जशपुर में बड़ा खुलासा : पीडीएस में सरकारी बारदानों की हेराफेरी, गोदाम तक नहीं पहुंचे हजारों बोरे, पुलिस ने किया बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी समेत खरीददार सलाखों के पीछे,

मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 08 सितंबर 2025 को प्रार्थी अजय कुमार ठाकुर उम्र 47 वर्ष, जिला विपणन अधिकारी, छग राज्य सहकारी विपणन संघ मर्या. जशपुर, जिला जशपुर (छ.ग.) ने थाना कांसाबेल में लिखित आवेदन-पत्र पेश कर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वर्ष 2022-23 में शासकीय उचित मूल्य दुकानों से पीडीएस बारदानों के संकलन हेतु अन्य के साथ आरोपी रिजवान अली उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम देवेल्ला मानपुर, जिला सूरजपुर छग को भी अनुबंध के आधार पर पीडीएस बारदानों (बोरियों) के परिवहन हेतु आदेश जारी किया गया था। आरोपी रिजवान अली के द्वारा पीडीएस बारदानों के संकलन के दौरान विकास खंड कांसाबेल के उचित मूल्य की दुकानों से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उपयोग, बारदानों को संकलन कर, गबन करते हुए अनियमितता किए जाने की शिकायत प्राप्त होने पर् उक्त मामले में कलेक्टर जशपुर के द्वारा जांच कमेटी गठित कर जांच कराई गई थी। जांच के दौरान कमेटी ने पाया कि आरोपी रिजवान अली के द्वारा कुल 33 हजार 5 सौ 80 नग बारदानों को जिनकी कीमत 25/- रुपये प्रति नग के हिसाब से 8 लाख 39 हजार 500/- रुपये होती है, को संकलन कर, विपणन संघ कुनकुरी के गोदाम में न पहुंचा कर, शासकीय संपत्ति का गबन किया गया है।

विवेचना के दौरान जशपुर जिले के पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के द्वारा विशेष पुलिस टीम गठित कर, आरोपियों की धर-पकड़ हेतु सूरजपुर व अंबिकापुर रवाना किया गया था। इस दौरान जशपुर पुलिस की टीम के द्वारा सूरजपुर से आरोपी रिजवान अली को हिरासत में लेकर वापस लाया गया, साथ ही बारदानों के खरीददार सुधीर साहू को भी अंबिकापुर से हिरासत में लेकर वापस लाया गया।

पुलिस की पूछताछ पर आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिक-अप वाहन क्रमांक MP 65-GA -0244 व 4000 नग बारदानों को भी जप्त किया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है व पुलिस के द्वारा शेष बारदानों की भी बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।

Related posts