युवती की रिपोर्ट पर चौकी दोकड़ा में आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 64 (1),(2)(m) के तहत अपराध पंजीबद्ध व थाना दुलदुला में भादवि की धारा 376(2)(द) के तहत अपराध पंजीबद्ध, मामला चौकी दोकड़ा एवं थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत का.
1. चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत नाम आरोपी – शिवा चौहान उम्र 22 वर्ष.
2. थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत नाम आरोपी – राम प्रसाद सिंह उम्र 21 वर्ष.
जशपुर. 05 सितंबर 2025 : जशपुर जिले में शादी का झांसा देकर युवतियों का शारीरिक शोषण करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। चौकी दोकड़ा और थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत दर्ज दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा। पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि महिलाओं और बच्चियों से जुड़े अपराधों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 02 सितंबर 2025 को थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत रहने वाली 18 वर्षीय पीड़ित प्रार्थिया ने अपने पिता के साथ, चौकी दोकड़ा आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी, कि वह रक्षा बंधन के दिन, अपनी फुआ के घर, थाना कुनकुरी क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम में गई थी। वहां से वह अपनी फुआ के साथ, चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत आरोपी शिवा चौहान के घर मेहमान के रूप में गई थी। दिनांक 09 अगस्त 2025 को जब प्रार्थिया सोई हुई थी, उसी दौरान आरोपी शिवा चौहान आया व तुमसे प्यार करता हूं, शादी करूंगा कहकर, प्रार्थिया के मना करने के बावजूद, उसका शारीरिक शोषण किया। आरोपी शिवा चौहान पीड़ित प्रार्थिया को अपने घर में ही रखा था, उसे किसी से बात करने नहीं देता था, हर समय उसके साथ ही रहता था, इसी दौरान घटना के दो दिन बाद, आरोपी शिवा अपने मोबाइल फोन को छोड़ कर बाहर गया था, तभी प्रार्थिया के द्वारा अपने मां-बाप को फोन से सूचित कर घटना की जानकारी दी गई। तब उसके माता पिता, तत्काल प्रार्थिया को लेने आरोपी शिवा चौहान के घर आए, तब आरोपी शिवा चौहान, पीड़िता के माता-पिता से भी झगड़ा करने लगा, तब प्रार्थिया अपने माता-पिता के साथ, अपने गांव चली गई। इस प्रकार आरोपी शिवा चौहान के द्वारा, पीड़िता को पत्नी बनाकर रखूंगा, कहते हुए, उसके साथ दो दिनों तक पीड़िता के मना करने के बावजूद जबरन उसका शारीरिक शोषण किया गया है।
महिला संबंधी अपराध होने पर मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल, पुलिस के द्वारा चौकी दोकड़ा में आरोपी शिवा चौहान के विरुद्ध बीएनएस की धारा 64 (1),(2)(m) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।
पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी शिवा चौहान को हिरासत में ले लिया गया, पुलिस की पूछताछ में अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर, विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी दोकड़ा उपनिरीक्षक अशोक यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक प्रकाश मिंज, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक शशिकांत टोप्पो व महिला आरक्षक रेणु टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इसी प्रकार थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 03 सितंबर 2025 को थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत प्रार्थिया ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया, कि वह वर्ष 2021 में थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत एक स्कूल में पढ़ाई कर रही थी, उसी दौरान अपनी सहेली से मिली मोबाइल नंबर से प्रार्थिया का थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत आरोपी राम प्रसाद सिंह से परिचय हुआ था। इसी दौरान वर्ष 2022 में आरोपी राम प्रसाद सिंह के द्वारा पीड़ित प्रार्थिया को मिलने के लिए दुलदुला क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम में बुलाया, फिर अपने एक दोस्त के घर में ले जाकर शादी का झांसा देते हुए, उसका शारीरिक शोषण किया, तब से लेकर लगातार, बीच बीच में आरोपी राम प्रसाद सिंह के द्वारा प्रार्थिया को मिलने के बहाने बुलाकर, अलग-अलग स्थानों में ले जाकर उसका शारीरिक शोषण किया जाता रहा है। इस दौरान प्रार्थिया गर्भवती भी हो गई, व एक बच्चे को भी जन्म दी है, जो कि आरोपी रामप्रसाद सिंह का ही है, परंतु आरोपी अब प्रार्थिया से शादी करने से इनकार कर रहा है।
रिपोर्ट पर पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए थाना दुलदुला में भादवि की धारा 376(2)(द) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी राम प्रसाद सिंह को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही में थाना प्रभारी दुलदुला निरीक्षक के.के.साहू, महिला प्रधान आरक्षक चम्पा पैंकरा, आरक्षक एलेक्सियस तिग्गा व नगर सैनिक दुर्गा प्रसाद गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि महिलाओं व बच्चों से सम्बन्धित अपराध को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। चौकी दोकड़ा व थाना दुलदुला क्षेत्र में शादी का झांसा देकर, युवतियों का शारीरिक शोषण करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस प्रकार के अपराध में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा।
