खुड़िया रानी धार्मिक स्थल में स्वच्छता श्रमदान का आयोजन, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
जशपुर : स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद पंचायत बगीचा की ग्राम पंचायत छिछली (र) के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खुड़िया रानी मंदिर परिसर में आज प्रातः 07:00 बजे से 11:00 बजे तक व्यापक स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूक बनाना था।
स्वच्छता श्रमदान में जनपद पंचायत बगीचा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, ग्राम पंचायत छिछली (र) के सरपंच, सचिव एवं पंचायत कर्मियों, आसपास के ग्राम पंचायतों के सरपंचों, ग्रामीणजनों, युवाओं एवं महिला समूहों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत द्वारा गंगा समूह को स्वच्छता किट प्रदान की गई तथा समूह के सदस्यों से मंदिर परिसर की नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया गया। समूह ने परिसर को सदैव स्वच्छ रखने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम की सफलता में वन विभाग की टीम एवं स्थानीय सामाजिक संगठन सफल प्रयास सेवा समिति का विशेष सहयोग एवं योगदान सराहनीय रहा। सभी प्रतिभागियों ने श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता का संदेश देते हुए आमजन से भी अपने धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सतत जनआंदोलन है। ऐसे सामूहिक श्रमदान कार्यक्रमों से समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा धार्मिक स्थलों की गरिमा और पवित्रता भी बनी रहती है।
