कुनकुरी में सरपंच और साथी को गुंडागर्दी करना पड़ा भारी : ट्रैफिक जवान से बदसलूकी करने वाले दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल, वाहन लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी शुरू

कुनकुरी/जशपुर, 6 मई 2025कानून से ऊपर कोई नहीं” – यह बात जशपुर पुलिस ने एक बार फिर साबित की है। कुनकुरी बस स्टैंड मार्ग पर सोमवार की शाम नशे की हालत में ट्रैफिक पुलिस जवान से मारपीट, गाली-गलौच और धमकी देने वाले सरपंच नवीन साय और उसके साथी दीपक पाठक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

घटना उस समय हुई जब यातायात आरक्षक निरोज कुजूर ड्यूटी पर तैनात थे। रारा मेडिकल स्टोर के सामने सड़क पर खड़ी हुंडई एसेन्ट कार (CG14LW9087) से जाम की स्थिति बन गई थी। ट्रैफिक खुलवाने के लिए जवान द्वारा गाड़ी हटाने की बात कहने पर कार चालक नवीन साय (सरपंच, ग्राम बेने चटकपुर) और उसका साथी दीपक पाठक आगबबूला हो गए और पुलिसकर्मी से खुलेआम गाली-गलौच, हाथापाई और जान से मारने की धमकी तक दे डाली।

वीडियो बनाने पर मोबाइल पटक दिया

जब ट्रैफिक जवान ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया तो दीपक पाठक ने उसका मोबाइल छीनकर सड़क पर पटक दिया। इस पूरे घटनाक्रम की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया।

मेडिकल में शराब की पुष्टि, अब लगेगा ₹10,000 जुर्माना

दोनों आरोपियों को चिकित्सीय परीक्षण हेतु भेजा गया, जहां शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि हुई। इसी आधार पर आरोपी चालक नवीन साय के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्यवाही की जा रही है, जिसमें ₹10,000 का जुर्माना और लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अपराध स्वीकार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

पुलिस जांच में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है और पर्याप्त सबूत भी मिले हैं। थाना कुनकुरी में बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2), 132, 121(1), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

SSP का कड़ा संदेश: “कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं”

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा – कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे कोई जनप्रतिनिधि हो या आम नागरिक, पुलिस व्यवस्था के विरुद्ध आचरण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

Related posts