जशपुर को मिलेगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात, 35.53 करोड़ से बन रहे 100 बिस्तरीय अस्पताल का कलेक्टर रोहित व्यास ने किया निरीक्षण।

कलेक्टर रोहित व्यास ने निर्माणाधीन जगदेव राम उरांव कल्याण आश्रम चिकित्सालय का किया निरीक्षण।

निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के दिए निर्देश।

जशपुर : जशपुर जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को नई ऊंचाई देने जा रहे 35.53 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक जगदेव राम उरांव कल्याण आश्रम चिकित्सालय के निर्माण पर प्रशासन की विशेष नजर है। कलेक्टर रोहित व्यास ने निर्माणाधीन अस्पताल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। 100 बिस्तरों वाले इस आधुनिक अस्पताल में आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर, एमआरआई, सीटी स्कैन और डायलिसिस जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

कलेक्टर रोहित व्यास ने गुरुवार को जशपुर नगर में निर्माणाधीन जगदेव राम उरांव कल्याण आश्रम चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण स्थल पर पहुंचकर चल रहे कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अस्पताल के निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप तेज गति से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह चिकित्सालय जिले के लोगों के लिए जीवनरेखा साबित होगा, इसलिए इसके निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इस अत्याधुनिक चिकित्सालय का निर्माण एनटीपीसी लारा के सीएसआर फंड से लगभग 35 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। अस्पताल का भूमिपूजन 7 अप्रैल 2025 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया था।

प्रस्तावित 6 मंजिला भवन में ग्राउंड फ्लोर सहित चार मंजिलों का ढलाई कार्य पूर्ण हो चुका है। अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर में इमरजेंसी सेवाएं, प्रथम तल पर ओपीडी, द्वितीय एवं तृतीय तल पर वार्ड, चतुर्थ तल पर आईसीयू, पंचम तल पर ऑपरेशन थियेटर संचालित होगा।

100 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में 15 ओपीडी, 4 आईसीयू, 4 ऑपरेशन थियेटर, फिजियोथेरेपी, पैथोलॉजी लैब, सीटी स्कैन, डायलिसिस, एक्स-रे, इमरजेंसी वार्ड, एमआरआई, ईसीजी सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस अवसर पर जशपुर एसडीएम ओंकारेश्वर सिंह, गृह निर्माण मंडल के कार्यपालन अभियंता प्रफुल्ल चौरे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts