जशपुर के हजारों पंजीकृत श्रमिकों के लिए बड़ी खबर! ई-केवाईसी से पहले रिकॉर्ड सुधारने का आखिरी मौका, 30 सितंबर तक लगेंगे विशेष शिविर

जशपुर : छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग अंतर्गत छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत श्रमिकों के हितों की सुरक्षा, अभिलेखों में पारदर्शिता बढ़ाने तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से आधार आधारित ई-केवाईसी प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।ई-केवाईसी से पूर्व पंजीकृत श्रमिकों के पंजीयन कार्ड में दर्ज जानकारी को आधार कार्ड में उपलब्ध विवरण के अनुरूप अद्यतन एवं संशोधित करने के लिए जिले के सभी विकासखंडों में 02 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

 इस अभियान के तहत जिले के सभी पंजीकृत श्रमिकों को मूल आधार कार्ड के साथ संबंधित शिविर स्थल अथवा निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर में उपस्थित होना होगा। सीएससी संचालक द्वारा श्रमिक की पहचान का सत्यापन कर पोर्टल के ‘रजिस्ट्रेशन अपडेशन मॉड्यूल’ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सत्यापन के उपरांत श्रमिक के पंजीयन रिकॉर्ड में आधार कार्ड के प्रमाणित विवरण के अनुरूप आवश्यक संशोधन किया जाएगा। इस दौरान श्रमिक के हिंदी एवं अंग्रेजी में नाम, जन्मतिथि, लिंग तथा मोबाइल नंबर जैसे महत्वपूर्ण विवरणों को अद्यतन किया जाएगा। इससे श्रमिकों का डाटाबेस अधिक सटीक एवं अद्यतन होगा और भविष्य में ई-केवाईसी तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में होने वाली संभावित परेशानियों से बचा जा सकेगा।

 संशोधन आवेदन के लिए आधार कार्ड की स्पष्ट प्रति, श्रमिक का सहमति पत्र, ई-साइन तथा मोबाइल ओटीपी प्रमाणीकरण अनिवार्य होगा। लाभार्थी की वास्तविक पहचान सुनिश्चित करने के लिए आवेदन प्रक्रिया के दौरान श्रमिक की लाइव फोटो भी कैप्चर की जाएगी। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद श्रमिक को एक विशिष्ट आवेदन क्रमांक (एप्लीकेशन नंबर) प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। श्रम विभाग ने जिले के सभी पंजीकृत श्रमिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि 30 सितंबर 2026 के भीतर अपने पंजीयन रिकॉर्ड का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन अवश्य करा लें, ताकि आगामी ई-केवाईसी प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए श्रमिक जिला श्रम कार्यालय, जनपद पंचायतों में संचालित श्रम संसाधन केंद्र, निकटतम चॉइस सेंटर अथवा लोक सेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

Related posts