‘विश्वास, विकास और जनकल्याण’ अभियान को गति: मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जशपुर में तीन दिवसीय विशेष शिविर, पंजीयन से लेकर समस्याओं के त्वरित समाधान तक मिलेगी सुविधा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 3 दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का आयोजन

18 से 20 जून तक जनपद कार्यालय जशपुर में आयोजित होगा शिविर

केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लिए नए पंजीयन, त्रुटि सुधार एवं समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण

जशपुर : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की समस्त जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 18 जून से 20 जून 2026 तक जनपद कार्यालय जशपुर में वृहद पंजीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा।

 शिविर में तहसील जशपुर एवं तहसील मनोरा क्षेत्र के समस्त ग्रामवासी शामिल होकर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। शिविर का संचालन प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 3:00 बजे तक किया जाएगा। शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत नए पंजीयन, त्रुटि सुधार, पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण तथा योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर के दौरान प्रमुख रूप से आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पंजीयन एवं सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

Related posts