रात में कैंप से मोबाइल और नकदी चोरी ! रायकेरा कैंप चोरी कांड सुलझा, मोबाइल और 8400/- रुपये बरामद, घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को चंद दिनों में गिरफ्तार कर भेजा रिमांड पर.

रायगढ़. 18 सिंतबर 2025 : रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना पुलिस ने रायकेरा स्थित व्हीपीआर कंपनी कैंप में हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी गए दो मोबाइल फोन और 8400 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

घरघोड़ा थाना पुलिस ने रायकेरा स्थित व्हीपीआर कंपनी के कैंप से मोबाइल और नगदी रकम की चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए रिमांड पर भेज दिया है।

मामला 29 अगस्त 2025 का है जब प्रार्थी धर्मेंद्र कुमार पिता विजय प्रसाद उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम बखौरा जिला सोनभद्र (उ.प्र.), जो एनटीपीसी तलाईपाली परियोजना अंतर्गत अनुबंध कंपनी व्हीपीआर में कार्यरत है, अपने दो साथियों के साथ रायकेरा कैंप के कमरे में सो रहा था। रात करीब 10:30 बजे तीनों कमरे का दरवाजा बिना कुंडी लगाए सो गए थे और अपने-अपने मोबाइल व पर्स तकिए के पास रख दिए थे। सुबह 4:00 बजे जागने पर धर्मेंद्र ने पाया कि उसका पोको मोबाइल और पर्स से 4500/- रुपये नगद गायब है। जांच करने पर उसके साथियों रतनेश कुमार का वीवो मोबाइल व 2100/- रुपये और सुभेंदु सामर के पर्स से 15,500/- रुपये भी चोरी हो चुके थे। कुल मिलाकर 2 मोबाइल कीमत 25 हजार रुपये और 22,100/- रुपये नगद चोरी होने की रिपोर्ट थाना घरघोड़ा में दर्ज की गई। इस रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 244/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया।

जांच के दौरान गवाहों के कथन और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कुनाल पंडा पिता अनिल पंडा उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम भुईयापानी थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उसके मेमोरेंडम पर चोरी गए दोनों मोबाइल और 8400/- रुपये नगद बरामद कर गवाहों की मौजूदगी में जप्त किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया।

Related posts