सिविल डिफेंस की स्पेशल टीम द्वारा बिलासपुर स्टेशन पर अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण का आयोजन.
बिलासपुर. 26 जून 2025 : बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर सिविल डिफेंस की विशेष टीम द्वारा अग्नि सुरक्षा पर आधारित एक जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ट्रेन में आग लगने जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए केटरिंग स्टॉल के कर्मचारियों को फायर सेफ्टी उपकरणों के उपयोग, निकासी प्रक्रिया और त्वरित प्रतिक्रिया उपायों की प्रशिक्षण दिया गया। यह पहल यात्रियों को सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करने और रेल सम्पदा की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में बिलासपुर मंडल की सराहनीय पहल है।
ट्रेनों में आग लगने की घटनाएं मानव जीवन एवं रेल सम्पदा के लिए सबसे गम्भीर आपदाओं में से एक है। इसी संदर्भ में यात्रियों को सुरक्षित यात्रा वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिलासपुर मंडल में अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण अभियान चलाई जा रही है।
इसी क्रम में यात्रियों की सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों के तहत दिनांक 25 जून 2025 को बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 02 व 03 में स्थित केटरिंग स्टॉल के कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान सिविल डिफेंस टीम द्वारा आग बुझाने के विभिन्न तरीकों, अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग और सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया को भी बताया गया, साथ ही रेलवे कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करने, नियमित निरीक्षण करने तथा तुरंत सूचना देने हेतु प्रेरित किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
