बिलासपुर में नशे का बड़ा नेटवर्क बेनकाब : नशे से अपराध तक, चाकूबाजी केस ने खोली सप्लाई चेन की परतें, पुलिस ने 24 घंटे में दबोचे आरोपी, Nitrazepam के 150 टैबलेट के साथ आरोपी गिरफ्तार.

बिलासपुर पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई करने वाले आरोपी अमन सिंघल  को रंगे हाथ पकड़ा है। उसके पास से Nitrazepam के 150 टैबलेट बरामद किए गए। यह दवा अनिद्रा (Insomnia) के इलाज में उपयोग होती है, लेकिन नशे के रूप में इसका दुरुपयोग बेहद खतरनाक है। इससे व्यक्ति को भ्रम होना, अवास्तविक चीजें देखना-सुनना, चिड़चिड़ापन, आक्रामकता और मानसिक असंतुलन जैसी गंभीर समस्याएँ हो सकती हैं। अमन सिंघल के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 22 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर लिया गया है।

इस गिरफ्तारी का संबंध 25 अगस्त की रात तितली चौक मार्ग पर हुई चाकूबाजी की घटना से है। उस घटना में नशे की हालत में तीन युवकों ने विवाद के दौरान शहडोल निवासी समीर यादव पर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर ही दो नाबालिगों और अमन सारथी (निवासी–चिंगराजपारा) को गिरफ्तार कर लिया।

विवेचना में यह सामने आया कि इन युवकों को नशे का सामान राहुल (निवासी–बंगालीपारा, सरकंडा) उपलब्ध कराता था। पुलिस ने राहुल को भी गिरफ्तार किया और उसे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 49 के तहत दुष्प्रेरणा का आरोपी बनाया। राहुल से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह अमन सिंघल नामक युवक से नशीली दवाएँ खरीदता है। इसी इनपुट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रैप बिछा कर अमन सिंघल को रंगे हाथ पकड़ लिया और नशीली दवाएँ बरामद की।

Related posts