राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत दक्षिण पूर्ण मध्य रेलवे, मुख्यालय बिलासपुर में स्वरचित हिंदी काव्य पाठ एवं गीत गायन प्रतियोगिता आयोजित
बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोनल कार्यालय में मनाये जा रहे राजभाषा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत आज दिनांक 18 सितंबर, 2026 को रेलवे मुख्यालय तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर (कार्यालय) के सदस्य कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए जोनल रेलवे सभाकक्ष में स्वरचित हिंदी काव्य पाठ एवं गीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया ।
बिजय कुमार, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में निर्णायकों की भूमिका का निर्वाह के.के.पाठक, वरिष्ठ साहित्यकार, बिलासपुर तथा महेश श्रीवास, वरिष्ठ साहित्यकार, बिलासा कला मंच, बिलासपुर ने किया । इस अवसर पर रेलवे, मुख्यालय, बिलासपुर तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर (कार्यालय) से आए प्रतिभागियों ने अपनी स्वरचित हिंदी कविताओं का पाठ किया और सुमधुर गीतों की प्रस्तुति दी ।
अपने संबोधन में निर्णायक, वरिष्ठ साहित्यकार एवं गज़लकार, के.के.पाठक ने सभी प्रतिभागियों की रचनाओं की सराहना करते हुए कहा कि अच्छा साहित्य समाज को प्रभावित करता है और उसे सही दिशा देने का कार्य करता है । उन्होंने कहा कि सरकारी कामकाज के साथ ही आम बोलचाल में भी हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग से हिंदी का व्यापक प्रचार-प्रसार हो रहा है। वर्तमान में भारत के हिंदीतर भाषी राज्यों में भी हिंदी भाषा तेजी से पल्लवित हो रही हैं, इसी प्रकार विदेशों में भी हिंदी भाषा को सम्मान प्राप्त हो रहा है। इस अवसर पर उन्होंने अपनी गज़ल की भी प्रस्तुति दी । दूसरे निर्णायक महेश श्रीवास ने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं का पाठ किया और सभी रचनाओं से सीखने का अवसर प्राप्त हुआ । उन्होंने सभी रचनाकारों से निरंतर काव्य लेखन और प्रस्तुति का अभ्यास करने का सुझाव दिया ताकि उनकी प्रतिभा में और ज्यादा निखार आ सके ।
इस प्रतियोगिता में रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर तथा नगर स्थित केंद्रीय कार्यालयों, निगमों एवं उपक्रमों के कुल 15 आधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया ।
