गौ तस्करों पर जशपुर पुलिस का बड़ा वार : ऑपरेशन शंखनाद से जंगल में मची खलबली, 58 वर्षीय एक तस्कर गिरफ्तार, छः और तस्करों की पहचान, 1200 से अधिक गौवंश अब तक छुड़ाए जा चुके, आरोपी भेजा गया जेल.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व व दिशानिर्देश पर गौ तस्करी के खिलाफ,जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है,  जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ कार्यवाही करते हुए अब तक 1200 से अधिक गौ वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है , साथ ही 131 गौ तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है,इसी क्रम में जशपुर पुलिस ने चौकी सोनक्यारी क्षेत्र से 35 नग गौ वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। व एक आरोपी तस्कर को भी पकड़ने में सफलता मिली है।

मिली जानकारी के अनुसार चौकी सोनक्यारी पुलिस को मुखबीर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति चौकी सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत ग्राम गुल्लू की ओर से ओरकेला होते हुए, 30 से 35 नग गौ-वंशों को हांक कर, बेरहमी पूर्वक मारते पीटते हुए, पैदल जंगल के रास्ते झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। जिस पर चौकी सोनक्यारी पुलिस के द्वारा सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर के दिशा निर्देश पर पुलिस टीम के साथ मुखबिर के बताए स्थान पर जाकर देखा तो पाया कि कुछ व्यक्ति गौ-वंशों को हांकते हुए, तेजी से ले जा रहे हैं, पुलिस के द्वारा जब तस्करों को पकड़ने हेतु घेराबंदी की जा रही थी, इसी दौरान तस्कर, पुलिस को देख जंगल का फायदा उठा कर भागने की कोशिश कर रहे थे,  पुलिस के द्वारा पीछा कर एक तस्कर को हिरास्त में ले लिया गया, उसके अन्य साथी फरार को गए। पूछताछ पर हिरासत में लिए गए तस्कर ने अपना नाम जेरोम एक्का, उम्र 58 वर्ष निवासी ग्राम कोटया, जोकबहला थाना नारायणपुर का रहने वाला बताया। पुलिस के द्वारा जब उससे गौ-वंशों से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की गई तो उसके द्वारा कोई दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका, पुलिस ने आरोपी तस्कर जेरोम एक्का के कब्जे से सभी 35 नग गौ वंशों को सकुशल बरामद कर लिया है व पशु चिकित्सक से गौ-वंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है।

आरोपी तस्कर जेरोम एक्का से पूछताछ पर पुलिस को मालूम चला है कि उक्त गौ वंश की तस्करी में उसके अतिरिक्त और 06 व्यक्ति शामिल हैं। जिनके द्वारा गौ-वंशों को आसपास के ग्रामों से खरीदकर, पकड़े गए आरोपी जेरोम एक्का को चौकी सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत ग्राम ओरकेला तक हांक कर ले जाने हेतु कहा गया था। इस एवज में उसे एक निश्चित रकम दी गई थी। ओरकेला से कोई और व्यक्ति उक्त गौ-वंशों को हांक कर झारखंड ले जाता। पुलिस के द्वारा हिरासत में लिए गए तस्कर जेरोम एक्का की निशानदेही पर अन्य 06 तस्करों को भी चिन्हित कर लिया गया है, उनकी पता साजी जारी है, उन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

प्रकरण में पुलिस के द्वारा आरोपी गौ वंश तस्करों के विरुद्ध चौकी सोनक्यारी में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है व आरोपी तस्कर जेरोम एक्का उम्र 58 वर्ष निवासी ग्राम कोटया, जोकबहला, थाना नारायणपुर जिला जशपुर (छ ग) के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Related posts