‘अग्निवीर’ प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ : उर्दना पुलिस लाइन में शुरू हुआ ‘अग्निवीर’ प्रशिक्षण शिविर, एसपी दिव्यांग पटेल ने बढ़ाया युवाओं का हौसला, रायगढ़ एसपी दिव्यांग पटेल बोले – सेना में चयन गर्व की बात.

शासन की महत्वाकांक्षी अग्निवीर” योजना के अंतर्गत लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए जिले में माननीय वित्त मंत्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन पर जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस द्वारा विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन उर्दना पुलिस लाइन में किया जा रहा है। आज दिनांक 28 अक्टूबर 2025 को पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने रायगढ़ सहित जिले के विभिन्न तहसीलों से आए अभ्यर्थियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि पिछले साल 50 से अधिक अभ्यर्थियों ने शिविर में भाग लिया था, जिसमें 15 अभ्यर्थियों का सलेक्शन हुआ, इस बार और अधिक अभ्यर्थियों का सलेक्शन हो इसके लिए अपनी शुभकामनाएं दी।

अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए एसपी श्री दिव्यांग पटेल ने कहा कि सेना में चयन होना किसी भी युवक के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह न केवल देश सेवा का अवसर है बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक भी है। उन्होंने उपस्थित युवाओं से कहा कि वे इस प्रशिक्षण शिविर का भरपूर लाभ लें, क्योंकि यह न केवल अग्निवीर योजना बल्कि अन्य भर्ती परीक्षाओं की तैयारी में भी उन्हें सक्षम बनाएगा। श्री दिव्यांग पटेल ने यह भी कहा कि जिनके परिचित अभ्यर्थी इस योजना के अंतर्गत लिखित परीक्षा में सफल हुए हैं, उन्हें भी इस शिविर में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। जिला पुलिस द्वारा शिविर में प्रतिभागियों के रहने और खाने की पूर्ण व्यवस्था की गई है ताकि वे निश्चिंत होकर तैयारी कर सकें।

Related posts