जशपुर में रंगोली के जरिए साकार हुआ डिजिटल इंडिया का सपना, दीपों से जगमगाया रणजीता स्टेडियम! ई-गवर्नेंस से ‘कनेक्टेड इंडिया’ तक दिखा तकनीक और भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम

रणजीता स्टेडियम में रंगोली के जरिए साकार हुआ डिजिटल इंडिया का विजन

पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने किया रंगोली का अवलोकन, दीप प्रज्वलित कर निभाई सहभागिता

डिजिटल कनेक्टिविटी, ई-गवर्नेंस का दिया संदेश, दीपों से जगमगाई आकर्षक रंगोली

जशपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत आज रणजीता स्टेडियम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के विजन को आकर्षक रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। रंग-बिरंगे रंगों से तैयार की गई इस विशेष रंगोली में डिजिटल तकनीक के माध्यम से देश को सशक्त, आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाने की संकल्पना को कलात्मक ढंग से उकेरा गया। रंगोली ने तकनीकी प्रगति के साथ भारतीय संस्कृति, परंपरा और पर्यावरण संरक्षण के सुंदर समन्वय का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने रणजीता स्टेडियम पहुंचकर रंगोली का अवलोकन किया। उन्होंने रंगोली के चारों ओर दीप प्रज्ज्वलित करने में अपनी सहभागिता निभाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से डिजिटल विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। डिजिटल तकनीक ने आम नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाने के साथ शासन और प्रशासन को भी अधिक पारदर्शी एवं सुलभ बनाया है। इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत भी मौजूद रही।

रंगोली में दिखी डिजिटल भारत की पूरी तस्वीर

रंगोली के मध्य भाग में डिजिटल इंडिया का संदेश प्रमुखता से अंकित किया गया है। इसके ऊपर बनाया गया वाई-फाई का प्रतीक देश में बढ़ती डिजिटल कनेक्टिविटी और इंटरनेट की पहुंच को दर्शाता है। यह प्रतीक बताता है कि आज डिजिटल तकनीक शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, प्रशासन और विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं को नागरिकों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। रंगोली में कंप्यूटर और क्लाउड तकनीक का चित्र डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन जानकारी और आधुनिक तकनीकी संसाधनों का प्रतीक है। वहीं मोबाइल फोन और सरकारी भवन के चित्र के माध्यम से मोबाइल तकनीक तथा ई-गवर्नेंस को दर्शाया गया है। इसके माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि तकनीक के जरिए सरकारी सेवाएं अब नागरिकों के और करीब पहुंच रही हैं तथा शासन में पारदर्शिता और सुशासन को मजबूती मिल रही है। रंगोली में हरी पत्तियों और पौधे का चित्र डिजिटल विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की अवधारणा को दर्शाता है। वहीं भारत के मानचित्र को दोनों हाथों से थामे हुए चित्र देश को तकनीक के माध्यम से सशक्त बनाने और प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की भावना को अभिव्यक्त करता है। मानचित्र के भीतर बनाई गई विभिन्न रंगों की डिजिटल लाइनें देश के अलग-अलग हिस्सों को तकनीक के माध्यम से जोड़ने का प्रतीक हैं।

कनेक्टेड इंडिया, स्ट्रॉन्गर इंडिया का संदेश

रंगोली के नीचे लिखा कनेक्टेड इंडिया, स्ट्रॉन्गर इंडिया का संदेश डिजिटल रूप से जुड़े नागरिकों के माध्यम से मजबूत भारत की परिकल्पना को सामने रखता है। वहीं रंगोली के चारों ओर जलते हुए दीप भारतीय संस्कृति, प्रकाश और सकारात्मकता के प्रतीक बने। दीपों के माध्यम से डिजिटल जागरूकता की रोशनी से अज्ञानता और डिजिटल दूरी के अंधकार को दूर कर नए अवसरों की ओर बढ़ने का संदेश दिया गया। रणजीता स्टेडियम में प्रदर्शित रंगोली कला के माध्यम से डिजिटल कनेक्टिविटी, तकनीकी सशक्तिकरण, ई-गवर्नेंस, पर्यावरण संरक्षण, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को एक साथ अभिव्यक्त किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, पार्षद श्री विक्रांत सिंह एवं श्री देवधन नायक, मनोनीत पार्षद श्री रुपेश सोनी, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, श्री भरत सिंह, श्री कृष्ण कुमार राय, श्री ओमप्रकाश सिन्हा, श्री उपेंद्र यादव, श्री गोविंद राम भगत, श्रीमती पिंकी गुप्ता, श्री मुकेश सोनी एवं श्री राहुल गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts