कलेक्टर रोहित व्यास ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की
निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन करते हुए कार्य पूर्ण करने दिए निर्देश
समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान, लापरवाही बरतने पर होगी सख्त कार्रवाई
जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभाग द्वारा संचालित समस्त निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग के जशपुर एवं पत्थलगांव संभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन भवनों, सड़कों, खेल अधोसंरचना सहित अन्य विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग संभाग जशपुर के प्रभारी कार्यपालन अभियंता श्री टी. एन. सिंह, संभाग पत्थलगांव के कार्यपालन अभियंता श्री मोचन कश्यप मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री व्यास ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का पूर्णतः पालन करते हुए पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग एवं सतत निरीक्षण सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे और समय पर उनका क्रियान्वयन हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण स्थलों का नियमित फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सतत निगरानी से कार्यों में गति आएगी, गुणवत्ता सुनिश्चित होगी तथा तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं का समय रहते निराकरण किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब पर कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर श्री व्यास ने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों एवं स्वीकृत डिज़ाइन के अनुरूप पूर्ण करें, ताकि आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ अधोसंरचना का लाभ समय पर मिल सके।
