देर रात ड्रंक एंड ड्राइव करने वाले चालकों के विरूद्ध रायपुर पुलिस की अभियान कार्यवाही लगातार जारी.
रात्रि 11:00 बजे से 02:00 बजे तक शहर के अलग-अलग पाइंटों पर बेरिकेटिंग कर चलाया जा रहा चेकिंग अभियान. विगत 15 दिवस के भीतर 91 वाहन चालकों पर कार्यवाही कर प्रकरण निराकरण हेतु भेजा गया कोर्ट.
वर्ष 2025 में अब तक 1277 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के अंतर्गत की गई है कार्यवाही.
रायपुर. 16 सितंबर 2025 : रायपुर पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। रात 11 बजे से 2 बजे तक चल रहे इस चेकिंग अभियान में पिछले 15 दिनों में 91 चालकों को पकड़कर कोर्ट भेजा गया। वर्ष 2025 में अब तक 1277 वाहन चालकों पर कार्रवाई हो चुकी है, जिसमें 532 के लाइसेंस निलंबित करने की कार्यवाही भी की गई हैं।
शहर की यातायात व्यवस्था के सुगम संचालन में ड्रंक एण्ड ड्राइव वाहन चालक सबसे बड़ी बाधा है। नशे की हालत में होने के कारण स्वयं तथा दूसरे वाहन चालक के जान के लिए जोखिम भरा होता है। ऐसे वाहन चालकों पर सख्त कार्यवाही हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर त्यौहारी सीज़न को ध्यान में रखते हुए अपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर श्री सतीश ठाकुर एवं श्री गुरजीत सिंह के नेतृत्व में चलाई जा रही है।

जिसमें उप पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी स्वयं उपस्थित रहकर सहायक उपनिरीक्षक से लेकर निरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों की रात्रि 11:00 से 2:00 के मध्य ड्यूटी लगाकर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। विगत 15 दिनों के भीतर ड्रंक एण्ड ड्राइव पर विशेष अभियान कार्यवाही के दौरान 91 वाहन चालक पकड़े गये, जिसमें दो पहिया चालक 32, कार चालक 45, माल वाहक 11 एवं ई रिक्शा/ऑटो चालक के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए प्रकरण माननीय न्यायालय में पेश किया गया, सभी वाहन चालकों को 10 से 15 हजार रुपए तक अर्थ दंड से दंडित किया गया।
वर्ष 2025 में 15 सितंबर तक 1277 वाहन चालकों को विरुद्ध मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के अंतर्गत कार्यवाही की गई है, साथ ही उपरोक्त प्रकरणों के 532 वाहन चालकों का लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही भी की गई है।
