जशपुर के दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर! छात्रवृत्ति पाने का मौका हाथ से न निकल जाए, 30 अक्टूबर तक करें ऑनलाइन आवेदन, जानें जरूरी दस्तावेज और पूरी प्रक्रिया

दिव्यांगजन छात्रवृत्ति के लिए 30 अक्टूबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

जशपुर : समाज कल्याण विभाग जशपुर के उपसंचालक धर्मेन्द्र कुमार साहू ने जानकारी दी है कि जिले में कक्षा पहली से 12वीं तक अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) के माध्यम से छात्रवृत्ति के लिए 30 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले NSP पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना होगा। इसके बाद ‘Apply for Scholarship’ विकल्प के माध्यम से लॉगिन कर आधार सत्यापन करना होगा तथा आवश्यक जानकारी भरकर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। आवेदन के लिए मूल निवास प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, नवीनतम आय प्रमाण पत्र एवं पिछले शैक्षणिक वर्ष की अंकसूची अनिवार्य है।

विद्यालय स्तर पर होगा आवेदनों का सत्यापन

ऑनलाइन आवेदन पूर्ण होने के बाद आवेदन संबंधित विद्यालय की संस्था आईडी में प्राप्त होगा। विद्यालय के प्रधान पाठक अथवा प्राचार्य द्वारा आवेदन का सत्यापन कर उसे समाज कल्याण विभाग, जशपुर को भेजा जाएगा। इसके बाद विभाग द्वारा आवेदन राज्य स्तर पर अग्रेषित किए जाएंगे। निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने पर छात्रवृत्ति की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों के बैंक खाते में जमा की जाएगी। इसके लिए संबंधित विद्यालय अथवा शैक्षणिक संस्था का NSP पोर्टल पर पंजीकृत होना आवश्यक है। समाज कल्याण विभाग ने जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वयं अथवा अपने विद्यालय की सहायता से ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।

यहां करें संपर्क

छात्रवृत्ति आवेदन से संबंधित किसी भी समस्या अथवा जानकारी के लिए विद्यार्थी समाज कल्याण विभाग, जिला जशपुर, जिला पंचायत स्थित कक्ष क्रमांक 20 में संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त मोबाइल नंबर 9144732353 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Related posts