सोशल मीडिया से सड़क सुरक्षा का बड़ा संदेश : एक रील ने दिलाया सम्मान और इनाम ! जशपुर पुलिस की प्रतियोगिता में युवाओं ने मचाया धमाल, विजेताओं को नकद पुरस्कार, हेलमेट और पेट्रोल देकर किया गया सम्मानित.

डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा हेलमेट एवं सीट बेल्ट जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, इसके अंतर्गत रील मेकिंग एवं सेल्फी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में जिले भर से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सड़क सुरक्षा संबंधी संदेशों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता के विजेताओं को आज पुलिस कार्यालय जशपुर में डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डाॅ. लाल उमेद सिंह द्वारा आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विजेताओं को नगद पुरस्कार राशि, हेलमेट, प्रमाण-पत्र एवं 03 लीटर पेट्रोल प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की गई तथा भविष्य में भी सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में रील मेकिंग प्रतियोगिता में करबला रोड जशपुर निवासी श्रीमती श्रीदेवी सोनी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹2001/- नगद पुरस्कार एवं हेलमेट प्राप्त किया। खजांची टोली जशपुर निवासी श्री विकास कुमार द्वितीय स्थान पर रहे, जिन्हें ₹1001/- नगद पुरस्कार एवं हेलमेट प्रदान किया गया। वहीं बागबहार निवासी श्री किशन कुमार चैहान ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ₹501/- नगद पुरस्कार एवं हेलमेट प्राप्त किया। इसी प्रकार बेस्ट सेल्फी प्रतियोगिता में थाना पत्थलगांव के पुलिस परिवार से जुड़े श्री नारायण कुमार वैष्णव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्हें ₹1001/- नगद पुरस्कार एवं हेलमेट देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर द्वारा सभी विजेताओं से सड़क सुरक्षा के प्रति उनके अनुभव, विचार एवं सुझाव भी साझा कराए गए। विजेताओं ने बताया कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जन-हानि को काफी हद तक यातायात नियमों का पालन कर रोका जा सकता है। साथ ही उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करते हुए सड़क सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

Related posts