दीपावली पर पटाखा दुकानों में जरा सी लापरवाही पड़ सकती है भारी! रायपुर पुलिस ने कारोबारियों को दिए सख्त निर्देश, सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य

दीपावली पर्व के मद्देनजर पटाखा व्यवसायियों की बैठक लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने अग्नि सुरक्षा एवं सुरक्षित पटाखा विक्रय को लेकर व्यवसायियों को किया निर्देशित

रायपुर : आज दिनांक 29.10.2026 को सिविल लाइन स्थित सी/04 भवन के सभाकक्ष में आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर पश्चिम क्षेत्र के पटाखा व्यवसायियों एवं ईदगाहभाठा मैदान में पटाखा दुकान लगाने वाले व्यवसायियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) राहुल देव शर्मा के साथ अग्निशमन एवं नगर निगम विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में दीपावली पर्व के दौरान पटाखा दुकानों के सुरक्षित संचालन, अग्नि सुरक्षा, निर्धारित नियमों के पालन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान पटाखा व्यवसायियों को सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए गए, ताकि पर्व के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अप्रिय घटनाओं की आशंका को रोका जा सके।

बैठक में पटाखा व्यवसायियों को दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश-

01. पटाखा दुकानों का संचालन केवल निर्धारित एवं अनुमत स्थानों पर ही किया जाए तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।

02. पटाखों के भंडारण एवं विक्रय के दौरान अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

03. प्रत्येक दुकान में अग्निशमन यंत्र एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखे जाएं, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्यवाही की जा सके।

04. दुकानों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ न रखें तथा आग लगने की आशंका उत्पन्न करने वाली गतिविधियों से बचें।

05. पटाखा दुकानों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखें तथा आवागमन के रास्तों को किसी भी स्थिति में बाधित न करें।

06. निर्धारित सीमा से अधिक पटाखों का भंडारण न करें तथा भंडारण एवं विक्रय से संबंधित सुरक्षा मानकों का पालन करें।

07. पटाखा दुकानों के आसपास धूम्रपान, खुली आग एवं अन्य ज्वलनशील गतिविधियों पर रोक सुनिश्चित करें।

08. किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभाग को दें।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने पटाखा व्यवसायियों को निर्देशित किया कि वे सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें तथा पटाखों के विक्रय एवं भंडारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारीपूर्वक व्यवसाय संचालित करने की अपील की।

बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल, थाना आजाद चौक प्रभारी श्रीमती अर्चना धुरंधर, अग्निशमन कें निरीक्षक लीलेश्वर सिंह एवं नगर निगम विभाग के अधिकारी अन्य पुलिसकर्मी तथा पटाखा व्यवसायी उपस्थित रहे।

Related posts