छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान के तहत कला भवन में कार्यक्रम, 200 से अधिक नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की दी गई जानकारी
15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत कला भवन, भिलाई नगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में चैंबर ऑफ कॉमर्स के 50 से अधिक सदस्य तथा 10 से अधिक सामाजिक फाउंडेशनों से जुड़े लगभग 200 नागरिक एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से साइबर ठगी के सामान्य तरीकों को प्रस्तुत कर नागरिकों को सतर्क रहने तथा डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, थाना प्रभारी भिलाई नगर सहित पुलिस एवं विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा दिनांक 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत दुर्ग पुलिस द्वारा विभिन्न सामाजिक, व्यावसायिक एवं शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 08.09.2026 को कला भवन, भिलाई नगर में चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं मुद्रा फाउंडेशन के सहयोग से साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
दुर्ग : दुर्ग पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आम नागरिकों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 08.09.2026 को कला भवन, भिलाई नगर में चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं मुद्रा फाउंडेशन के सहयोग से साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान का हिस्सा था। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को ऑनलाइन ठगी के बदलते तरीकों की जानकारी देना, डिजिटल लेन-देन के दौरान आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना तथा साइबर अपराध घटित होने की स्थिति में तत्काल शिकायत करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में चैंबर ऑफ कॉमर्स के 50 से अधिक सदस्य तथा 10 से अधिक विभिन्न सामाजिक फाउंडेशनों से जुड़े लगभग 200 नागरिक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में व्यापारिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की सहभागिता के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों को आम बोलचाल की भाषा में प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से अनजान व्यक्तियों के फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी KYC अपडेट, OTP एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने, ऑनलाइन भुगतान तथा अन्य डिजिटल माध्यमों से होने वाली ठगी से बचने के संबंध में नागरिकों को जागरूक किया गया।
साथ ही नागरिकों को समझाया गया कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने अथवा जल्दबाजी में ऑनलाइन भुगतान करने से बचना आवश्यक है। साइबर ठगी होने की स्थिति में बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थिति
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(शहर) शोभराज अग्रवाल, उप निरीक्षक डॉ संकल्प राय ,थाना प्रभारी भिलाई नगर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा सामाजिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र से मुद्रा फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती टीना सातपुते,अजय भसीन, महामंत्री चैंबर ऑफ कॉमर्स; ए.के. बंचोर, ऑफिसर एसोसिएशन; परमिंदर सिंह, पूर्व महासचिव ऑफिसर एसोसिएशन, BSP; गार्गी शंकर मिश्रा, अध्यक्ष चैंबर ऑफ कॉमर्स, भिलाई; कन्हैया सोनी, विशेष सलाहकार, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स; अनिल कुमार जायसवाल, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, रीजनल ऑफिस रायपुर सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में साइबर क्राइम दुर्ग से उप निरीक्षक संकल्प राय द्वारा साइबर अपराधों से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं बचाव के उपायों के संबंध में उपस्थित नागरिकों को जागरूक किया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि डिजिटल लेन-देन के दौरान सदैव सतर्क रहें। OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV, बैंक पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, अज्ञात एप्लीकेशन डाउनलोड करने तथा लालच अथवा भय उत्पन्न करने वाले संदेशों पर तत्काल प्रतिक्रिया देने से बचें।
किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर समय गंवाए बिना 1930 पर शिकायत करें। समय पर की गई शिकायत से ठगी की राशि को रोकने अथवा वापस कराने की संभावना बढ़ सकती है। साइबर अपराध की रोकथाम के लिए नागरिकों की सतर्कता एवं पुलिस को समय पर सूचना देना महत्वपूर्ण है।
दुर्ग पुलिस नागरिकों की साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे अभियान एवं कार्यक्रम लगातार आयोजित कर रही है।
