जशपुर में पांच पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, एसएसपी ने ड्यूटी के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने वाले पाँच पुलिस कर्मचारियों को किया सस्पेंड.
मुल्जिम पेशी से वापसी के दौरान सतर्क नहीं रहने पर इनकी अभिरक्षा से भाग गया एक मुलजिम.
नाम पुलिसकर्मी जिनको किया गया सस्पैंड – 1 – प्रधान आरक्षक 97 सुनसाय एक्का, 2 – आरक्षक 481 लव कुश पैंकरा, 3 – आरक्षक 559 जनक साय, 4 – आरक्षक 281 डायमंड तिग्गा, 5 – आरक्षक 205 पुतूरु राम, सस्पेंशन के दौरान मिलेगा केवल नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता.
जशपुर. 04 जून 2025 : जशपुर जिले में पुलिस अभिरक्षा से एक गंभीर अपराध का आरोपी मुल्जिम पेशी से लौटते समय फरार हो गया, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। यह घटना 2 जून 2025 की रात को घटित हुई, जब मुल्जिम रितेश प्रताप सिंह, हथकड़ी जंजीर से खुद को छुड़ा कर चलती गाड़ी से कूद गया और फरार हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने ड्यूटी में घोर लापरवाही बरतने वाले पांच पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रकरण की प्राथमिक जांच एसडीओपी चंद्रशेखर परमा को सौंपी गई है।
दिनांक 02 जून 2025 को जिला जेल जशपुर में निरुद्ध धारा 296,115(2),118,64 व 62 बीएनएस का मुल्जिम रितेश प्रताप सिंह पिता संजीव सिंह राजपूत, उम्र 24 वर्ष, निवासी डुगडुगिया कुनकुरी, जो कि पूर्व में एक नाबालिग लड़की के साथ शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण के मामले में जेल जा चुका था और जेल से छूटने के बाद पुनः उक्त लड़की से शादी की बात को लेकर मारपीट करने पर, लड़की की शिकायत पर पुलिस के द्वारा संबंधित धाराओं में कार्यवाही करते हुए जेल भेजा गया था।
मुल्जिम रितेश प्रताप सिंह को जिला जेल जशपुर से छः अन्य मुलजिमों के साथ शासकीय वाहन से पेशी हेतु कुनकुरी न्यायालय में ले जाया गया था। पेशी के पश्चात वापसी के वक्त रात्रि 19:45 बजे लोरो घाट के पास मुल्जिम रितेश प्रताप सिंह, हथकड़ी जंजीर को हाथ से निकाल कर, चलती गाड़ी में पुलिस को चकमा देते हुए कूद कर फरार हो गया, जो कि ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों के द्वारा कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही को दर्शाता है।

इस प्रकार की गंभीर लापरवाही बरतने पर ड्यूटी में तैनात पांच पुलिसकर्मियों क्रमशः 1. प्रधान आरक्षक 97 सुनसाय एक्का, 2. आरक्षक 481 लव कुश पैंकरा, 3. आरक्षक 559 जनक साय, 4. आरक्षक 281 डायमंड तिग्गा, 5. आरक्षक 205 पुतूरु राम को एसएसपी (SSP) जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के द्वारा निलंबित कर रक्षित केन्द्र जशपुर संबद्ध किया गया है। निलंबन की अवधि में नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। निलंबित कर्मचारियों के विरूद्ध प्राथमिक जांच हेतु एसडीओपी जशपुर श्री चंद्रशेखर परमा को सौंपा गया है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि कुनकुरी से मुलजिम पेशी के दौरान लौटते वक्त एक मुलजिम पुलिस की अभिरक्षा से फरार हो गया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है, अपने ड्युटी के दौरान घोर लापरवाही बरतने पर पांच पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है, उनके विरुद्ध विभागीय जांच बैठाया जाएगा।
