पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया, जांच जारी
कुनकुरी, 19 अगस्त 2025। कुनकुरी नगर में सोमवार की सायं लगभग 6 बजे एक मामूली पूछताछ से शुरू हुआ विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि मारपीट और अस्पताल में हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। मामला थाना क्षेत्र कुनकुरी के अंतर्गत आदिवासी कॉम्प्लेक्स स्थित एक मोटर मैकेनिक की दुकान का है, जहां हरिहर विश्वकर्मा अपने किसी काम से पहुंचे थे।
दुकान पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, हरिहर विश्वकर्मा जब मोटर मैकेनिक अमन के बारे में पूछताछ करने पहुंचे, तो उसी समय वहां काम कर रहे अरसद हुसैन से किसी बात को लेकर बहस और विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर हरिहर विश्वकर्मा ने अपने दोनों पुत्रों विक्रम विश्वकर्मा और विकास विश्वकर्मा को मौके पर बुला लिया।
मौके पर पहुंचने के बाद दोनों पुत्रों और अरसद हुसैन के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि स्थिति मारपीट तक जा पहुंची। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और स्थिति को सामान्य किया।
अस्पताल में हुई दोबारा भिड़ंत
घटना के कुछ समय बाद अरसद हुसैन अपने परिजनों के साथ कुनकुरी थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल अरसद हुसैन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर डॉक्टरी परीक्षण कराया।
संयोगवश, उसी समय स्वास्थ्य केंद्र में हरिहर विश्वकर्मा का बड़ा पुत्र विक्रम विश्वकर्मा अपनी पत्नी और बच्चे को इलाज कराने के लिए मौजूद था। यहां अचानक फिर से अरसद और विक्रम के बीच विवाद छिड़ गया और देखते ही देखते मामला जमकर मारपीट में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान अरसद हुसैन के कुछ साथियों ने भी विक्रम विश्वकर्मा के साथ मारपीट की। मामला इतना बिगड़ गया कि अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और हंगामा की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पुलिस का दखल और तनाव का माहौल
घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग कर हंगामा शांत कराया। सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने लाया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं।
तनाव का वातावरण, पुलिस की सतर्कता
इस पूरे घटनाक्रम के बाद कुनकुरी नगर में तनाव का वातावरण बन गया है। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है और नियमानुसार आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।

Comments are closed.