वर्षों से अधूरी सड़क का अब होगा कायाकल्प, पत्थलगांव-कुनकुरी राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण शुरू; 125 करोड़ की परियोजना से बदलेगी आवागमन की तस्वीर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष प्रयासों से पत्थलगांव-कुनकुरी राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण शुरू

125 करोड़ की लागत से पूरा होगा लगभग 64 किलोमीटर अधूरा एनएच

जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष प्रयासों से जिले में पत्थलगांव से कुनकुरी के बीच लंबे समय से अधूरे पड़े राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य को अब गति मिली है। करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 64 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 24 माह की समय-सीमा निर्धारित की गई है। जानकारी के अनुसार पत्थलगांव-कुनकुरी राष्ट्रीय राजमार्ग की अधूरी परियोजना को पूरा करने के लिए वर्ष 2015 में जारी पूर्व निविदा को निरस्त कर नए सिरे से निविदा प्रक्रिया पूरी की गई। नई निविदा प्रक्रिया के तहत मेसर्स विनोद जैन कंस्ट्रक्शन कंपनी को सड़क निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कंपनी ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।

लंबे समय से अधूरे पड़े इस सड़क मार्ग का निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों में भी खुशी है। सड़क के पूर्ण होने से आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्र में परिवहन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री ने उठाया था सड़क का मुद्दा

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने पदभार ग्रहण करने के बाद से ही जिले में अधूरी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। इसी क्रम में उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पत्थलगांव-कुनकुरी मार्ग के अधूरे कार्य को पूरा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया था। इसके बाद पुरानी निविदा को निरस्त कर नए सिरे से निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई, जिससे अब सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ हो सका है।

जिले में सड़क अधोसंरचना के विकास को मिल रही गति

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में सड़क अधोसंरचना के विकास के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य जारी है। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही भारत माला परियोजना के अंतर्गत सड़क निर्माण का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। इसके अलावा कोतबा-बागबहार, चराईडांड-बतौली तथा पत्थलगांव-धरमजयगढ़ सड़क मार्गों के निर्माण एवं विकास कार्य भी प्रगति पर हैं। मुख्यमंत्री ने जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित मापदंडों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।

Related posts