आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों की यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यापारी संघ की समन्वय बैठक आयोजित
डीसीपी सेंट्रल , डीसीपी ट्रैफिक एवं नगर निगम के अधिकारियों द्वारा ली गई बैठक
दुकानों के बाहर सामान रखने पर नियंत्रण, व्यवस्थित पार्किंग, सीसीटीवी कैमरों की जांच एवं सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
बाजारों में पुलिस एवं यातायात पुलिस की पेट्रोलिंग रहेगी जारी
यातायात जाम की सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर 94792-10632 पर करे कॉल
रायपुर : आगामी त्योहारी सीजन के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों में सुगम यातायात, व्यवस्थित पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को पुलिस कमिश्नरेट रायपुर, नगर पालिक निगम रायपुर एवं व्यापारी संघ के पदाधिकारियों के मध्य समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, दुकानों के बाहर अतिक्रमण रोकने, पार्किंग की समस्या दूर करने तथा व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में, डीसीपी मध्य तारकेश्वर पटेल, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा अतिरिक्त डीसीपी मध्य विवेक शुक्ला, अतिरिक्त डीसीपी ट्रैफिक रामकुमार बर्मन, श्रीमती स्नेहिल साहू,अतिरिक्त डीसीपी प्रोटोकॉल पीतांबर पटेल, नगर निगम जोन क्रमांक-4 की कमिश्नर सुश्री दिव्या चंद्रवंशी, नगर निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा, एसीपी कोतवाली तथा यातायात पुलिस से एसीपी रमेश येरेवार, सतीश ठाकुर एवं सुश्री सीमा अहिरवार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में व्यापारी संघ के लगभग 50 पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
1. दुकानों के बाहर निर्धारित सीमा में ही रखें सामान:- बैठक में व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित व्यावसायिक परिसर तक ही सीमित रखें। दुकान के बाहर सड़क एवं फुटपाथ पर सामान फैलाकर रखने से पैदल चलने वाले नागरिकों तथा वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और बाजारों में जाम की स्थिति निर्मित होती है। अतः दुकानों के सामने उपलब्ध सार्वजनिक स्थान को अतिक्रमणमुक्त रखते हुए आवागमन एवं पार्किंग के लिए खाली रखा जाए।
नगर निगम के द्वारा लोकल रोड वेंडर्स के लिए गॉस मेमोरियल ग्राउंड , पुराना नगर निगम ऑफिस , सीरत मैदान , हिन्द स्पोर्ट्स ग्राउंड में दिवाली बाज़ार की व्यवस्था करेगी । नगर निगम टीम द्वारा बाजार क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाएगी । सड़क एवं फुटपाथ पर सामान फैलाकर यातायात बाधित करने अथवा अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी ।
2.दुकानदारों एवं कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग जवाहर बाजार में करें:- बाजारों में पार्किंग की समस्या को देखते हुए व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि उनकी दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों एवं सदस्यों के वाहन जवाहर बाजार में निर्धारित पार्किंग व्यवस्था के अनुसार खड़े किए जाएं। दुकानों के सामने उपलब्ध स्थान को पार्किंग एवं आवागमन के लिए खाली रखा जाए, ताकि ग्राहकों और आम नागरिकों को परेशानी न हो।
साथ ही व्यापारियों को सुझाव दिया गया कि कम से कम चार से पांच दुकानदार आपसी समन्वय से सामूहिक पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इससे बाजार की मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने और यातायात सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।
3.सीसीटीवी कैमरों की जांच करें, सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था रखें:- सुरक्षा के संबंध में डीसीपी मध्य तारकेश्वर पटेल ने व्यापारी वर्ग से अपील की कि वे अपनी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करें तथा सुनिश्चित करें कि सभी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हों। खराब कैमरों को तत्काल ठीक कराया जाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने व्यापारियों को आपसी समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा दुकानों एवं बाजार क्षेत्र की सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी प्रेरित किया।
4.सार्वजनिक स्थान पर ठेले लगवाकर किराया वसूलने पर होगी कार्यवाही:- बैठक में स्पष्ट किया गया कि यदि कोई दुकानदार अपनी दुकान के सामने सार्वजनिक स्थान पर ठेले लगवाकर उनसे किराया वसूलता है और इस संबंध में प्राप्त शिकायत जांच में सही पाई जाती है, तो संबंधित दुकान के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। प्रकरण के तथ्यों एवं लागू नियमों के अनुसार दुकान को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
नगर निगम की टीम बाजार क्षेत्रों में निगरानी रखेगी तथा अतिक्रमण एवं यातायात बाधित करने संबंधी मामलों में नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करेगी।
5.बाजारों में पुलिस एवं यातायात पुलिस की पेट्रोलिंग:- त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए व्यस्ततम बाजार क्षेत्रों में पुलिस एवं यातायात पुलिस की टीमें तैनात रहेंगी। टीमें नियमित पेट्रोलिंग कर यातायात की स्थिति पर नजर रखेंगी तथा जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर आवागमन सुचारू बनाने में सहयोग करेंगी।
6.यातायात जाम की सूचना हेल्पलाइन नंबर 94792-10632 पर दें:- यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों से अपील की है कि शहर के किसी भी बाजार, प्रमुख मार्ग अथवा अन्य क्षेत्र में यातायात जाम की स्थिति निर्मित होने पर यातायात पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94792-10632 पर सूचना दें।
सूचना प्राप्त होने पर यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जाम को दूर करने तथा यातायात को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगी। नागरिकों से अपील है कि वे यातायात संबंधी समस्याओं की सूचना देकर पुलिस को सहयोग प्रदान करें।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की अपील:- सभी व्यापारी दुकानों के बाहर सामान फैलाकर न रखें, अतिक्रमण से बचें, रात्रि 11:00 के बाद एवं सुबह 10:00 बजे के पहले सामानों का लोडिंग और लोडिंग करें , कर्मचारियों के वाहनों की निर्धारित स्थानों पर पार्किंग सुनिश्चित करें तथा सीसीटीवी कैमरों एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें। आम नागरिक भी निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर, नगर निगम एवं व्यापारी संघ के आपसी समन्वय से त्योहारी सीजन में बाजारों में सुगम यातायात, व्यवस्थित पार्किंग एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।
