एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना मौदहपारा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही, आरोपी के कब्जे से 3.898 किलोग्राम गांजा किया गया है जप्त.
आरोपी विनोद निषाद के विरूद्ध थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 92/25 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट का अपराध किया गया है पंजीबद्ध.
रायपुर. 12 जून 2025 : रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी विनोद निषाद, जो उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद का निवासी है, को मौदहापारा थाना क्षेत्र के शहीद स्मारक पार्किंग से गांजा के साथ पकड़ा गया। साइबर यूनिट और थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी के पास से 3.898 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग ₹38,000 आंकी गई है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज रायपुर श्री अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार रायपुर पुलिस द्वारा नशे के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट को नशे का काला कारोबार करने वाले कारोबारियों की पतासाजी कर कार्यवाही करने एवं इस पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। जिस पर समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट की टीम द्वारा मुखबीर लगाकर, पेट्रोलिंग व सूचना संकलन कर नशे का कारोबार करने वाले कारोबारियों के संबंध में सूचना एकत्रित की जा रही है।
इसी तारतम्य में दिनांक 11 जून 2025 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना मौदहापारा क्षेत्रांतर्गत शहीद स्मारक के पार्किंग स्थल में एक व्यक्ति अपने पास बैग में गांजा रखा है तथा बिक्री करने की फिराक में है। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिए के व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम विनोद निषाद निवासी इलाहाबाद (उ.प्र.) का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके पास रखे बैग की तलाशी लेने पर बैग में गांजा रखा होना पाया गया।
जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी विनोद निषाद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.898 किलो ग्राम गांजा कीमत लगभग 38,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 92/25 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी – विनोद निषाद पिता मुन्ना निषाद उम्र 35 साल साकिन पुरावल्दी किटगंज थाना किटगंज जिला इलाहाबाद (उ.प्र.)।
इस प्रकरण की कार्यवाही में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक मुकेश सोरी, प्रधान आरक्षक अनुप मिश्रा, प्रधान आरक्षक सुनील सिलवाल, आरक्षक आशीष पाण्डेय, आरक्षक संतोष सिन्हा, आरक्षक आशीष राजपूत एवं आरक्षक राहुल गौतम तथा थाना मौदहापारा से उपनिरीक्षक काशीनाथ मण्डावी एवं सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
