रायगढ़ में कबाड़ माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा : 20 टन स्क्रैप से भरा ट्रक पकड़ा, चोरी का माल खपाने की थी तैयारी ? बिना दस्तावेज 20 टन लोहे का स्क्रैप लेकर जा रहा ट्रक पुलिस के हत्थे चढ़ा, की गई वैधानिक कार्रवाई.

संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर अवैध कबाड़ के परिवहन एवं संग्रहण के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में दिनांक 08 जून 2026 को थाना पुसौर पुलिस द्वारा अवैध कबाड़ परिवहन की सूचना पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप जब्त किया गया।

थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि सरिया-सारंगढ़ की ओर से ट्रक क्रमांक ओडी 05 वाई 1490 में अवैध लोहे का स्क्रैप लोड कर रायगढ़ की ओर परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सूरजगढ़ पुल के पहले घेराबंदी कर उक्त ट्रक को रोककर जांच की।

वाहन चालक रामा विश्कर्मा पिता स्व. राजाराम विश्कर्मा, उम्र 38 वर्ष, निवासी नुआसाही वार्ड क्रमांक-12, थाना करंजिया, जिला मयूरभंज (ओडिशा) से पूछताछ करने पर उसने ट्रक में 20 टन 700 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप होना बताया। पुलिस द्वारा स्क्रैप के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने नोटिस दिया गया, किन्तु चालक कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका जिससे चोरी की संपत्ति होने के संदेह में चालक एवं जप्त सामग्री को थाना लाकर धारा 35(1)(बी)(ii) बी.एन.एस.एस.आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

इस प्रकरण की कार्रवाई के दौरान ट्रक क्रमांक ओडी 05 वाई 1490 में लोड 20 टन 700 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत 1,22,000/- रुपये तथा 12 चक्का ट्रक, जिसकी अनुमानित कीमत 8,00,000/- रुपये है, को जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।

Related posts