जशपुर के दर्जनों गांवों की वर्षों पुरानी परेशानी अब होगी दूर! कपरी नदी पर 4.16 करोड़ से बनेगा वृहद पुल, बरसात में 20 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करने की मजबूरी होगी खत्म।

रानीकोम्बो–चहटपारा मार्ग पर कपरी नाला में 4 करोड़ 16 लाख रुपए की लागत से बनेगा वृहद पुल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को दी बड़ी सौगात, दर्जनों गांवों की बदलेगी आवागमन की तस्वीर

बरसात में 20 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करने की मजबूरी होगी खत्म, बारहमासी आवागमन की मिलेगी सुविधा

जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रानीकोम्बो से चहटपारा मार्ग पर कपरी नदी में 4 करोड़ 16 लाख रुपए की लागत से वृहद पुल निर्माण की स्वीकृति क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात बनकर सामने आई है। लंबे समय से इस पुल की मांग कर रहे ग्रामीणों को अब आवागमन की बड़ी समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी है।

रानीकोम्बो पंचायत के चहटपारा के समीप कपरी नदी पर पुल निर्माण होने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर बरसात के दिनों में नदी में पानी बढ़ने के कारण आवागमन बाधित होने और लोगों को लंबा रास्ता तय करने की मजबूरी से राहत मिलेगी। पुल बनने के बाद इस मार्ग पर बारहमासी आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे ग्रामीणों का सफर अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।

20 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर होगा कम:- वर्तमान में कपरी नाला पर पुल नहीं होने के कारण नारायणपुर, रानीकोम्बो, दाराखरिका, बेने और चटकपुर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को नारायणपुर थाना, वन विभाग एवं अन्य शासकीय कार्यालयों तक पहुंचने के लिए लगभग 20 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है। बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। पुल निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को इस लंबी दूरी से राहत मिलेगी और आवागमन में समय एवं दूरी दोनों की बचत होगी।

कुनकुरी होकर लंबा रास्ता तय करने की मजबूरी होगी खत्म:- इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को बंदरचुंवा, दोकड़ा, बगिया, फरसाबहार और बागबहार जैसे प्रमुख स्थानों तक पहुंचने के लिए कुनकुरी होकर लंबा रास्ता तय करने की मजबूरी से भी राहत मिलेगी। इससे क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आसपास के गांवों के बीच संपर्क पहले से बेहतर होगा।

शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा:- कपरी नदी पर वृहद पुल का निर्माण केवल आवागमन की सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सीधा सकारात्मक प्रभाव ग्रामीणों के जीवन पर पड़ेगा। विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने, मरीजों को अस्पताल तक जाने, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने तथा आम नागरिकों को दैनिक जरूरतों के लिए आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को समय पर स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाएं मिल सकेंगी।

क्षेत्रवासियों ने इस बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करने की दिशा में 4 करोड़ 16 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि कपरी नदी पर वृहद पुल का निर्माण क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। वर्षों से जिस सुविधा का इंतजार था, वह अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रही है,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इस पहल से एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि ग्रामीण अंचलों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए सड़क, पुल-पुलिया और संपर्क सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। कपरी नदी पर बनने वाला यह वृहद पुल दर्जनों गांवों के लिए विकास, सुविधा और बेहतर भविष्य का नया रास्ता खोलेगा।

Related posts