चम्पा को मिला नवीन धान खरीदी केंद्र, विधायक श्रीमती भगत ने किया शुभारंभ
जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रयासों और किसानों के हित में लिए गए निर्णयों का परिणाम है कि बगीचा विकासखण्ड के ग्राम चम्पा को नवीन धान खरीदी केंद्र की सौगात मिली। गुरुवार को जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने फीता काटकर नवीन धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया।
लंबे समय से क्षेत्र के किसान चम्पा में धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में यह मांग पूरी हुई, जिससे किसानों में अपार हर्ष देखने को मिला।
अब किसानों को धान बिक्री के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। किसानों को अब धान बेचने में परेशान नहीं होना पड़ेगा और उन्हें उनकी उपज का सही दाम अपने ही गांव के पास मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिले और उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो, यही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चम्पा में खरीदी केंद्र खुलने से आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में आनन्द यादव, सुश्री रूपावती, जुगनू यादव, हरिशंकर यादव, बालरूप यादव, सरजू यादव, श्रीमती काजल, बलवन्त गुप्ता, जितेन्द्र ताम्रकार, मनोज भगत, सरपंच अल्का नाग, सरपंच एकम्बा सुखमनिया बाई और इलियास सहित बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और विधायक का आभार व्यक्त किया और नवीन धान खरीदी केंद्र के लिए धन्यवाद दिया।
