कुनकुरी, 9 अगस्त 2025। कुनकुरी-लवाकेरा राजमार्ग पर नगर सीमा के पास रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा शाम लगभग 6 बजे के आसपास हुआ, जब नगर में विश्व आदिवासी दिवस का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सड़कों पर भारी भीड़ देखी जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रवण सिंह, निवासी ग्राम ढ़ोंगाआम्बा, कुनकुरी से गड़ाकटा की ओर तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था। गड़ाकटा स्थित पेट्रोल पंप के पास युवक अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे में उसका काफी खून बह गया और मौके पर ही वह अचेत हो गया।
दुर्घटना के तुरंत बाद, वहां से गुजर रहे बिजली विभाग के एक पिकअप वाहन ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को नजदीकी निजी चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को बेहद चिंताजनक बताते हुए प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है।
सूचना मिलने पर कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, हादसे के सटीक कारणों का पता आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही चल पाएगा। घायल के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
