नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुसौर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई.
अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 315/2025 धारा 137(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर शुरू की गई जांच, विवेचना के उपरांत विस्तारित की गई धारा 64(2), 87, बीएनएस एवं 4 पॉक्सो एक्ट.
रायगढ़ : रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के गुम होने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी हरीशंकर पाव उर्फ बबलू को गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर जानकारी व लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर जूटमिल क्षेत्र से आरोपी को पकड़ा गया, जबकि नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएँ पूरी की गईं। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएँ भी बढ़ाई गईं।
पुसौर थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के गुम होने की सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत रिमांड पर भेज दिया। घटना के अनुसार 24 नवंबर को बालिका के पिता ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 नवंबर की रात उसकी नाबालिग बेटी बिना बताए घर से लापता हो गई है। परिजनों द्वारा आसपास तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 315/2025 धारा 137(2) BNS के तहत अपराध कायम कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक रामकिंकर यादव ने परिजनों से पूछताछ की तो संदेह हरीशंकर पाव पर गया, जो घटना के बाद से घर पर नहीं था। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर उसकी लोकेशन का पता लगाया, जिस पर जानकारी मिली कि संदेही जूटमिल क्षेत्र में देखा गया है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश देकर संदेही को पकड़ा और उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया। पुलिस ने बालिका का बयान, दस्तयाबी एवं मेडिकल परीक्षण की प्रक्रियाएं पूरी की। आरोपी युवक द्वारा बालिका को विवाह करूंगा कह कर जबरन शारीरिक संबंध बनाया। पीडिता के कथनानुसार प्रकरण में धारा 64(2), 87, बीएनएस एवं 4 पॉक्सो एक्ट विस्तारित की गई है।
गंभीर अपराध को देखते हुए आरोपी हरीशंकर पाव उर्फ बबलू (आयु 22 वर्ष), पिता सीताराम पाव, निवासी नवापाली थाना पुसौर को आज गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। संवेदनशील अपराध की विवेचना कार्यवाही में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक रामकिंकर यादव, सहायक उपनिरीक्षक मनमोहन बैरागी, सहायक उपनिरीक्षक सरस्वती महापात्रे (महिला थाना), प्रधान आरक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता, आरक्षक कीर्तन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
