थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत गांधी नगर स्थित सुलभ के पास आरोपी को पकड़ा गया गांजा के साथ रंगे हाथ.
एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्यवाही, आरोपी के कब्जे से 1.300 किलोग्राम गांजा किया गया है जप्त.
आरोपी के विरूद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 119/25 धारा 20–बी नारकोटिक एक्ट का अपराध किया गया है पंजीबद्ध.
रायपुर. 13 जून 2025 : रायपुर शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता सामने आई है। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में गांधी नगर स्थित सुलभ के पास गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे आरोपी राजेश गुप्ता उर्फ अज्जू को 1.3 किलोग्राम गांजा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में NDPS एक्ट की धारा 20-बी के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्यवाही की जा रही है। इस सफलता के पीछे पुलिस की सतर्कता, तकनीकी सूचना तंत्र और सक्रिय पेट्रोलिंग का बड़ा योगदान है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज रायपुर श्री अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार रायपुर पुलिस द्वारा नशे के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट को नशे का काला कारोबार करने वाले कारोबारियों की पतासाजी कर कार्यवाही करने एवं इस पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। जिस पर समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट की टीम द्वारा मुखबीर लगाकर, पेट्रोलिंग व सूचना संकलन कर नशे का कारोबार करने वाले कारोबारियों के संबंध में सूचना एकत्रित की जा रही है।
इसी तारतम्य में दिनांक 12 जून 2025 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत गांधी नगर स्थित सुलभ के पास एक व्यक्ति अपने पास थैला में गांजा रखा है तथा बिक्री करने की फिराक में है। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिए के व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम राजेश गुप्ता ऊर्फ अज्जू ऊर्फ अजेश निवासी गांधी नगर कोतवाली रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके पास रखें थैले की तलाशी लेने पर थैले में गांजा रखा होना पाया गया।
जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी राजेश गुप्ता ऊर्फ अज्जू ऊर्फ अजेश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.300 किलो ग्राम गांजा कीमत लगभग 13,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 119/25 धारा 20-बी नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही की गई।
गिरफ्तार आरोपी – राजेश गुप्ता ऊर्फ अज्जू ऊर्फ अजेश पिता गोरेलाल गुप्ता उम्र 42 साल निवासी गांधी नगर बिहारी किराना स्टोर्स के पास थाना सिटी कोतवाली रायपुर.
इस प्रकरण की कार्यवाही में निरीक्षक सुधांशु बघेल थाना प्रभारी कोतवाली, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक मुकेश सोरी, प्रधान आरक्षक अनुप मिश्रा, प्रधान आरक्षक सुनील सिलवाल, आरक्षक आशीष पाण्डेय, आरक्षक संतोष सिन्हा, आरक्षक आशीष राजपूत एवं आरक्षक राहुल गौतम तथा थाना कोतवाली से सहायक उपनिरीक्षक गिरीश पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
