जशपुर में कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई की चेतावनी! लापरवाह ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट, किराया नहीं चुकाने वालों की दुकानों पर लगेगा ताला

नगरीय निकायों में कार्य ना करने वाले ठेकेदारों पर करें सख्त कार्रवाई – कलेक्टर जशपुर

दुकान किराया ना चुकाने पर दुकानें की जाए सील – कलेक्टर

कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा बैठक का हुआ आयोजन

जशपुर, 16 सितंबर 2025/ कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभाकक्ष में मंगलवार को नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने काम ना करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए ।

उन्होंने राजस्व वसूली की स्थिति की जानकारी लेते हुए संपत्ति कर का सर्वे करते हुए वार्डवार जानकारी लेकर इसकी वसूली तीव्र गति से करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल का समेकित कर, भवन-भूखंड कर, निर्यात कर, बाजार कर आदि की समीक्षा करते हुए करना पटाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने दुकानों का कर एवं किराया ना देने वालों की दुकानों को सील करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, आयुष्मान कार्ड निर्माण, वृक्षारोपण, तालाब सौंदर्यीकरण, अमृत योजना के अंतर्गत किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट निर्माण की स्थिति का जायजा लेते हुए सभी नगरीय निकायों में इसके निर्माण को तीव्र गति से कराने को कहा। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर हरिओम द्विवेदी एवं विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Related posts