यातायात पुलिस के आरक्षक संदीप कुमार साहू की सतर्कता से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, वाहन मालिक को मिली राहत.
ई-चालान डिवाइस से बिना नंबर वाहन का चेचिस नंबर से मालिक का किया गया पता.
रायपुर : रायपुर यातायात पुलिस की सतर्कता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मुस्तैदी और तकनीक का सही उपयोग अपराध पर भारी पड़ सकता है। पचपेड़ी नाका में ड्यूटी के दौरान बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध मोटरसाइकिल पर आरक्षक संदीप कुमार साहू की पैनी नजर पड़ी। ई-चालान डिवाइस से चेसिस नंबर के आधार पर जांच करते हुए चोरी की बाइक का पता लगाया गया, जिससे वाहन उसके असली मालिक तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू हो सकी।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अधिकारी एवं कर्मचारी यातायात व्यवस्था के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सहायता के लिए भी निरंतर सजग एवं सक्रिय रहते हैं। इसी क्रम में पचपेड़ी नाका यातायात पुलिस के आरक्षक संदीप कुमार साहू की सूझबूझ एवं सतर्कता से एक चोरी की मोटरसाइकिल का पता लगाकर उसे संबंधित थाना के माध्यम से उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।
ड्यूटी के दौरान आरक्षक संदीप कुमार साहू को डूमतराई सब्जी मंडी के समीप सड़क किनारे एक बिना नंबर प्लेट की लावारिस मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दी। वाहन संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्होंने तत्परता दिखाते हुए मोटरसाइकिल के चेसिस एवं इंजन नंबर का तकनीकी माध्यम से सत्यापन किया। जांच में वाहन का पंजीयन एवं स्वामी का विवरण प्राप्त हुआ।
इसके पश्चात आरक्षक संदीप कुमार साहू ने वाहन स्वामी से संपर्क किया, जिसमें जानकारी मिली कि उक्त मोटरसाइकिल 27 जुलाई 2026 की रात्रि को चोरी हो गई थी तथा इस संबंध में 28 जुलाई 2026 को थाना टिकरापारा में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार वाहन पैशन प्रो (मॉडल 2019) थी, जिसे अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया था।
तथ्यों के सत्यापन उपरांत आरक्षक संदीप कुमार साहू ने तत्काल वाहन को थाना टिकरापारा की पेट्रोलिंग टीम के सुपुर्द किया, जिससे वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए मोटरसाइकिल उसके वास्तविक मालिक को सुपुर्द किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही से वाहन स्वामी को अपनी चोरी हुई मोटरसाइकिल वापस मिलने की आशा जगी तथा पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर नागरिकों से अपील करती है कि यदि कहीं भी कोई लावारिस अथवा संदिग्ध वाहन दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा यातायात पुलिस को दें, जिससे चोरी के वाहनों की शीघ्र बरामदगी एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
