कुनकुरी: मकर संक्रांति पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बगीया निवास में किया समदर्शी न्यूज़ वेब पोर्टल के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन, की मीडिया के सकारात्मक भूमिका की सराहना.

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मीडिया समाज का दर्पण होता है और समदर्शी न्यूज़ ने अपने निष्पक्ष, सकारात्मक और जनहितकारी समाचारों के माध्यम से एक विश्वसनीय पहचान बनाई है। उन्होंने लगातार चार वर्षों से वार्षिक कैलेंडर के नियमित प्रकाशन को टीम की प्रतिबद्धता और सतत प्रयासों का परिणाम बताते हुए विशेष रूप से प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने कैलेंडर में शासकीय अवकाशों, हिंदी तिथियों एवं सांस्कृतिक महत्व के दिनों के समावेश को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि यह आमजन, शासकीय कर्मचारियों और ग्रामीण अंचल के लोगों के लिए भी बेहद सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने समदर्शी न्यूज़ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई कि यह पोर्टल आगे भी समाज के हर वर्ग की आवाज बनकर कार्य करता रहेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने उपस्थित ग्रामीणजनों को स्वयं कैलेंडर वितरित कर उनसे संवाद भी किया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के सरल, सहज और आत्मीय व्यवहार की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

कैलेंडर विमोचन कार्यक्रम में समदर्शी न्यूज़ के मुख्य संपादक विष्णु नारायण जोशी, संपादक सागर जोशी, राजेन्द्र पाण्डेय सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे। कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास, सीईओ जिला पंचायत जशपुर अभिषेक कुमार, एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह सहित ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

समदर्शी न्यूज़ के संपादक मंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन और प्रोत्साहन टीम को और अधिक जिम्मेदारी एवं ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। यह आयोजन न केवल मीडिया और शासन के सकारात्मक संवाद का उदाहरण बना, बल्कि मकर संक्रांति जैसे पावन पर्व पर सामाजिक समरसता और जनसरोकार की भावना को भी सशक्त करता नजर आया।

Related posts