विधानसभा में सौहार्द का संदेश: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का किया अभिनंदन

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के षष्ठम विधानसभा के मानसून सत्र के शुभारंभ के अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से विधानसभा परिसर में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया तथा मानसून सत्र के सफल, गरिमापूर्ण और सार्थक संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।

सौजन्य भेंट के दौरान प्रदेश के समसामयिक विषयों, विधानसभा की कार्यवाही तथा मानसून सत्र को सुचारु रूप से संचालित किए जाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाए रखने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीर एवं रचनात्मक चर्चा की आवश्यकता पर बल दिया।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र राज्य के अनेक महत्वपूर्ण विधायी और जनहित के विषयों पर चर्चा के लिए अहम माना जा रहा है। सत्र के दौरान सरकार विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर सदन में जवाब देगी, जबकि विपक्ष भी जनसरोकार के विषयों को प्रमुखता से उठाएगा। ऐसे में मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष की यह सौजन्य मुलाकात लोकतांत्रिक मर्यादाओं, आपसी सम्मान और स्वस्थ संसदीय परंपराओं का सकारात्मक संदेश देने वाली मानी जा रही है।

Related posts