सिर्फ 33 घंटे 20 मिनट में पूरा हुआ बड़ा काम! कुसमुंडा ब्लॉक स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का सफल क्रियान्वयन, रेलवे की तकनीकी दक्षता का कमाल

कुसमुंडा ब्लॉक स्टेशन में इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का सफल क्रियान्वयन, अनुमत समय से काफी कम समय में पूरा किया गया यह कार्य

उरगा- कुसमुंडा ब्लॉक स्टेशन के मध्य 12.63 किलोमीटर लंबी कोरबा बायपास लाइन पर गाड़ियों के परिचालन का मार्ग होगा प्रशस्त

बिलासपुर, 02 सितम्बर 2025  :  यात्रियों को संरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध रेल सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए अधोसंरचना विकास के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा अधोसंरचना विकास के तहत  “उरगा- कुसमुंडा ब्लॉक स्टेशन के मध्य 12.63 किलोमीटर लंबी कोरबा बायपास लाइन का निर्माण किया जा रहा है | इस नई द्वि-दिशात्मक लाइन कनेक्टिविटी हेतु कुसमुंडा ब्लॉक स्टेशन में एनआई का कार्य सम्पन्न किया गया |

इस कार्य के अंतर्गत पैनल इंटरलॉकिंग में संशोधन, कुल 71 सिग्नल रूट, 9 नये सिग्नल, 2 टर्न-आउट पॉइंट्स, 5 ट्रैक सर्किट्स, SLBP with UFSBI, SSDAC सिस्टम तथा कंट्रोल पैनल में बदलाव किए गए हैं। पुरानी एंड पैनल इंटरलॉकिंग प्रणाली को प्रतिस्थापित कर अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली लागू की गई है। यह उन्नयन न केवल संरक्षा मानकों को सुदृढ़ करेगा, बल्कि संचालन प्रक्रिया को भी अधिक सुगम, प्रभावशाली एवं विश्वसनीय बनाएगा।

यह कार्य बिलासपुर मंडल एवं IRCON के संयुक्त प्रयासों से मात्र 33 घंटे 20 मिनट में पूरा कर लिया गया, जबकि इसके लिए 48 घंटे का समय अनुमत था। इससे गाड़ियों की परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी तथा गाड़ियों के सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन में भी सहूलियत मिलेगी। यह कार्य मंडल की तकनीकी दक्षता, बेहतर योजना एवं टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण है।

उल्लेखनीय है पहले चरण में उरगा स्टेशन में एनआई का कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया था |  दोनों स्टेशनों में एनआई कार्य सम्पन्न होने से इस नई लाइन पर ट्रेनों के परिचालन का मार्ग प्रशस्त हो गया है |

Related posts