: सुखबासुपारा में नलकूप खनन से खत्म हुआ सालों पुराना जल संकट, ग्रामीणों को घर के पास मिला स्वच्छ पेयजल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के त्वरित निर्देश से प्रशासन ने दिखाई संवेदनशीलता

    जशपुर : जिले में इन दिनों भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है, इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रशासन ने त्वरित पहल की है। जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम सपघरा के सुखबासुपारा में नलकूप खनन कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।गौरतलब है कि यहां के ग्रामीण सीएम कैम्प कार्यालय बगिया में आवेदन देकर पेयजल समस्या से निजात दिलाने की मांग रखी थी ,जिस पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर यहां त्वरित निराकरण करते हुए नलकूप खनन किया गया।इससे स्थानीय ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है और अब उन्हें पानी के लिए दूर-दराज भटकना नहीं पड़ेगा।

    नलकूप शुरू होते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने शासन-प्रशासन के इस सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि भीषण गर्मी के बीच यह सुविधा उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

  • सड़क बदहाल तो मुख्यमंत्री सख्त: विष्णुदेव साय की नाराजगी के बाद पत्थलगांव–कुनकुरी मार्ग मरम्मत में तेज़ी, इंजीनियर को मौके पर डेरा डालने के निर्देश

    सड़क बदहाल तो मुख्यमंत्री सख्त: विष्णुदेव साय की नाराजगी के बाद पत्थलगांव–कुनकुरी मार्ग मरम्मत में तेज़ी, इंजीनियर को मौके पर डेरा डालने के निर्देश

    मुख्यमंत्री श्री साय के सख्त निर्देश के बाद पत्थलगांव – कुनकुरी सड़क मरम्मत में आएगी तेजी

    बैठक में जताई नाराजगी के बाद त्वरित कार्रवाई

    राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता को मरम्मत होने तक कुनकुरी में मुख्यालय स्थापित करने निर्देश

    बारिश से पहले यातायात सुगम बनाने पर जोर

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सख्त निर्देशों के बाद पत्थलगांव से कुनकुरी के बीच अपूर्ण सड़क भाग के मरम्मत कार्य में अब तेजी आएगी। विगत दिवस बलरामपुर में आयोजित सरगुजा संभाग के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस सड़क की खराब स्थिति और मरम्मत में हो रही देरी पर नाराजगी जताई थी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा था कि अपूर्ण सड़क के कारण आमजन को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए इस मार्ग का शीघ्र सुधार अत्यंत आवश्यक है। इसके बाद विभागीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई शुरू करते हुए मरम्मत कार्य को प्राथमिकता में रखा गया है। शासन के प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी पत्र अनुसार पत्थलगांव–कुनकुरी मार्ग के अपूर्ण भाग के मरम्मत हेतु पूर्व में प्रस्तुत प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। मरम्मत कार्य को जोनल एजेंसी के माध्यम से शीघ्र शुरू किया जाएगा। यदि जोनल एजेंसी उपलब्ध नहीं होती है, तो संबंधित संभागों के प्रचलित अनुबंध के अंतर्गत भी कार्य संपादित किया जा सकेगा।

    इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता अंबिकापुर को निर्देशित किया गया है कि वे मरम्मत कार्य पूर्ण होने तक अपना मुख्यालय कुनकुरी में स्थापित करें, ताकि कार्यों की सतत निगरानी और त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई न हो। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस कार्य को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि सड़क मरम्मत में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस पहल से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि बरसात के दौरान संभावित बाधाओं से भी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद तेज हुई यह कार्रवाई क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी और लंबे समय से लंबित इस सड़क सुधार कार्य को अब गति मिलेगी।

  • सुशासन तिहार 2026 में सख्त निर्देश: कलेक्टर रोहित व्यास ने अधिकारियों को चेताया—शिविर में मिले हर आवेदन का गंभीरता से हो निराकरण, मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य

    सुशासन तिहार 2026 में सख्त निर्देश: कलेक्टर रोहित व्यास ने अधिकारियों को चेताया—शिविर में मिले हर आवेदन का गंभीरता से हो निराकरण, मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य

    आवेदन में संबंधित व्यक्ति का मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज करें

    जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर से पूर्व सुबह पाली में स्वच्छता श्रमदान,जल संरक्षण संवर्धन के कार्य और युवाओं के लिए खेल प्रतियोगिता होगा आयोजित

    जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सुशासन तिहार के संबंध में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।

    उन्होंने बताया की प्रदेश स्तरीय सुशासन तिहार का आयोजन 1 मई से 10 जून तक आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में जशपुर के विभिन्न जनपद पंचायतों के 31 एवं नगरीय निकाय के 5 कुल 36 क्लस्टरों में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।

    इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री समीर बड़ा, एसडीएम जशपुर श्री विश्वास राव मस्के और जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

    कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारीयों को शिविर में उपस्थित होकर लोगों की प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।

     शिविर में आयुष्मान कार्ड, श्रम पंजीकरण,अपार आईडी, बिजली की समस्या, पानी की समस्याओं का भी समाधान करने के निर्देश दिए हैं।

    उन्होंने कहा जिन लोगों का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है उनका प्राथमिकता से कार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं।

    स्वास्थ्य विभाग को लोगों का स्वास्थ्य जांच करके निःशुल्क दवाईयां देने के लिए कहा।

    कलेक्टर ने केन्द्र और राज्य शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को देने के दिए निर्देश।

    उन्होंने महिला बाल विकास विभाग को गर्भवती महिलाओं की गोद भराई करने और पोषण आहार के संबंध में जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।

     समाज कल्याण विभाग को दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए कहा है।

    कलेक्टर ने सभी एसडीएम और जनपद पंचायत सीईओ को निर्देश दिए हैं कि सुशासन शिविर से पहले संबंधित गांव में स्वच्छता श्रमदान,जल संरक्षण संवर्धन के कार्य और युवाओं के लिए सुबह खेल प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

    स्वच्छता श्रमदान में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से शामिल करने के लिए कहा है।

    कलेक्टर ने नगरीय निकाय के शिविर में सुबह के पाली में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करने के निर्देश दिए हैं।

     प्राप्त आवेदनों में संबंधित व्यक्ति का मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज करें ताकि उनको आवेदन निराकरण की सही जानकारी समय पर उपलब्ध कराया जा सके।

    कलेक्टर ने अधिकारियो को निर्देश दिए हैं इस दौरान आश्रम स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, उचित मूल्य दुकान , स्वास्थ्य केंद्र आदि का भी निरीक्षण कर लें और जो वहां पर समस्या है उसका भी समाधान गंभीरता से करने के निर्देश दिए।

     उन्होंने कहा कि आवेदन का निराकरण होने पर हितग्राहियों का फोटो और विडियो अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं ताकि उसका व्यापक प्रचार प्रचार किया जा सके।

  • जशपुर में स्वास्थ्य क्रांति: सीएम विष्णुदेव साय की पहल से एंबुलेंस, हेल्पलाइन और नए अस्पतालों का विस्तार, दूरस्थ गांवों तक पहुंची त्वरित चिकित्सा सेवा

    जशपुर में स्वास्थ्य क्रांति: सीएम विष्णुदेव साय की पहल से एंबुलेंस, हेल्पलाइन और नए अस्पतालों का विस्तार, दूरस्थ गांवों तक पहुंची त्वरित चिकित्सा सेवा

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, हर गांव तक पहुंच रही इलाज की सुविधा

    मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मितान हेल्पलाइन बनी जीवनदायिनी, 3570 मरीजों को मिली त्वरित चिकित्सा सहायता

    जशपुर : वनांचल एवं अनुसूचित जनजाति बाहुल्य जिला जशपुर में आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवा के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी समय पर प्रभावी उपचार मिल सके। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिले को इसी वर्ष 01 अप्रैल को 23 एम्बुलेंस सेवाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें 3 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) तथा 20 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एम्बुलेंस शामिल हैं।

     मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मितान हेल्पलाइन आमजन के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। सीएम कैम्प कार्यालय बगिया में इलाज के लिए प्राप्त आवेदन पर तत्काल समाधान करते हुए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मितान की टीम द्वारा इलाज के लिए उचित व्यवस्था कराई जाती है। यह हेल्पलाइन आपातकालीन परिस्थितियों में निःशुल्क और त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान कर रही है। पिछले 26 महीनों में लगभग 3,570 मरीजों को चिकित्सकीय सलाह, दवाइयां, अस्पताल में भर्ती, रेफरल सेवा तथा आवश्यकता अनुसार एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। हेल्पलाइन की विशेषता यह है कि 5 मिनट के भीतर रिस्पांस दिया जाता है तथा प्रत्येक कॉल पर 1 से 3 फॉलोअप सुनिश्चित किए जाते हैं। साथ ही, ओला-उबर की तर्ज पर एंबुलेंस ट्रैकिंग लिंक उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों में वृद्धि हुई है।

     हेल्पलाइन से मिल रही त्वरित सहायता

    ग्राम गोरिया के कोरवाबहरी निवासी बजरंग राम बताते हैं कि उनकी माता संतरा बाई के मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए वे सीएम कैंप कार्यालय बगिया पहुंचे थे, लेकिन आर्थिक समस्या आड़े आ रही थी। आवेदन देने के मात्र 4 मिनट बाद हेल्पलाइन से कॉल आया और इलाज की प्रक्रिया शुरू हो गई। आज उनकी माता पूरी तरह स्वस्थ हैं। इसी तरह ग्राम सरायपानी, विकासखंड बगीचा के 80 वर्षीय दिव्यांग लुंवर साय, जो छाती में दर्द और सांस लेने में तकलीफ से पीड़ित थे, उन्होंने भी कैंप कार्यालय में आवेदन दिया। प्रशासन द्वारा तत्काल उनके उपचार की समुचित व्यवस्था कराई गई।

     जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना का हो रहा विस्तार

    मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। कुनकुरी विकासखंड के गिनाबहार में लगभग 8 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत से 50 बिस्तरीय मातृ-शिशु चिकित्सालय का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके अलावा जिले में मेडिकल कॉलेज, प्राकृतिक चिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी केंद्र, शासकीय नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना भी प्रस्तावित है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए नए स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण भी किया जा रहा है।

     पहाड़ी कोरवा हेल्पडेस्क से मिल रही सुलभ चिकित्सा

    विशेष पिछड़ी जनजाति समुदायों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहाड़ी कोरवा हेल्पडेस्क स्थापित किया गया है। यह हेल्पडेस्क आदिवासी महिलाओं द्वारा संचालित है, जो स्थानीय भाषा में संवाद कर लोगों में जागरूकता बढ़ा रही हैं। इस पहल के माध्यम से अब तक 1450 से अधिक मरीजों को ओपीडी, 900 से अधिक को आईपीडी सेवाएं तथा 140 से अधिक सुरक्षित संस्थागत प्रसव कराए जा चुके हैं। साथ ही, मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

  • एग्जाम अलर्ट: जशपुर में 7 मई को होगी PPT परीक्षा, ड्रेस कोड से लेकर एंट्री टाइम तक सख्ती, देर से पहुंचने पर नहीं मिलेगा प्रवेश

    एग्जाम अलर्ट: जशपुर में 7 मई को होगी PPT परीक्षा, ड्रेस कोड से लेकर एंट्री टाइम तक सख्ती, देर से पहुंचने पर नहीं मिलेगा प्रवेश

    जशपुर : छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा 07 मई 2026 को आयोजित होने वाली पीपीटी प्रवेश परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। जशपुर जिले में परीक्षा शासकीय रा.भ.रा.एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय जशपुर में पूर्वाह्न 10.00 बजे से दोपहर 01.15 बजे तक होगी। जशपुर में कुल 118 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु डिप्टी कलेक्टर श्री समीर बड़ा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

    अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश –

    परीक्षार्थी परीक्षा के एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का अनिवार्य रूप से अवलोकन कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर कोई असुविधा न हो। परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम ’2 घंटे पहले’ परीक्षा केंद्र में पहुंचें। फ्रिस्किंग और फोटो युक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन किया जाएगा। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आएं। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े वर्जित हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा। अतिरिक्त सुरक्षा जांच के बाद ही पोशाक की अनुमति मिलेगी। केवल चप्पल पहनकर आना होगा। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्रवाई होगी और अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी। परीक्षार्थी केवल ’काले या नीले बॉल पाइंट पेन’ लेकर आना होगा।