वज्रपात से एक युवक की मृत्यु, जशपुर पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
जशपुर : जिले में वर्षा के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की एक दुखद घटना में एक युवक की मृत्यु हो गई। घटना 19 जुलाई 2026 को लगभग शाम 4:30 बजे किनकेल घाट के समीप खुले मैदान में हुई।
मृतक गौरव खलखो (25 वर्ष), निवासी ग्राम भुरसा, थाना कुनकुरी अपने साथियों के साथ कार से पिकनिक मनाने देशदेखा क्षेत्र गए थे। अचानक तेज गर्जना, बिजली चमकने एवं हल्की बारिश शुरू होने के बाद बारिश कम होने पर सभी साथी फोटो खिंचवाने के लिए खुले मैदान में उतर गए। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से गौरव खलखो उसकी चपेट में आ गया और बेहोश हो गया। साथियों द्वारा तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल जशपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर थाना जशपुर द्वारा मर्ग कायम कर वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की गई है। प्रारंभिक जांच में मृत्यु का कारण आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आना पाया गया है।
जशपुर पुलिस की आम जनता से अपील –
जशपुर जिला वनांचल एवं पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण वर्षा ऋतु में आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। विगत वर्षों में वज्रपात से जनहानि एवं पशुहानि की घटनाएं सामने आई हैं। इसे देखते जिले के पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने जिले के समस्त नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
पुलिस कप्तान ने कहा है कि मौसम खराब होने, बादलों की तेज गर्जना, बिजली चमकने एवं वर्षा के दौरान लोग खुले मैदान, खेत, पहाड़ी क्षेत्र, जंगल तथा ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। ऐसी स्थिति में अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में चले जाएं।
नागरिक बिजली के खंभों, हाईटेंशन तारों, मोबाइल टावरों, जलाशयों, नदियों एवं तालाबों के आसपास जाने से बचें। ग्रामीण एवं वन क्षेत्रों में रहने वाले लोग मौसम विभाग की चेतावनियों पर विशेष ध्यान दें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
जशपुर पुलिस सभी नागरिकों से अनुरोध करती है कि वज्रपात संबंधी किसी भी चेतावनी को गंभीरता से लें तथा सुरक्षा उपायों का पालन करें। आपकी सतर्कता एवं सावधानी ही आपके जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।
“सावधानी ही सुरक्षा है। मौसम खराब होने पर सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और जीवन की रक्षा करें।”
