कोरबा में एचपीवी टीकाकरण से स्वास्थ्य सुरक्षा की मजबूत पहल: रेलवे स्वास्थ्य शिविर में किशोरियों को मिला सर्वाइकल कैंसर से बचाव का कवच, विशेषज्ञों ने दी अहम सलाह

बिलासपुर : महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है ।

इसी क्रम में आज दिनाँक 11 अप्रैल 2026 को मंडल के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा रेलवे स्वास्थ्य इकाई, कोरबा में 09 से 15 वर्ष से कम आयु की किशोर कन्याओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, एचपीवी टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।। इस स्वास्थ्य शिविर आयोजन का उद्देश्य महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम के दौरान कुल 31 बालिकाओं को एचपीवी का टीकाकरण किया गया, जो सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही स्वास्थ्य शिविर में कुल 63 रेलवे हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर हेल्थ टॉक आयोजित की गई, जिसमें मासिक धर्म स्वच्छता, संतुलित पोषण, नियमित शारीरिक गतिविधियों तथा डिजिटल एक्सपोज़र के प्रभावों पर विस्तृत एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। इस शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य जांचें भी की गईं, जिनमें हीमोग्लोबिन जांच, सिकल सेल परीक्षण, लीवर फंक्शन टेस्ट सहित अन्य आवश्यक परीक्षण शामिल रहे।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शेख सिराजुद्दीन, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शांति पूर्ति, डॉ. नीतू एस कुमार (एडीएमओ/कोरबा) एवं डॉ. अजीत ठोकल (शिशु रोग विशेषज्ञ/एनकेएच कोरबा) ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कर स्वास्थ्य परामर्श दिए।

Related posts