जशपुर : धान उपार्जन अवधि में प्रशासन हुआ अलर्ट—अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को सतत निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए

अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू ने ली खाद्य एवं सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक

समय-सीमा में खाद्यान्न भंडारण, राशि जमा एवं बारदाना संग्रहण के दिए निर्देश

जशपुर : अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू ने आज खाद्य एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी खाद्य निरीक्षकों को निर्धारित समय-सीमा में खाद्यान्न भंडारण सुनिश्चित करने तथा संबंधित राशि का समय पर जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही धान उपार्जन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए पीडीएस दुकानों से बारदाना संग्रहण करने के भी निर्देश दिए।

अपर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि संदिग्ध राशन कार्डों पर कड़ी और प्रभावी कार्यवाही की जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को ही योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने उज्ज्वला योजना के आवेदन उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से प्राप्त कर उन्हें संबंधित गैस एजेंसियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

धान उपार्जन अवधि को देखते हुए उन्होंने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को सभी उपार्जन केंद्रों का सतत निरीक्षण एवं निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाना अनिवार्य है। बैठक में जिला खाद्य अधिकारी आशीष कुमार चतुर्वेदी, सहकारिता विभाग के अधिकारी, खाद्य निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts