पहले से ऑटो में बैठकर शिकार की तलाश करते थे दो आरोपी, यात्री की जेब से 21 हजार उड़ाने के लिए रची चालाकी भरी साजिश! खमतराई पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, 17,500 रुपये और वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त

ऑटो में सवारी बनकर यात्री की जेब से 21 हजार रुपये चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

चोरी की रकम 17,500 रुपये एवं वारदात में प्रयुक्त ऑटो जब्त

ऑटो में पहले से सवार दो आरोपियों ने उल्टी करने का बहाना बनाकर यात्री का ध्यान भटकाया और उसकी जेब से 21,000 रुपये चोरी कर लिए थे।

थाना खमतराई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ा।

आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 17,500 रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक CG07 T 2800 जब्त किया गया।

थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1119/2026, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

रायपुर : पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप (रा.पु.से.) के निर्देशानुसार संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों की पतासाजी एवं धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना खमतराई पुलिस द्वारा चोरी के प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

दिनांक 19.10.2026 को प्रार्थी हासीम खान, निवासी गाजीनगर, बीरगांव, रायपुर ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 17.10.2026 को वह अपने निजी कार्य से रायपुर सिटी जाने के लिए गाजीनगर गेट के पास से एक ऑटो में सवार हुआ था। ऑटो में पहले से दो व्यक्ति बैठे हुए थे। ऑटो के व्यास तालाब चौक के पास पहुंचने पर एक व्यक्ति ने उल्टी करने का बहाना बनाकर प्रार्थी का ध्यान भटकाया। इसी दौरान दूसरे व्यक्ति ने प्रार्थी की पैंट की जेब में रखे 21,000 रुपये चोरी कर लिए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1119/2026, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर संदिग्ध ऑटो के संबंध में जानकारी जुटाई तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान दिनांक 29.10.2026 को सूचना मिली कि संदिग्ध ऑटो क्रमांक CG07 T 2800 भनपुरी चौक से टाटीबंध की ओर जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ऑटो को पकड़ा। ऑटो में सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम सोमनाथ शुक्ला एवं हरदीप सिंह बताया।

घटना के संबंध में पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने यात्री की जेब से 21,000 रुपये चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी सोमनाथ शुक्ला के कब्जे से 9,000 रुपये तथा आरोपी हरदीप सिंह के कब्जे से 8,500 रुपये, कुल 17,500 रुपये नगद बरामद किए। साथ ही वारदात में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक CG07 T 2800 भी जब्त किया गया।

प्रकरण में पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी

1. सोमनाथ शुक्ला, पिता धर्म कुमार शुक्ला, उम्र 33 वर्ष, निवासी सलेहपुर, थाना औरैया, जिला मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, दुर्ग मंदिर के पास, थाना सुपेला, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।

2. हरदीप सिंह, पिता स्व. चरणजीत सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी जलेबी चौक, टाटा लाइन, भिलाई पावर हाउस, कैंप-02, थाना छावनी, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।

जब्त मशरूका

1. चोरी की रकम में से बरामद नगद राशि – 17,500 रुपये।

2. घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक CG07 T 2800।

रायपुर कमिश्नरेट द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि सार्वजनिक परिवहन के साधनों में यात्रा करते समय अपने सामान एवं कीमती वस्तुओं के प्रति सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Related posts